The Lallantop

जबलपुर: बेटे को सीने से लगाए रखने वाली मां के आखिरी पल, क्रूज पलटने से ठीक पहले का वीडियो आया

Jabalpur Cruise Accident से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला अपने चार साल के बेटे को आखिरी बार गोद में लिए हुए दिख रही है. वीडियो में यात्री क्रूज के अंदर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, तभी अचानक नाव में पानी भरने लगता है.

Advertisement
post-main-image
जबलपुर क्रूज हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है. (फोटो: ITG)
author-image
रवीश पाल सिंह

मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे के बाद एक तस्वीर सामने आई, जिसे देख हर कोई भावुक हो गया. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक महिला का शव बरामद किया गया, जो अपने चार साल के मृत बेटे को सीने से लगाए हुए थी. दोनों मां-बेटे एक ही लाइफ जैकेट में थे. जल्द ही यह तस्वीर इस त्रासदी का चेहरा बन गई. अब इस हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वही महिला अपने बेटे को आखिरी बार गोद में लिए हुए दिख रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
क्या दिखा वीडियो में?

इंडिया टुडे से जुड़े रवीश पाल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो क्रूज के अंदर से लिया गया है, जिसमें एक महिला अपने बच्चे को सुरक्षित रखने की कोशिश करती हुई दिखाई दे रही है. महिला ने बच्चे को गोद में ले रखा है और ऊपर से लाइफ जैकेट पहनी हुई है.

वीडियो में यात्री क्रूज के अंदर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, तभी अचानक नाव में पानी भरने लगता है. नाव बुरी तरह हिलने लगती है और कुछ ही सेकंड में यात्रियों की हंसी चीख में बदल जाती है. इसके बाद क्रूज के कर्मचारी जल्दबाजी में लाइफ जैकेटों के बंडल खोलते हुए नजर आते हैं. 

Advertisement

सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही 

अमूमन होता ये है कि अगर आप बोटिंग पर जाते हैं तो वहां मौजूद ऑपरेटर्स ये सुनिश्चित करते हैं कि सभी ने लाइफ जैकेट ठीक से पहनी हो. लेकिन यहां ऐसा कुछ भी नहीं था. इससे पहले, सर्वाइवर्स ने भी यही बताया था कि उन्हें पहले से लाइफ जैकेट नहीं पहनाई गई.

जब क्रूज डूबा तो मरीना मैसी और उनके चार साल के बेटे त्रिशान केबिन में फंस गए थे. दबाव इतना था कि दोनों की डूबकर मौत हो गई. 1 मई को रेस्क्यू टीम ने उनका शव बरामद किया. मरीना के पति प्रदीप कुमार भी इस क्रूज पर थे. उनकी जान बच गई है. उन्होंने बताया कि क्रूज पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी. लाइफ जैकेट इधर- उधर बिखरे पड़े थे. बाद में लोगों ने एक दूसरे को पहनाया. 

Advertisement

ये भी पढ़ें: जबलपुर: जैकेट में अंत तक सीने से लगाए रही बेटे को मां, हादसे की इस तस्वीर ने रुला दिया पूरे देश को!

जबलपुर के बरगी बांध में 30 अप्रैल की शाम भीषण आंधी के कारण 40-45 पर्यटकों से भरी नाव पलट गई. इस दुखद हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि कई यात्री अब भी लापता हैं. भारतीय सेना, NDRF और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.

वीडियो: जबलपुर क्रूज हादसे में जीवित बचे यात्रियों ने क्या बताया?

Advertisement