The Lallantop

श्रीलंका अंडर-19 टीम में स्कैंडल, 2 खिलाड़ी बाथरूम वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में गिरफ्तार

अदालत में पेशी के बाद दोनों खिलाड़ियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया. मामले की अगली सुनवाई 25 मई 2026 को अलुथकाडे मजिस्ट्रेट कोर्ट में होगी.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने दोनों खिलाड़ियों को नाराहेनपिटा पुलिस स्टेशन से गिरफ्तार किया. (फोटो- Getty/X)

श्रीलंका की अंडर-19 क्रिकेट टीम में एक गंभीर घटना सामने आई है. टीम के दो प्लेयर्स ने होटल के बाथरूम में महिलाओं और कई अन्य लोगों के वीडियो रिकॉर्ड कर लिए. इस आरोप में दोनों प्लेयर्स को गिरफ्तार कर लिया गया है. ये मामला कोलंबो के नाराहेनपिटा इलाके का है, जहां टीम के खिलाड़ी ट्रेनिंग के लिए रुके हुए थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
दोनों को कोर्ट में पेश किया गया

पुलिस के मुताबिक, होटल में एक मेडिकल कॉन्फ्रेंस चल रही थी. जिसके लिए आई कई महिला डॉक्टर्स ने शिकायत की कि उनके बाथरूम में नहाते वक्त मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किए गए. ESPN की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस जांच में पता चला कि श्रीलंका अंडर-19 टीम के ये दो युवा खिलाड़ी इसमें शामिल थे. सिर्फ महिलाओं ही नहीं, उनके टीम के साथी खिलाड़ियों (मेल खिलाड़ियों) की भी बाथरूम में रिकॉर्डिंग की गई थी.

पुलिस ने दोनों खिलाड़ियों को नाराहेनपिटा पुलिस स्टेशन से गिरफ्तार किया. पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि क्या ये वीडियो ऑनलाइन शेयर या अपलोड किए गए थे? फिलहाल इसकी जांच चल रही है.

Advertisement

अदालत में पेशी के बाद दोनों खिलाड़ियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया. प्रत्येक को 5 लाख श्रीलंकाई रुपये (लगभग 1.5 लाख भारतीय रुपये) देने के बाद जमानत पर छोड़ा गया है. मामले की अगली सुनवाई 25 मई 2026 को अलुथकाडे मजिस्ट्रेट कोर्ट में होगी.

SLC में बड़े बदलाव चल रहे हैं

ये घटना श्रीलंकाई क्रिकेट के लिए बहुत शर्मनाक पल है. इस समय श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड (SLC) में भी बड़े बदलाव चल रहे हैं. बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा और पूरी कार्यकारी समिति इस्तीफा दे चुका है. सरकार की ओर से नई “ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी” बनाई गई है, जिसमें कुमार संगकारा और रोशन महानामा जैसे दिग्गज शामिल हैं. इस कमेटी का काम क्रिकेट में साफ-सुथरा माहौल बनाना और बोर्ड की साख वापस लाना है.

ऐसे में ये स्कैंडल नई कमेटी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. बोर्ड की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या खिलाड़ियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की खबर नहीं आई है. बोर्ड कानूनी प्रक्रिया का इंतजार कर रहा है.

Advertisement

वीडियो: श्रीलंकाई खिलाड़ी नुवान तुषारा अपने बोर्ड से भिड़े, IPL 2026 के लिए पहुंचे कोर्ट

Advertisement