The Lallantop

भारत को पेनल्टी शूटआउट में बेल्जियम ने हराया, हॉकी वर्ल्ड कप में आठवें स्थान पर रही मेंस टीम

FIH Hockey World Cup 2026 में भारत की मेंस टीम ने आठवें स्थान पर फिनिश किया. 28 अगस्त को भारत और बेल्जियम के बीच सातवें और आठवें नंबर के लिए मुकाबला हुआ. इस मैच में बेल्जियम ने भारत को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हरा दिया.

Advertisement
post-main-image
बेल्जियम ने भारत को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराया. (फोटो- Hockey India X)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने आठवें स्थान पर रहते हुए बेल्जियम से पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हार का सामना किया और टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
  • पहले क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह को येलो कार्ड मिला क्योंकि मैदान पर 11 के बजाय 12 खिलाड़ी थे, जिससे टीम को नुकसान उठाना पड़ा।
  • भारत की हार के बाद अब 30 अगस्त को जर्मनी और स्पेन के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा, जिसमें भारत अगली प्रतियोगिता की तैयारी करेगा।

FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में आठवें स्थान पर रहकर भारत का सफर खत्म हो गया. 28 अगस्त को सातवें-आठवें स्थान के मुकाबले में बेल्जियम ने भारत को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हरा दिया. मैच टाइम तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं. लेकिन, बाद में पेनल्टी शूटआउट में बेल्जियम ने बाजी मार ली. बेल्जियम के गोलकीपर विन्सेंट वानश जीत के हीरो रहे. उन्होंने दो शानदार सेव कर भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और अपनी टीम को सातवीं पोजिशन दिलाई.

Advertisement
पहले क्वार्टर में आगे रहा भारत

टीम इंडिया जब बेल्जियम के वावरे (Wavre) में बेलफियस हॉकी एरिना में बेल्जियम के खिलाफ उतरी, तो जीत की उम्मीदें थीं. शुरुआत भी कुछ ऐसी ही रही. भारत ने पहले क्वार्टर में शानदार प्रदर्शन करते हुए छठे मिनट में बेल्जियम का डिफेंस भेद दिया. अभिषेक नैन ने गोल करके टीम इंडिया को 1-0 से आगे कर दिया.

कप्तान हरमनप्रीत को येलो कार्ड

इसके बाद 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह को येलो कार्ड मिला. उन्हें 5 मिनट ग्राउंड से बाहर रहना पड़ा. हॉकी नियमों के मुताबिक, जब ग्राउंड पर 11 से ज्यादा प्लेयर होते हैं, तो कप्तान को येलो कार्ड दिया जाता है. पहले क्वार्टर में भारत से गलती हुई. इस दौरान ग्राउंड पर 11 की जगह 12 प्लेयर मौजूद थे. इस वजह से कप्तान हरमनप्रीत सिंह को येलो कार्ड मिला.

Advertisement

पहले क्वार्टर में एक गोल करने के बाद भारत ने गलतियां कीं, जिससे बेल्जियम को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले. लेकिन, टीम इंडिया ने गोल नहीं होने दिया. वहीं, पहले क्वार्टर में भारत को एक भी पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला.

दूसरे क्वार्टर में बेल्जियम का पलटवार

पहले क्वार्टर में 1-0 से पिछड़ने के बाद, बेल्जियम ने दूसरे क्वावर्टर में जोरदार कमबैक किया. इस दौरान बेल्जियम ने भारतीय डिफेंस को छकाते हुए दो मिनट में दो गोल दाग दिए. 22वें मिनट में बेल्जियम के रोमन डुवेकोट ने गोल किया. फिर, 23वें मिनट में ह्यूगो लाबूशेरे ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके टीम को 2-1 से आगे कर दिया.

हरमनप्रीत ने कराई वापसी

तीसरे क्वार्टर में भारत ने बेल्जियम पर दबाव बनाया. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 31वें मिनट में गोल करके भारत को 2-2 की बराबरी पर ला दिया. इसके बाद दोनों टीमों गोल करने के लिए जूझती रहीं. लेकिन, तीसरा क्वार्टर 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ.

Advertisement

चौथे क्वावर्टर में दोनों टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर हमला बोला. 47वें मिनट में बेल्जियम के निकोलस डी केर्पेल को चांस मिला. उन्होंने गोल करके टीम को 3-2 से आगे कर दिया. बेल्जियम की जीत लगभग पक्की थी. मैच खत्म होने में सिर्फ 20 सेकेंड बचे थे. तभी भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कोई गलती न करते हुए गोल मारकर मैच 3-3 से बराबर कर दिया. इसके बाद, मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंच गया.

ये भी पढ़ें: उधार से खरीदा था पहला बैट, भारत के खिलाफ 3 शतक ठोक छा गए सोनल दिनुशा

पेनल्टी शूटआउट में पिछड़ा भारत

पेनल्टी शूटआउट में टीम इंडिया बेल्जियम से पिछड़ गई. पेनल्टी शूटआउट में भारत के लिए शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह और अभिषेक ने गोल किए. जबकि, हरमनप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह सही निशाना नहीं लगा सके. इस दौरान बेल्जियम के गोलकीपर वानश ने शानदार बचाव किया. उन्होंने दो सेव किए.

बेल्जियम के लिए टॉम बून, ऑर्थर डि स्लूवेल, अलेक्जेंडर हेंडरिक्स और रोमन डुवेकोट ने गोल किए. जबकि, विक्टर फूबर्ट सही निशाना लागने से चूक गए. इस तरह पेनल्टी शूटआउट में बेल्जियम ने भारत को 4-3 से हरा दिया.

FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत और बेल्जियम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप में जहां आठवें स्थान पर रही. वहीं, बेल्जियम ने सातवें नंबर पर फिनिश किया. अब 30 अगस्त को इसी मैदान पर डिफेंडिंग चैंपियन जर्मनी और स्पेन के बीच फाइनल खेला जाएगा.

2023 वर्ल्ड कप में भारत नौंवे स्थान पर था, जबकि बेल्जियम ने फाइनल तक का सफर तय किया था. 2023 फाइनल में बेल्जियम को हराकर जर्मनी वर्ल्ड चैंपियन बना था.

वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया

Advertisement