इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने शुक्रवार, 28 अगस्त को दिल्ली और NCR में कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस यानी CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी है. कंपनी ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच अंतरराष्ट्रीय LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. इसलिए CNG के दाम बढ़ाए गए हैं.
CNG फिर महंगी हुई, होर्मुज संकट का असर जारी, जानें नई कीमत
CNG Price Hike: IGL ने दिल्ली और NCR में सीएनजी के दाम फिर बढ़ा दिए हैं. आज यानी 29 अगस्त की सुबह 6 बजे से दिल्ली में CNG की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. और शहरों के रेट भी जानें.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, नई कीमतें आज यानी 29 अगस्त की सुबह 6 बजे से लागू हो गईं. दिल्ली में सीएनजी का नया रेट 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया.
IGL ने क्यों बढ़ाई कीमत?एक प्रेस रिलीज में IGL ने कहा कि जुलाई से वेस्ट एशिया में तनातनी फिर से शुरू हुई. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से LNG की आवाजाही में रुकावट जारी रही. नतीजतन, जंग शुरू होने से पहले के लेवल की तुलना में ग्लोबल गैस की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं. इसकी भरपाई करने के लिए कंपनी को सीएनजी के दाम में इजाफा करना पड़ा. ईरान जंग शुरू होने के बाद CNG की कीमत पांचवी दफा बढ़ाई गई है.

IGL के मुताबिक, भारत में CNG की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए इनपुट गैस का बड़ा हिस्सा इम्पोर्टेड स्पॉट LNG से पूरा किया जा रहा है. लेकिन होर्मुज बंद होने की वजह से इनपुट गैस के दाम भी बढ़ गए हैं. कंपनी का कहना है कि CNG की डिमांड को पूरा करने के लिए ये बढ़ोतरी ज़रूरी है.
IGL की वेबसाइट के हिसाब से CNG की नई कीमत नोएडा और गाजियाबाद में 95.59 रुपये, गुरुग्राम में 92.01 रुपये और मेरठ 95.47 रुपये है. और भी शहरों के दाम जानने के लिए साइट विज़िट कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में CNG पंप पर रिफिलिंग के दौरान धमाका, 3 कर्मियों की मौत
प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, IGL ने कहा कि भले ही ईरान जंग के बाद से CNG की पांचवी बार कीमत बढ़ी है मगर ये अन्य देशों की तुलना में काफी कम है. बताया गया कि यूरोपियन TTF गैस प्राइस में अब तक 105 फीसदी उछाल देखा गया है. और एशियाई JKM LNG कीमतों में लगभग 113 फीसदी तक दाम बढ़ाए गए हैं. जबकि दिल्ली में ये उछाल केवल 7.8 का ही है.
IGL का नेटवर्क 30,000 किलोमीटर से अधिक पाइपलाइनों में फैला हुआ है और इसमें 1,000 से अधिक सीएनजी स्टेशन शामिल हैं. CNG के दम पर लगभग 21 लाख गाड़ियां चलती हैं. इसके अलावा IGL घरों में भी हाउसहोल्ड गैस सप्लाई करता है जिसे पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कहते हैं.
वीडियो: खर्चा-पानी: केंद्र सरकार पेट्रोल के बाद अब CNG में करेगी ब्लेन्डिंग?










