The Lallantop

प्रज्ञानंद ग्रैंड चेस टूर जीतने वाले पहले भारतीय बने; 6 अंक से पीछे थे, फिर पूरा गेम पलट दिया

Grand Chess Tour 2026: इंडियन ग्रैंडमास्टर Praggnanandhaa शुरुआत में 6 अंंकों से पीछे चल रहे थे. इसके बावजूद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए Fabiano Caruana को 15-13 से हरा दिया.

Advertisement
post-main-image
प्रज्ञानंद ने पूरे 2026 टूर में कुल 4,04,354 डॉलर (लगभग 3.8 करोड़ रुपये) का इनाम जीता. (PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारतीय ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानंद ने 28 अगस्त को अमेरिका के सेंट लुइस में ग्रैंड चेस टूर फाइनल में मौजूदा चैंपियन फैबियानो करूआना को 15-13 से हराकर खिताब जीता।
  • प्रज्ञानंद फाइनल के पहले दिन 6 अंकों से पिछड़ गए थे और क्लासिकल मुकाबलों में 3-9 से हार के बाद रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबलों में जीत दर्ज कर वापसी की।
  • प्रज्ञानंद अब सितंबर में उज्बेकिस्तान में होने वाले चेस ओलंपियाड में भारत की टीम का हिस्सा होंगे और टीम अपने खिताब का बचाव करेगी।

भारतीय ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानंद ने 6 अंकों से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए इतिहास रच दिया. 28 अगस्त को अमेरिका के सेंट लुइस में ग्रैंड चेस टूर फाइनल में उन्होंने मौजूदा चैंपियन फैबियानो करूआना को 15-13 से हराकर खिताब जीता. ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतने वाले प्रज्ञानंद पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए. यह उनका पहला ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स टाइटल है. इस हिस्टोरिकल विन के साथ उन्होंने 2 लाख डॉलर (करीब 1.9 करोड़ रुपये) की इनामी राशि भी जीती.

Advertisement
पिछड़ने के बाद भी जीते

फाइनल के आखिरी दिन आर. प्रज्ञानंद के सामने बड़ी चुनौती थी. क्लासिकल मुकाबलों के बाद वह फैबियानो करूआना से 6 अंक पीछे थे और स्कोर 3-9 था. भारतीय खिलाड़ी ने रैपिड मुकाबलों में लगातार दो जीत दर्ज कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. इसके बाद वह 11-9 से आगे हो गए.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रज्ञानंद ने कहा,

Advertisement

"ईमानदारी से कहूं तो मुझे आज नहीं लगा था कि मेरे पास ज्यादा मौका है. 6 अंकों का अंतर बहुत ज्यादा होता है. आपको लगभग वही करना पड़ता है, जो मैंने किया."

grand chess tour
ग्रैंड चेस टूर का पोस्ट. (X)

उन्होंने आगे कहा,

"यह मुश्किल है. हर दिन आप फैबी (फैबियानो करूआना) के खिलाफ जीत हासिल नहीं कर सकते, लेकिन रैपिड में दो जीत हासिल करना बहुत अहम था. सबसे बड़ी बात, पिछले साल की तुलना में मेरे रैपिड और ब्लिट्ज गेम में काफी सुधार हुआ है. अब यह काफी बेहतर है और इस फॉर्मेट में यह बहुत बड़ा सुधार है."

Advertisement
फाइनल में ऐसे हराया

इंडियन ग्रैंडमास्टर 11-9 से आगे थे. लेकिन, फैबियानो करूआना ने दूसरे ब्लिट्ज मुकाबले में जीत हासिल कर स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया. इससे पहले पहला ब्लिट्ज मुकाबला ड्रॉ रहा था. प्रज्ञानंद ने तीसरे ब्लिट्ज गेम में जीत दर्ज कर फिर बढ़त बना ली.

आखिरी मुकाबले में उन्हें केवल ड्रॉ की जरूरत थी. उन्होंने तीन बार एक ही चाल को दोहराकर जरूरी ड्रॉ हासिल कर लिया. छह मुकाबलों में प्रज्ञानंद ने तीन जीत दर्ज कीं, दो ड्रॉ खेले और एक मैच गंवाया.

प्रज्ञानंद का शानदार 2026

यह खिताब प्रज्ञानंद के 2026 अभियान में एक और बड़ी अचीवमेंट है. उन्होंने इस साल नॉर्वे चेस जीता और मैग्नस कार्लसन को दो बार हराया. इसके बाद उन्होंने सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज का खिताब जीता. उन्होंने सिंकफील्ड कप के चैंपियन वेस्ली सो के बराबर 5.5 पॉइंट हासिल किए, लेकिन दूसरे नंबर पर रहे.

यह भी पढ़ें: Asian Games 1951 : जब एक फुटबॉलर के लिए पीएम नेहरू ने मंगवा लिया था एयरफोर्स का प्लेन!

प्रज्ञानंद सेंट लुइस से 2027 के टूर में पक्की जगह लेकर लौटे. उन्होंने पूरे 2026 टूर में कुल 4,04,354 डॉलर (लगभग 3.8 करोड़ रुपये) का इनाम जीता. प्रज्ञानंद अब सितंबर में होने वाले चेस ओलंपियाड में भारत की टीम का हिस्सा होंगे. टूर्नामेंट 16 से 27 सितंबर तक उज्बेकिस्तान के समरकंद में खेला जाएगा, जहां भारत अपने खिताब का बचाव करेगा.

वीडियो: WTC Final के लिए टीम इंडिया को हर हाल में श्रीलंका से जीतना होगा

Advertisement