The Lallantop

हार्दिक पंड्या को लेकर BCCI चीफ सेलेक्टर ने झूठ बोला था?

हार्दिक ऑलराउंडर या बैटर?

Advertisement
post-main-image
विकेट लेने के बाद साथी खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाते हार्दिक पंड्या ( फोटो क्रेडिट : PTI)
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने बड़ा खुलासा किया है. पंड्या ने बताया कि 2021 T20 विश्वकप में उनका चयन बल्लेबाज के तौर पर हुआ था, न कि ऑलराउंडर के तौर पर. पंड्या के इस बयान का मतलब है कि चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने झूठा बयान दिया था. दरअसल, विश्वकप टीम चुनने के बाद BCCI के चीफ सेलेक्टर चेतन शर्मा ने कहा था कि पंड्या को ऑलराउंडर के तौर पर टीम में चुना गया है. पंड्या पूरी तरह फिट हैं और वह हर मैच में अपने कोटे के चार ओवर डालेंगे. बैकस्टेज विद बोरिया नाम के एक यूट्यूब शो में पंड्या ने कहा,
'विश्वकप में हम जिस स्थिति में थे. मुझे लगा कि सारा दोष मुझ पर ही डाल दिया गया है. स्क्वॉड में मेरा चयन बल्लेबाज के तौर पर हुआ था. मैंने पहले मैच में गेंदबाजी करने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन कर नहीं सका. दूसरे मैच में मैंने उस वक्त गेंदबाजी की, जब नहीं करनी चाहिए थी. मैं ऑलराउंडर के तौर पर खेलना चाहता हूं. अगर कुछ गलत होता है तो नहीं जानता. लेकिन मेरी तैयारी ऑलराउंडर की है. मैं अच्छा और मजबूत महसूस कर रहा हूं. समय बताएगा कि आगे क्या होता है.'
बता दें कि T20I विश्वकप में टीम इंडिया पहले राउंड में ही बाहर हो गई थी. न्यूज़ीलैंड और पाकिस्तान से हारने के बाद टीम इंडिया की उम्मीदें लगभग खत्म हो गयी थी. हार्दिक ने पूरे विश्वकप में सिर्फ चार ओवर की गेंदबाजी की थी. दो ओवर न्यूज़ीलैंड के खिलाफ और दो अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ. गौर हो कि T20I विश्वकप के बाद से हार्दिक लगातार अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं. उन्हें साउथ अफ्रीका दौरे के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिली थी. लेकिन अब हार्दिक वापसी के लिए तैयार हैं. हाल ही में इकॉनमिक टाइम्स को दिए गए इंटरव्यू में हार्दिक ने कहा,
'मेरा लक्ष्य विश्वकप तक फॉर्म हासिल करने का है. मैं पूरी ट्रेनिंग, प्लानिंग, तैयारी वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर कर रहा हूं. मैं देश के लिए विश्वकप जीतना चाहता हूं. यह मुझे वास्तव में खुश और गौरवान्वित करेगा. ये मेरे लिए एक जुनून की तरह है.'
बताते चलें कि हार्दिक लंबे वक्त से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. उन्हें 6 फरवरी से वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज में भी जगह नहीं मिली है. IPL 2022 के लिए हार्दिक को अहमदाबाद फ्रैंचाइज ने अपना कप्तान बनाया है. कयास लगाए जा रहे हैं कि हार्दिक अब IPL में ही वापसी करेंगे.

Advertisement
Advertisement