The Lallantop

हरभजन ने ‘बकलोली’ करने वाले पूर्व पाकिस्तानी बॉलर तनवीर अहमद का मुंह बंद करा दिया

हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद (Tanvir Ahmed) की जमकर क्लास लगाई है. इस दौरान भज्जी ने तनवीर को टुच्चा इंसान बताया.

Advertisement
post-main-image
हरभजन सिंह ने पाकिस्तानी क्रिकेटर तनवीर अहमद को खरी-खोटी सुनाई है. ( फोटो- PTI)

पाकिस्तान (Pakistan) के कुछ पूर्व क्रिकेटर्स, इंडियन प्लेयर्स को टारगेट करते हैं. उनके बारे में उल्टा-सीधा बोलते हैं. इन्हीं में से एक हैं, तनवीर अहमद (Tanvir Ahmed). वही, तनवीर जो पाकिस्तान के लिए सिर्फ 8 मैच खेले हैं. लेकिन, वह बातें ऐसी करते हैं, जैसे उनके पास सैकड़ों मैच खेलने का एक्सपीरिएंस हो. वह सुर्खियों में रहने के लिए अक्सर इंडियन प्लेयर्स के खिलाफ बोलते हैं. कुछ दिन पहले उन्होंने भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह पर निशाना साधा था. यह बात भज्जी को बुरी लगी. उसके बाद हरभजन ने तनवीर अहमद को फटकार लगाई. उन्होंने कहा, वह न 3 में है और न 13 में. उन्हें सिर्फ बकवास करना आता है. इस दौरान उन्होंने तनवीर को टुच्चा इंसान भी बताया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
लानत है तेरे पर

हरभजन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर तनवीर अहमद  की जमकर क्लास लगाई. उन्होंने कहा, 

यह वीडियो एक टुच्चे इंसान के लिए है. जिसने मेरे बारे में कॉमेंट किया है. मुझे उसके बारे में पता नहीं है, कौन है क्या है? मैं देखता हूं कि यह बार-बार कहीं न कहीं ड्रामे करता है. अक्सर कोई न कोई इसकी वीडियो मुझे दिख जाती है. मुझे एक रील किसी मीडिया के बंदे ने भेजी है कि ‘बकरबोल’ ने आपके बारे में बोला है. 

Advertisement

उन्होंने आगे कहा,

पहली बात तो मैं यह पूछना चाहता हूं कि यह कौन है बकरबोल? कोई इसे जानते हो. यह कोई तनवीर अहमद है. जो पाकिस्तान के लिए 3-4 मैच खेला है. यह हरकतें ऐसी करता है जैसे इमरान खान हो, वसीम अकरम हो या फिर वकार यूनिस हो. इतने बड़े-बड़े क्रिकेटर हुए हैं, लेकिन ये किसी को कभी कुछ नहीं बोलते हैं. तेरे जैसे बंदे, जो न तीन में हैं न तेरह में. न प्लेयर में न सपेरे में. न घर में हैं न घिरा में. ऐसे बंदे बकलोली करते हैं आकर. तेरे पर लख दी लानत है.

ये भी पढ़ें: आर्यांश, सोहैब ने कैसे कनाडा के जबड़े से निकाल ली जीत?

Advertisement
तनवीर ने क्या कहा था?

कुछ दिन पहले तनवीर अहमद  ने कहा था कि हरभजन सिंह जहां पाकिस्तानी खिलाड़ियों को देखते हैं, तो उनसे चिपक जाते हैं. उनकी यह बात भज्जी को बुरी लगी थी. उन्होंने वीडियो में आगे कहा, 

ILT20 लीग है, जो दुबई में होती है. बड़ी जबरदस्त लीग है. मैं उसमें ब्रॉडकास्टर के तौर पर काम करता हूं. उस लीग में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत और पाकिस्तान के प्लेयर्स खेलते हैं. इस बार, तो दिनेश कार्तिक वगैरह खेले हैं. ब्रॉडकास्टर का क्या काम होता है? कोई प्लेयर अगर प्लेयर ऑफ द मैच बने तो उससे सवाल पूछना. आजकल इनके एक बड़े अच्छे स्पिनर आए हैं जो रुककर बॉल डालते हैं. उस बंदे ने तीन आउट किए और मैच जिता दिया अपनी टीम को. वह प्लेयर ऑफ द मैच बने. ऐसे में मेरा काम क्या है सवाल पूछना?

हरभजन सिंह ने आगे कहा, 

अब मैं सवाल जवाब कर रहा हूं तो इसके तकलीफ है. अगर वह आता और मैं सवाल जवाब नहीं करता तो इसको और ज्यादा तकलीफ होती. क्योंकि यह पाकिस्तानी है. इससे सवाल जवाब नहीं किया. कोई मुझे बताए प्रजेंटर चाहे रवि शास्त्री हों या नासिर हुसैन. उनका काम क्या होता है? सवाल पूछना न. अगर मैं उसको नहीं पूछता तो यह क्या करता. यह कहता है कि मैं जहां पाकिस्तानी प्लेयर देखता हूं वहां, चिपक जाता हूं.

अगली बार धज्जियां उड़ाऊंगा

इस दौरान हरभजन सिंह काफी गुस्से में दिखे. उन्होंने तनवीर अहमद को लताड़ते हुए कहा, 

ओ बात सुनी मेरी. मुझे पता भी नहीं तू है कौन? तुम्हारे जो अच्छे प्लेयर रहे हैं न वो ऐसा बात नहीं करते हैं. वसीम अकरम किसी के बारे में बात नहीं करते. वकार यूनिस हैं और भी खिलाड़ी हैं जो किसी के बारे में कभी बात नहीं करते. तुम्हारे जैसे लोग, जिन्होंने जिंदगी में कुछ हासिल नहीं किया है.  टुच्चे चैनलों पर बैठकर ये बातें करते हैं. इसीलिए तुम्हें कोई ढंग का ब्रॉडकास्टर नहीं बुलाता कि आओ हमारे साथ काम करो. क्योंकि, आपको बोलने की तमीज नहीं है. आपको किसी को इज्जत देनी आती नहीं. आपका सलीका नहीं है. यह फर्क होता है 5 मैच और 100 मैच खेलने वाले में. तनवीर अहमद थोड़ा अपने आप में झांको. तुम बकवास करना बंद करो. अपने खिलाड़ियों के लिए भी, और हमारे इधर तो झांको ही मत. बस दफा हो जा. दोबारा मेरे मुंह न लगना. बस चुपचाप निकल जा. अब मेरे मुंह न लगना नहीं तो अगली बार तेरी धज्जियां उड़ाऊंगा.

टी20 वर्ल्ड कप में भारत का दबदबा

हरभजन सिंह ने तनवीर अहमद को ऐसे वक्त नसीहत दी है, जब भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मैच खेलने वाले हैं. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा. टी20 वर्ल्ड कप की बात करें, तो पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार है. दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मैच खेले गए हैं, जिनमें  से 6 भारत ने जीते और एक पाकिस्तान ने. जो एक मैच टाई रहा, उसे बॉल आउट में भारत ने जीता था. 

वीडियो: T20 World Cup: सूर्यकुमार यादव की टीम को क्यों याद आ रहे रोहित शर्मा, विराट कोहली?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement