The Lallantop

टीम इंडिया के पाकिस्तान जाने पर क्या बोले अनुराग ठाकुर?

पाकिस्तान में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में खेलेगा भारत?

Advertisement
post-main-image
Anurag Thakur ने Champions Trophy 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम के खेलने पर गेंद भारत सरकार के पाले में डाल दी है (एपी फोटो)
साल 2025 की ICC चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान में होगी. ICC द्वारा यह अनाउंस करते ही सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया. लोग पूछने लगे कि पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी तो हो जाएगी लेकिन खेलेगा कौन? हाल के दिनों में कई देश पाकिस्तान जाने से इनकार कर चुके हैं. और भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान जाना तो दूर, पाकिस्तान के साथ खेल ही नहीं रही. ऐसे में एक बड़ा सवाल यह भी है कि क्या भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी खेलने पाकिस्तान जाएगी? इस मसले पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी बात की है. ठाकुर का कहना है कि इस मसले पर भारत सरकार और गृह मंत्रालय फैसला लेंगे. इससे पहले मंगलवार, 16 नवंबर को ICC ने 2031 तक के लिए ICC ट्रॉफीज का कैलेंडर जारी किया. इस कैलेंडर के मुताबिक साल 2024 से 2031 तक 14 देश अलग-अलग टूर्नामेंट्स आयोजित करेंगे. और इसी कैलेंडर के मुताबिक 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान में होगी. इस मामले पर सवाल किए जाने पर अनुराग ठाकुर ने कहा,
'जब वक्त आएगा तब भारत सरकार और गृह मंत्रालय इस पर फैसला लेंगे. इंटरनेशनल चैंपियनशिप्स के दौरान सारे फैक्टर्स को देखना होगा. यहां तक कि पहले भी कई देश सुरक्षा कारणों के चलते पाकिस्तान में खेलने से मना कर चुके हैं. जैसा कि आपको पता है, वहां खेलने गए कई प्लेयर्स पर हमले भी हो चुके हैं और यह एक बड़ा मसला है.'
बता दें कि ICC के फैसले के बाद अब पाकिस्तान को अपने घर में चैंपियंस ट्रॉफी डिफेंड करनी होगी. आठ टीमों वाले इस 15 मैच के इस टूर्नामेंट का मौजूदा चैंपियन पाकिस्तान ही है. उन्होंने साल 2017 में हुए टूर्नामेंट के आखिरी एडिशन में भारत को 180 रन से हराया था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अधिकार मिलने से बेहद खुश है. इस मसले पर PCB चेयरमैन रमीज़ राजा ने कहा था,
‘मैं ICC द्वारा पाकिस्तान को अपने एलीट टूर्नामेंट का होस्ट चुनने से बेहद खुश हूं. पाकिस्तान को एक बड़ा इवेंट देकर ICC ने हमारे मैनेजमेंट, क्षमताओं और कौशल पर पूरा भरोसा जताया है. हमने लगातार इस बात को दर्शाया है कि हम कितने महान मेजबान हैं. और हम ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के जरिए इस खेल के लिए अपना पैशन और प्यार दिखाएंगे. यह इवेंट लाखों घरेलू फ़ैन्स के लिए एक वरदान की तरह होगा जिन्हें वर्ल्ड क्लास टीमें और अपने पसंदीदा इंटरनेशनल प्लेयर्स को नज़दीक से देखने का मौका मिलेगा.’
बता दें कि पाकिस्तान ने आखिरी बार 1996 में किसी ICC इवेंट की मेजबानी की थी. इस साल के वनडे वर्ल्ड कप को भारत और पाकिस्तान ने मिलकर होस्ट किया था.

Advertisement
Advertisement