The Lallantop

जर्मनी ने जीता हॉकी वर्ल्ड कप फाइनल, खिताबी मुकाबले में स्पेन को हराया

जर्मनी (Germany) ने FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल जीत लिया. खिताबी मुकाबले में उसने स्पेन (Spain) को 1-0 से हराया. यह जर्मनी का चौथा टाइटल है. उसने पाकिस्तान के सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

Advertisement
post-main-image
जर्मनी ने स्पेन को हराकर जीता मेंस हॉकी वर्ल्ड कप फाइनल. (फोटो- AFP)

जर्मनी ने FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप का अपना खिताब बरकरार रखा है. 30 अगस्त को जर्मनी और स्पेन के बीच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेला गया. यह मुकाबला बेल्जियम के वॉवर स्थित बेडफियस हॉकी एरीना में हुआ. आखिरी मिनट तक चले इस रोमांचक मैच में जर्मनी ने स्पेन को 1-0 से हराया. यह जर्मनी का लगातार दूसरा खिताब है. जबकि, हॉकी वर्ल्ड कप इतिहास में जर्मनी ने चौथी बार फाइनल जीता है. इसके साथ ही उसने सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप जीतने वाले पाकिस्तान के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

Advertisement
पहले हाफ में नहीं हुआ गोल

दोनों देशों के बीच फाइनल मुकाबले में रोमांच अपने चरम पर रहा. जर्मनी और स्पेन ने बेहतरीन डिफेंस करके लगातार एक दूसरे के प्रयास को विफल किया. शुरुआत के 15 मिनटों में दोनों टीमों को एक-एक पेनल्टी कॉर्नर मिला. लेकिन, दोनों ही टीमें गोल करने में नाकाम रहीं. मैच की शुरुआत में जर्मनी ने अटैक किया. उसे खेल के दूसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला. लेकिन, बेनेडिक्ट श्वारजाप के शॉट को स्पेन के गोलकीपर ने बचा लिया. इसके बाद, 9वें मिनट में स्पेन को पेनल्टी कॉर्नर मिला. लेकिन, वो भी गोल करने से चूक गई.

इसके बाद, दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. जर्मनी और स्पेन ने गोल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी. दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमें काफी अनुशासित दिखीं. दोनों तरफ से कोई गलती नहीं हुई. दूसरे क्वार्टर में किसी टीम को पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला. इस तरह पहला हाफ बिना गोल के खत्म हुआ.

Advertisement
स्ट्रूथॉफ ने दागा गोल

पहला हाफ गोल रहित समाप्त होने के बाद, दोनों टीमों पर प्रेशर था. तीसरे क्वार्टर में दोनों ने फिर एक दूसरे खिलाफ हमला बोला. इस बीच स्पेन को 39वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला. लेकिन, स्पेन के कप्तान मार्क मिरालेस गोल करने से चूक गए. मैच का पहला गोल 44वें मिनट में आया. इस दौरान जर्मनी के मिशेल स्ट्रूथॉप को मौका मिला. उन्हें दाहिने तरफ से गेंद मिली. इस बीच स्पेन के गोलकीपर बाहर निकल आए. स्ट्रूथॉप के पास समय था उन्होंने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया. उनके इस गोल से जर्मनी 1-0 से आगे हो गया.

इसके बाद, चौथे क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने के लिए जूझती रहीं. जर्मनी की टीम अपनी बढ़त को मजबूत करना चाहती थी. जबकि, स्पेन बराबरी करने का मौका तलाश रहा था. लेकिन, चौथे क्वार्टर में दोनों तरफ से कोई गोल नहीं हुआ. इस तरह जर्मनी ने मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में स्पेन को 1-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया.

ये भी पढ़ें: बाबर की तुलना कोहली से करने वाले ये वीडियो देख लें! आर्चर के एक बाउंसर ने निकाल दी सारी 'क्लास'

Advertisement
जर्मनी ने की पाकिस्तान की बराबरी

यह जर्मनी का चौथा हॉकी वर्ल्ड कप टाइटल है. इस खिताबी जीत के साथ जर्मनी ने पाकिस्तान के सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. पाकिस्तान की मेंस टीम ने भी 4 वर्ल्ड कप जीते हैं. पाकिस्तान ने 1971, 1978, 1983 और 1994 में हॉकी वर्ल्ड कप का फाइनल जीता था. जबकि, जर्मनी की टीम 2002, 2006, 2023 और 2026 में चैंपियन बनी.

स्पेन का सपना अधूरा रहा

स्पेन की मेंस टीम का हॉकी वर्ल्ड कप जीतने का सपना एक बार फिर अधूरा रहा. स्पेनिश टीम 1998 के बाद, पहली बार हॉकी वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी. लेकिन, इस बार भी खिताब जीतने से चूक गई. हॉकी वर्ल्ड कप हिस्ट्री पर नजर डालें, तो अब तक स्पेन की टीम 3 बार फाइनल में पहुंची है. स्पेनिश टीम ने 1971, 1998 और 2026 में फाइनल में जगह बनाई. लेकिन, तीनों बार वह ट्रॉफी जीतने से चूक गई.

वीडियो: श्रीसंत ने गौतम गंभीर को हटाने की सिफारिश क्यों कर दी?

Advertisement