हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में दो आरोपी एनकाउंटर में ढेर हो गए. उत्तर प्रदेश के शामली में कैराना रोड पर यूपी पुलिस और SWAT की आरोपियों के साथ मुठभेड़ हुई. इसमें दो कथित शूटर मारे गए, जिनकी पहचान सुमित और मोहित के तौर पर हुई. अंकित बालियान की 26 अगस्त को उनके गृह जिले शामली में हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं.
अंकित बालियान हत्याकांड में 2 शूटर ढेर, पुलिस एनकाउंटर में मारे गए सुमित और मोहित
Ankit Baliyan Murder: पुलिस जांच में अब तक अंकित बालियान हत्याकांड में कुल छह लोगों की भूमिका सामने आई है. Police Encounter में 2 आरोपी ढेर हो चुके हैं. अन्य आरोपयों की तलाश जारी है.

इंडिया टुडे से जुड़े संतोष शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, 31 अगस्त कैराना रोड पर आरोपियों की यूपी पुलिस और SWAT के साथ मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो आरोपियों की मौत हो गई. पुलिस की जांच में सामने आया कि अंकित बालियान पर हमला करने के लिए कुल चार शूटर पहुंचे थे. इनमें से दो की एनकाउंटर में मौत हो चुकी है.
वहीं, दो अन्य आरोपी वारदात से पहले रेकी करने में शामिल बताए जा रहे हैं. पुलिस जांच में अब तक इस हत्याकांड में कुल छह लोगों की भूमिका सामने आई है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.
शामली के SP नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 31 अगस्त को थाना झिंझाना के SHO वीरेंद्र कसाना अपने थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे. सुबह करीब 4 बजे एक बाइक करनाल साइड से आती हुई दिखी. उसे रोकने की कोशिश की गई. बाइक पर दो अपराधी बैठे थे. वे रुके नहीं और पुलिस पर गोली चला दी. SHO बाल-बाल बच गए. गोली उनकी गाड़ी में लगी.
SP ने आगे बताया कि SHO झिंझाना ने वायरलेस पर दोनों आरोपियों के भागने की सूचना दी. कोतवाली शहर के SHO भी अपने हलके में चेकिंग कर रहे थे. उन्होंने भी दोनों आरोपियों को रोकने की कोशिश की. आरोपियों की फायरिंग चालू कर दी, जिससे पुलिस की गाड़ी को नुकसान पहुंचा.
इसके बाद आरोपी शहर की तरफ मुड़ गए, जहां पुलिस और SWAT की टीम ने उन्हें घेर लिया. SP ने बताया कि घिरने पर आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी. इसमें दो कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
यह भी पढ़ें: सिंगर अंकित बालियान की हत्या के पीछे भोलू सहापूरीया? कौन है ये शख्स?
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी भी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. शामली पुलिस ने बताया कि मृतक सुमित और मोहित पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था. दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे.
26 अगस्त की शाम सिंगर अंकित बालियान जिम से बाहर निकले थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने अचानक उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी. इस हमले में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने उनको अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
वीडियो: सिंगर अंकित बालियान की जिस गाड़ी में हुई हत्या, उसमे क्या मिला?











