The Lallantop

'15 तारीख की सुबह...', टेस्ट सीरीज से पहले कोच गंभीर ने टीम से क्या कहा?

Ind vs SL : टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. गॉल में होने वाले पहले टेस्ट से पहले हेड कोच गौतम गंभीर ने कप्तान शुभमन गिल की युवा ब्रिगेड में जोश भर दिया है.

Advertisement
post-main-image
श्रीलंका के ख‍िलाफ टीम इंडिया को 15 अगस्त से गॉल में पहला टेस्ट मैच खेलना है. (फोटो-PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • टीम इंडिया 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है, जिसे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना गया है।
  • भारतीय टीम ने इस सीरीज से पहले कोलंबो में वॉर्म-अप मैच खेले हैं, और कई नए खिलाड़ी श्रीलंका में पहली बार रेड-बॉल क्रिकेट खेलेंगे, जबकि कुछ मुख्य खिलाड़ी चोटिल हैं।
  • श्रीलंका के दौरे पर टीम इंडिया को जीतने पर अपना स्थान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के टॉप पायदानों में बनाए रखना है, जिसके लिए टीम ने अपनी रणनीति और तैयारी को सुदृढ़ किया है।

टीम इंडिया श्रीलंका के दौरे पर है. कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई वाली युवा टीम को 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की रेस के लिहाज से यह सीरीज बहुत खास है. इसी बीच हेड कोच गौतम गंभीर का एक वीडियो सामने आया है. इसमें वो टीम के भीतर जोश भरते नज़र आए हैं. BCCI की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो में गंभीर प्लेयर्स को पहले टेस्ट के लिए मेंटली और फिजिकली तैयार रहने का अल्टीमेटम दे दिया है.

Advertisement
गंभीर ने टीम को किया मोटिवेट

कोलंबो में टीम मीटिंग के दौरान गंभीर ने खिलाड़ियों से साफ कहा कि श्रीलंका में तैयारी ही रिजल्ट तय करेगी. गंभीर ने कहा,

बॉयज हमें पता है कि हमारे सामने क्या चुनौती है? हम जानते हैं कि हम किस लिए खेल रहे हैं. हम पसीना बहा सकते हैं, अपनी लिमिट्स पुश कर सकते हैं. 15 तारीख की सुबह जब हम मैदान पर उतरें, चाहे हम पहले बैटिंग करें या बॉलिंग, विरोधी टीम के हर सवाल का जवाब देने के लिए हमें पूरी तरह तैयार रहना चाहिए. हमें सुनिश्चित करना है कि हमारी सारी तैयारियां मुकम्मल हों.

Advertisement
टीम में हैं कई फर्स्ट टाइमर्स

श्रीलंका की पिचें हमेशा से स्पिनरों की मददगार रही हैं. हाल के दिनों में क्वालिटी स्पिन के खिलाफ इंडियन बैटर्स को संघर्ष करना पड़ा है. इसलिए टीम कोई कसर नहीं छोड़ रही. टीम इंडिया 7 से 9 अगस्त तक श्रीलंका XI के खिलाफ तीन दिन का वॉर्म-अप मैच भी खेलेगी.

इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहली बार श्रीलंका में रेड-बॉल क्रिकेट खेलेंगे. मौजूदा स्क्वॉड में सिर्फ केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के पास ही श्रीलंका में टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव है. बैटर्स को स्पिन के लिए तैयार करने के लिए चार स्पिनर्स- हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, तनुष कोटियन और विप्रज निगम को नेट बॉलर के तौर पर बुलाया गया है.

ये भी पढ़ें : टीम इंडिया फिट होगी या इंजर्ड? BCCI ने बदल दिए फिटनेस टेस्ट के सारे पैरामीटर

Advertisement

गंभीर ने न्यूकमर्स का किया स्वागत

गंभीर वीडियो में टीम से हाल ही में जुड़े नए प्लेयर्स और कोच का गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने आगे कहा,

बधाई हो सारांश, यहां तक पहुंचने के लिए तुमने बहुत मेहनत की है. जब भी मौका मिले, अपने परिवार और देश का नाम रोशन करना. आकिब, तुम्हारा पिछला सीजन कमाल का रहा. जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी जिताना एक बड़ी उपलब्धि है. बहुत-बहुत बधाई. मैं जॉय (फील्डिंग कोच) का भी स्वागत करता हूं. उन्होंने सालों तक कई टीमों के साथ काम किया है. मुझे यकीन है कि उनका जुनून और कमिटमेंट इस टीम को आगे ले जाएगा.

WTC की रेस मुश्किल

टीम इंडिया के लिए मुश्किल ये है कि कई प्लेयर्स चोटिल हैं. घुटने की चोट से पूरी तरह न उबर पाने के कारण पेसर जसप्रीत बुमराह बाहर हो गए हैं. वहीं, वाशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की वजह से पहला टेस्ट नहीं खेलेंगे. इनके अलावा हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और आकाश दीप भी सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं हैं.

ये दो मैचों की सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 साइकिल का हिस्सा है. भारतीय टीम फिलहाल WTC पॉइंट्स टेबल में 48.150 परसेंट के साथ पांचवें नंबर पर खिसक गई है. वहीं, श्रीलंका 41.67 परसेंट के साथ छठे पायदान पर है. भारत को रैंकिंग में ऊपर चढ़ने और फाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए हर हाल में यह सीरीज जीतनी ही होगी.

वीडियो: कुलदीप यादव ने गौतम गंभीर को क्या चुनौती दे दी?

Advertisement