लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड (Lord's Cricket Ground) को महिला टेस्ट होस्ट करने में 92 साल लग गए. यह वही ग्राउंड हैं, जहां मेंस टेस्ट क्रिकेट के 150 मुकाबले खेले गए हैं. लेकिन, महिला टेस्ट के आयोजन पर लॉर्ड्स ने दिलचस्पी नहीं दिखाई. इस बीच दुनिया के कई ग्राउंड्स पर महिला टेस्ट मैचों का आयोजन होता रहा. लेकिन, ‘होम ऑफ क्रिकेट’ विमेंस टेस्ट होस्ट नहीं कर सका.
लॉर्ड्स में पहला महिला टेस्ट! कभी वॉशरुम तक नहीं था, महिला क्रिकेट के अपमान से सम्मान की पूरी कहानी
लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड (Lord's Cricket Ground) पर पहली बार महिला टेस्ट (Women Test) का आयोजन हुआ है. यह मैच भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच खेला जा रहा है. लॉर्ड्स को पहला विमेंस टेस्ट होस्ट करने में 92 साल लग गए. विमेंस इतिहास का पहला टेस्ट 28 दिसंबर 1934 को ब्रिस्बेन में खेला गया था.


लेकिन, 92 साल बाद समय का पहिया घूमा. 10 जुलाई 2026 का दिन लॉर्ड्स के इतिहास में दर्ज हो गया. ये वो दिन है जब लॉर्ड्स पर पहली बार विमेंस टेस्ट शुरू हुआ. यह मैच भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच खेला जा रहा है.
लॉर्ड्स पर महिला टेस्ट मैच के आयोजन पर बात करने से पहले, थोड़ा पीछे ले चलते हैं. आज लॉर्ड्स पर भले सबसे ज्यादा 150 टेस्ट खेले जा चुके हैं. होम ऑफ क्रिकेट भले 231 इंटरनेशनल मैचों की मेजबानी कर चुका है. लेकिन, एक वक्त ऐसा था, जब लॉर्ड्स पर महिला क्रिकेटर्स के लिए सेपरेट वॉशरूम भी नहीं था. इसके कारण विमेंस क्रिकेटर्स को एक मैच के दौरान मेंस वॉशरूम का इस्तेमाल करना पड़ा.
विमेंस ODI की हिस्ट्री पर नजर डालें, तो पहला मैच 20 जून 1973 को लंदन ने Kew Green Ground पर होना था. लेकिन, बारिश की वजह से इस मैच में टॉस तक नहीं हुआ. यह मैच जमैका विमेंस और न्यूजीलैंड विमेंस के बीच होना था. लेकिन, बारिश और खराब मौसम के चलते मैच रद्द हो गया.
23 जुलाई 1973 को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच बौर्नेमौथ (Bournemouth) में मुकाबला हुआ. यह महिला ODI इतिहास का पहला मैच था. इस पहले ODI को ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से जीता.
इसके बाद, करीब तीन साल तक 22 विमेंस ODI अलग-अलग मैदानों पर खेले गए. लेकिन, लॉर्ड्स पर महिला ODI मैच का आयोजन नहीं हुआ.
द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉर्ड्स पर पहला विमेंस ODI मैच 50 साल पहले, 4 अगस्त 1976 को हुआ. यह मुकाबला इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच खेला गया. मैच को इंग्लैंड ने 8 विकेट से जीता. यही वो मैच था, जब महिला क्रिकेटर्स को मेंस वॉशरूम का इस्तेमाल करना पड़ा.
उस घटना को याद करके इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर मेगन लियर (Megan Lear) कहती हैं,
मुझे याद है मैं लॉर्ड्स पर चेंजिंग रूम के पीछे टॉयलेट में गई थी, वहां मेंस यूरिनल्स में पौधों के गमले रखे थे. यूरिनल्स में इन गमलों को देखकर रेचल हेहो फ्लिंट ने कहा था कि यह ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा.
यूरिनल्स में गमले रखने की वजह साफ थी. देखरेख करने वालों का कहना था कि गमले इसलिए रखे गए थे, जिससे विमेंस क्रिकेटर मेंस यूरिनल्स का इस्तेमाल न कर पाएं. पूरे मैच के दौरान विमेंस क्रिकेटर ने मेंस वॉशरूम का इस्तेमाल किया था. उन दिनों लॉर्ड्स पर महिला क्रिकेटर्स के लिए सेपरेट वॉशरूम नहीं होता था.
ये भी पढ़ें: 'ट्रांजिशन' का बहाना या एक्सपोज़ हो गई टीम इंडिया? गंभीर और श्रेयस के राज में ये क्या हो रहा है!
मेंस यूरिनल्स में पौधों के गमले रखने की बात बताने वाली, मेगन लियर इंग्लैंड की पूर्व क्रिकेटर हैं. मेगन खुद उस मैच में इंग्लैंड की टीम से खेली थीं. हाल ही में लॉर्ड्स पर पहले विमेंस टेस्ट मैच से पहले, उन महिला क्रिकेटर्स को इनवाइट किया गया था. जो, 50 साल पहले 4 अगस्त 1976 को लॉर्ड्स पर खेले गए पहले विमेंस ODI का हिस्सा थीं.
92 साल से खेला जा रहा महिला टेस्ट क्रिकेटइतिहास खंगालने पर पता चलता है कि महिला टेस्ट क्रिकेट 92 सालों से खेला जा रहा है. पहला विमेंस टेस्ट 28 दिसंबर 1934 को ब्रिस्बेन के एग्जीबिशन ग्राउंड पर खेला गया था. पहले टेस्ट को इंग्लैंड की महिला टीम ने 9 विकेट से जीता था.
बीते 9 दशक से ज्यादा समय में महिला टेस्ट मैच सिडनी, मेलबर्न, क्राइस्टचर्च, लीड्स, द ओवल, एडिलेड और ब्रिस्बेन के ग्राउंड्स पर खेले गए. लेकिन, इस दौरान लॉर्ड्स पर महिला टेस्ट मैच नहीं हुए. बता दें, लॉर्ड्स पर मेंस टेस्ट मैच 21 जुलाई 1884 से खेले जा रहे हैं.
लेकिन, लॉर्ड्स पर पहला महिला टेस्ट होने में 92 साल लग गए. इस दौरान दुनिया के अलग-अलग ग्राउंड्स पर 152 टेस्ट खेले जा चुके थे. भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच लॉर्ड्स पर खेला जा रहा टेस्ट ओवर ऑल 153वां महिला टेस्ट है.
लॉर्ड्स पर टेस्ट खेलने से पहले, इंग्लैंड की टीम ने अपने ही घर में 55 टेस्ट 19 ग्राउंड्स पर खेले थे. लॉर्ड्स इंग्लिश विमेंस टीम का 20वां टेस्ट वेन्यू है. इग्लैंड की महिला टीम अब तक सबसे ज्यादा 102 टेस्ट खेल चुकी है. भारतीय महिला टीम के खिलाफ वह अपना 103वां टेस्ट खेल रही है. टीम इंडिया का यह 43वां टेस्ट है.
एक समय ऐसा भी था, जब महिला टीम के लिए इस वेन्यू पर एक टॉयलेट भी नहीं था. अब 50 साल बाद यहां जब पहला टेस्ट मैच हो रहा है तो 4 दिन के इस मुकाबले के लिए 30 हजार से ज़्यादा दर्शकों ने टिकट लिए हैं. ये सिर्फ एक टेस्ट मैच नहीं है. ये महिला क्रिकेट का अपमान से सम्मान तक का सफर भी है.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: श्रीसंत ने सचिन-सौरव के मजेदार किस्से सुनाए, भज्जी-गंभीर विवाद पर खुलकर बोले











