The Lallantop

भोपाल में दिल्ली के 8 लोग एक साथ किडनैप, दोस्त की एक कॉल ने बचा लिया

भोपाल के एयरोसिटी इलाके में पैसों के विवाद के चलते दो लड़कियों समेत 8 लोगों को कथित तौर पर अगवा कर मारपीट की गई और रिहाई के बदले 10 लाख रुपये मांगे गए.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भोपाल के गांधीनगर थाना इलाके में 8 लोगों को जबरन अगवा कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
  • पीड़ितों और मुख्य आरोपी के बीच 2 लाख रुपये को लेकर विवाद हुआ था, जिसे अपहरण तथा फिरौती की वारदात का कारण माना जा रहा है।
  • दिल्ली में मौजूद पीड़ितों के एक दोस्त ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने सभी आठ पीड़ितों को सुरक्षित बरामद किया और जांच शुरू की।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पैसों का विवाद अपहरण और फिरौती की वारदात की वजह बन गया. भोपाल के गांधीनगर थाना इलाके के एयरोसिटी में रहने वाली दो लड़कियों समेत 8 लोगों को कथित तौर पर घर में घुसकर पीटा गया. इसके बाद उन्हें जबरन गाड़ियों में बैठाकर अगवा कर लिया गया. आरोप है कि अपहरण के दौरान भी पीड़ितों के साथ मारपीट की गई और उन्हें छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई. 

Advertisement

पूरे घटनाक्रम में दिल्ली में मौजूद एक दोस्त की सतर्कता अहम साबित हुई. उसकी सूचना पर भोपाल पुलिस हरकत में आई और सभी 8 पीड़ितों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है.

इंडिया टुडे से जुड़े धर्मेंद्र साहू की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि सभी पीड़ित मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले हैं. भोपाल के एक होटल में साथ काम करते हैं. वो गांधी नगर क्षेत्र के एयरोसिटी में रह रहे थे. मुख्य आरोपी का पीड़ितों से 2 लाख रुपये को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को वारदात की वजह माना जा रहा है. बताया गया कि आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़ितों के घर पहुंचा. वहां पहले उनके साथ मारपीट की. फिर उन्हें जबरन दो गाड़ियों में बैठाकर अपने साथ ले गया.

Advertisement
रास्ते में भी करते रहे मारपीट

पीड़ितों को अगवा करने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर गाड़ी के अंदर भी उनके साथ मारपीट की. इसके बाद रिहाई के बदले 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाया. इस दौरान पीड़ितों ने दिल्ली में मौजूद अपने एक दोस्त से संपर्क किया और आरोपियों के खाते में रुपये ट्रांसफर करने की बात कही. बातचीत सुनकर दोस्त को शक हुआ कि मामला सामान्य पैसों के लेन-देन का नहीं, बल्कि किसी गंभीर अपराध से जुड़ा हो सकता है. उसने देर किए बिना डायल-112 पर भोपाल पुलिस को सूचना दे दी.

ये भी पढ़ेंः 'तुम्हारा ख्याल रखूंगी' सुना, सब बेचकर 2000 किमी दूर मिलने चला गया, पता चला महिला नहीं AI था

फोन कॉल से ऐक्टिव हुई पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और पीड़ितों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस की कार्रवाई के दौरान सभी 8 युवक-युवतियों को सकुशल बरामद कर लिया गया. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, वारदात का मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने एक गाड़ी भी जब्त की है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.

Advertisement

एसीपी शशांक जैन ने बताया कि गांधीनगर क्षेत्र में अपहरण का मामला आया था. आरोपियों ने 8 लोगों को बंधक बनाकर गाड़ी में घुमाया था और उनके साथ मारपीट की थी. पुलिस को एफआरबी पर सूचना मिली थी. इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक गाड़ी समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. 

पुलिस पैसों के विवाद से लेकर अपहरण और फिरौती की मांग तक पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. फिलहाल इस मामले में दिल्ली में बैठे दोस्त की सतर्कता निर्णायक साबित हुई. इसकी सूचना से समय रहते पुलिस तक बात पहुंची और आठों लोगों को सुरक्षित बचाया जा सका.

वीडियो: पंजाब के संगरूर में मनरेगा मजदूरों को कुचला, आरोपी के बारे में क्या पता चला?

Advertisement