The Lallantop

मुंबई ने मौके नहीं दिए तो मिजोरम से जुड़े, नाबाद 400 रन बनाकर 78 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला

मिजोरम के बल्लेबाज चिन्मय सुतार 400 रन बनाकर नाबाद रहे. नागालैंड के खिलाफ अपनी इस ऐतिहासिक पारी में उन्होंने 517 गेंदों का सामना किया. इस पारी में उन्होंने 46 चौके और सात छक्के लगाए.

Advertisement
post-main-image
चिन्मय सुतार ने रणजी ट्रॉफी में ऐतिहासिक पारी खेली. (Courtsey- Chinmay Sutar Instagram)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • मिजोरम के चिन्मय सुतार ने रणजी ट्रॉफी 2026 में नागालैंड के खिलाफ 400 रन की नाबाद पारी खेली और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बने।
  • चिन्मय सुतार ने मिजोरम टीम को चुना क्योंकि मुंबई में उन्हें पर्याप्त मौके नहीं मिले थे और इससे पहले वे मुंबई की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी में खेल चुके थे।
  • सुतार की 400 रन की पारी की मदद से मिजोरम ने पहली पारी में 581 रन बनाए, जिससे टीम को मुकाबले में मजबूती मिली और रिकॉर्ड बनाने के बाद उनकी तारीफ बढ़ी।

रणजी ट्रॉफी 2026 में मिजोरम के चिन्मय सुतार ने रिकॉर्ड पारी खेली. उन्होंने नागालैंड के खिलाफ प्लेट ग्रुप के मुकाबले में 400 रन की नाबाद पारी खेली. इसके साथ ही वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए. उनसे पहले भाऊसाहेब बाबासाहेब निंबालकर ने यह कारनामा किया था. उन्होंने 1948-49 में महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए काठियावाड़ के खिलाफ नाबाद 443 रन बनाए थे.

Advertisement
सुतार ने बनाए 400 रन

सुतार ने अपनी पारी में 517 गेंदों का सामना किया और 46 चौके व सात छक्के लगाए. उनकी इस पारी की बदौलत मिजोरम ने पहली पारी में नौ विकेट पर 581 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. जब मिजोरम ने अपना नौवां विकेट गंवाया, तब सुतार 231 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे. इसके बाद आखिरी बल्लेबाज लालरेमपुइया छकछुआक क्रीज पर उतरे. दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी की. इसमें से 169 रन सुतार के बल्ले से आए. लालरेमपुइया 14 रन बनाकर नाबाद रहे.

सुतार कुछ समय पहले ही मिजोरम की टीम से जुड़े हैं. इससे पहले वह मुंबई की ओर से खेलते थे. वह मुंबई के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में भी खेल चुके हैं. हालांकि, टीम में पर्याप्त मौके नहीं मिलने के कारण उन्होंने मिजोरम से जुड़ने का फैसला किया.

Advertisement

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा के नाम है. उन्होंने 1994 में वारविकशर की ओर से खेलते हुए डरहम के खिलाफ नाबाद 501 रन बनाए थे.

यह भी पढ़ें- रमेश पवार बने टीम इंडिया के चीफ सलेक्टर, प्रज्ञान ओझा को भी मिली ये अहम जिम्मेदारी

कर्नाटक बनाम सौराष्ट्र

कर्नाटक की टीम सौराष्ट्र के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंच गई है. मनवंत कुमार की 214 गेंदों में 135 रन की पारी की बदौलत कर्नाटक ने पहली पारी में 342 रन बनाए. इसके जवाब में सौराष्ट्र ने दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 164 रन बना लिए थे. सौराष्ट्र की टीम अब भी 178 रन पीछे है.

Advertisement

मनवंत ने तेज गेंदबाज चेतन सकारिया की गेंद पर चौका लगाकर 147 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. अभिलाष शेट्टी ने भी उनका अच्छा साथ दिया. वह 137 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों ने नौवें विकेट के लिए 146 रन की अहम साझेदारी की. मनवंत को आखिरकार स्पिनर पार्थ भुट ने आउट किया. भुट सौराष्ट्र के सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने पांच विकेट लिए.

उत्तर प्रदेश बनाम गोवा

उत्तर प्रदेश ने गोवा के खिलाफ मजबूत बढ़त हासिल कर ली है. टीम के कप्तान आर्यन जुयाल के नाबाद अर्धशतक की बदौलत उत्तर प्रदेश ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 102 रन बना लिए हैं. इसके साथ ही टीम की कुल बढ़त 140 रन हो गई है.

इससे पहले उत्तर प्रदेश की टीम पहली पारी में 202 रन पर सिमट गई थी. इसके जवाब में उसने गोवा को 164 रन पर समेट दिया. उत्तर प्रदेश ने दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में 38 ओवर में चार विकेट पर 102 रन बनाए. कप्तान आर्यन जुयाल 113 गेंदों में 60 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं.

वीडियो: जामिया मिलिया में छात्र प्रोटेस्ट क्यों कर रहे हैं?

Advertisement