The Lallantop

FIFA WC 2026 : मेसी ने फि‍र 10 मिनट में पलटा खेल! अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार फाइनल में

FIFA World Cup Semifinal 2026 : अर्जेंटीना ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराया. इस दौरान Lionel Messi ने दोनों गोल में असिस्ट किए. पहला गोल Enzo Fernandez ने किया. वहीं, दूसरा गोल Lautaro Martinez ने हेडर से किया.

Advertisement
post-main-image
लियोनल मेसी ने अर्जेंटीना की जीत के दौरान दो असिस्ट किए. (फोटो-Reuters)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • लियोनल मेसी ने FIFA वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 85वें मिनट में असिस्ट और 90+2वें मिनट में क्रॉस देकर अर्जेंटीना को जीत दिलाई।
  • अर्जेंटीना टीम को कई बार पिछड़ने के बाद मेसी के 20 साल पुराने अवतार में वापस आने और महत्वपूर्ण गोल बनाने की वजह से मुकाबला पलट गया।
  • इस जीत के साथ अर्जेंटीना दूसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंच गया है, जहां उसे 19 जुलाई को स्पेन से मुकाबला करना होगा।

लियोनल मेसी. फुटबॉल का जादूगर. FIFA वर्ल्ड कप 2026 में जब-जब अर्जेंटीनी टीम ने समय के पहिये से रेस लगाई है. मेसी ने समय को 20 साल पहले मोड़ दिया है. नंबर 10 से नंबर 19. माने सेंटर फॉरवर्ड से राइट विंगर. 39 साल के मेसी को जैसे वरदान मिला हो. वरदान ये कि 10 मिनट के लिए मेसी 19 साल वाले मेसी बन जाएंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

फिर सामने इजिप्ट हो या इंग्लैंड. मेसी के इस अवतार को रोकना किसी के बस की बात नहीं. 84 मिनट तक इंग्लैंड ने मेसी को पूरी तरह कंट्रोल कर रखा था. मैच उनकी पकड़ में थी. 1-0 की बढ़त थी. अर्जेंटीना बार-बार गोलपोस्ट पर अटैक कर रही थी. गोलकीपर जॉर्डन पिकफर्ड इंग्लिश दीवार बनकर खड़े थे.

पूरे वर्ल्ड कप की लगभग यही तो कहानी रही है. वो पिछड़ते हैं, लगभग हार की मुहाने पर खड़े होते हैं. लेकिन, फिर मेसी 20 साल पुराना अवतार लेते हैं और पूरा मैच पलट देते हैं. 85वें मिनट में भी यही हुआ. मेसी ने राइट फ्लैंक से खाली खड़े एंजो फर्नांडिज को ढूंढा. एंजो ने बॉल को सीधे नेट में पहुंचा दी. इसके बाद 90+2वें मिनट में विनिंग गोल वाला क्रॉस.

Advertisement
मेसी ने कैैसे क्रिएट किया मैजिक? 

आप जितनी बार भी वो मूव देखेंगे. दो ही चीजें नज़र आएंगी. पहला इंग्लैंड की स्ट्रैटजी को मेसी ने पूरी तरह तबाह कर दिया. डबल मार्किंग, जेड स्पेंस का लगातार दबाव बनाना. सब धरा का धरा रह गया. मेसी ने उम्मीद के उलट अपने कमजोर राइट लेग से इतना परफेक्ट क्रॉस दिया. लाउतारो मार्टिनेज को उसे कन्वर्ट करने के लिए सिर्फ सिर ही लगाना था. वो क्रॉस अपने साथ गोल लिखकर आया था.  

वर्ल्ड कप में ये पहली बार नहीं था, जब अर्जेंटीना ने ऐसा जादूई कमबैक किया. इससे पहले, राउंड ऑफ 16 में भी अर्जेंटीनी टीम 78वें मिनट तक इजिप्ट से 2-0 से प‍िछड़ रही थी. फिर आता है 78वें मिनट में मेसी के असिस्ट पर रोमेरो का हेडेड गोल, 86वें मिनट में मेसी का खुद का गोल और अंत में 90+2वें मिनट में लाउतारो मार्टिेनेज के क्रॉस पर एंजो फर्नांड‍िज का विनिंग हेडर वाला गोल.

माराडोना की लेगेसी बचाने का भी था दबाव

अर्जेंटीना जब-जब आउट ऑफ गेम नज़र आई है. मेसी ने उस दरवाजे की कुंजी ढूंढ ही निकाली है. वैसे ये मैच अर्जेंटीना के लिए सिर्फ एक मैच नहीं था. ये दोनों टीमें जब-जब आमने-सामने होती हैं. पूरा इतिहास भी इनके साथ ही चलता है. लेकिन, कमाल की बात ये है कि मेसी और इंग्लैंड 6 वर्ल्ड कप में पहली बार आमने-सामने थे. सवाल यही था कि क्या मेसी लीजेंड डिएगो माराडोना की लेगेसी को बचा पाएंगे.

Advertisement

1986 में माराडोना ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे शानदार और सबसे विवादित गोल इंग्लैंड के ख‍िलाफ ही दागा था. महज 4 मिनट के अंतराल में. तब वो क्वार्टर फाइनल मुकाबला था. अब सेमीफाइनल. मेसी को अक्सर माराडोना से ही तो कंपेयर किया जाता रहा है.

यही कारण है कि इंग्लैंड के ख‍िलाफ गोल कंट्रीब्यूशन और जीत उनके लिए साधारण उपलब्‍ध‍ि नहीं है. माराडोना की तरह वर्ल्ड कप तो उन्होंने उठा लिया है. लेकिन, इंग्लैंड के ख‍िलाफ जीत अब तक 6 वर्ल्ड कप में नहीं आई थी. आती भी कैसे पहली बार अब जो भि‍ड़ रहे थे.

ये भी पढ़ें : इंग्लैंड को हराने के बाद अर्जेंटीना ने ‘माल्विनास’ की याद दिला दी, उसकी कहानी पता है क्या

क्यों इंग्लैंड के ख‍िलाफ पहली बार ही खेले मेसी?

12 नवंबर 2005 को शायद वो इंग्लैंड के ख‍िलाफ खेल लेते. लेकिन, इस इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच में वो रेड कार्ड सस्पेंशन झेल रहे थे. सीनियर इंटरनेशनल डेब्यू पर मेसी ने हंगरी के प्लेयर विल्मोस वैनजैक को कोहनी मार दी थी. इसके कारण उन्हें रेड कार्ड मिल गया था. नतीजा, दो महीने बाद वो इंग्लैंड के ख‍िलाफ नहीं खेल सके थे.

अब उनके करियर के आख‍िरी पड़ाव पर फाइनली मेसी को इंग्लैंड के ख‍िलाफ खेलने का मौका मिल ही गया. इस बार वो खेले भी. गोल में योगदान भी दिया. अपनी लीड‍रश‍िप में टीम को लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में भी पहुंचा दिया. अब 19 जुलाई को टीम स्पेन के ख‍िलाफ फाइनल में उतरेगी.

स्पेन की टीम ने सेमीफाइनल में जिस तरह फ्रांस को एकतरफा अंदाज में हराया. उससे तो यही नज़र आ रहा है कि अर्जेंटीना के लिए ये मुकाबला आसान नहीं होगा. लेकिन, सबसे अहम बात वही है कि स्पेन 39 साल के मेसी को तो रोक सकती है. पर 10 मिनट के लिए जब वो 19 साल के मेसी होंगे तब उन्हें कैसे रोकेंगे?

वीडियो: क्या स्पेन फीफा वर्ल्ड कप 2026 का चैंपियन होगा?

Advertisement