फीफा वर्ल्ड कप की सबसे सफल टीम. 5 बार का चैंपियन ब्राजील. इतिहास के पन्ने पलटेंगे तो ये हर चुनौती को पार पाने वाली टीम के तौर पर ही नज़र आएगी. सेलेकाओ का इंटरनेशनल फुटबॉल में अलग ही दबदबा रहा है. लेकिन, एक अनचाहा रिकॉर्ड ऐसा भी है, जो ये टीम फुटबॉल इतिहास से जरूर मिटाना चाहेगी. ब्राजील अब तक इंटरनेशनल फुटबॉल में नॉर्वे को कभी नहीं हरा सका है.
ब्राजील बदल पाएगा इतिहास? 5 बार का चैंपियन आज तक इस टीम से नहीं जीता!
FIFA World Cup 2026 : 6 जुलाई को राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में ब्राजील का सामना नॉर्वे से होना है. ये मुकाबला कई मायनों में अहम है. 5 बार का चैंपियन ब्राजील इतिहास में अब तक नॉर्वे के खिलाफ एक भी जीत दर्ज नहीं कर सका है.


फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में दोनों टीम एक बार फिर आमने-सामने होगी. ऐसे में ब्राजील इस रिकॉर्ड को जरूर तोड़ना चाहेगी. निश्चित तौर पर ब्राजील इस टूर्नामेंट में बतौर दावेदार उतरा है. लेकिन, इसमें भी कोई दो राय नहीं कि इस जेनरेशन के सबसे बड़े गोल स्कोरर अर्लिंग हालैंड के रहते हुए ये काम इतना आसान नहीं होने वाला है.
अब तक ब्राजील से नहीं हारा नॉर्वेइतिहास की बात करें तो, ब्राजील और नॉर्वे अब तक इंटरनेशनल फुटबॉल में 4 बार आमने-सामने हुए हैं. लेकिन, इनमें से एक भी बार ब्राजील जीत दर्ज नहीं कर पाया है. दो मुकाबले नॉर्वे के नाम रहे हैं. वहीं, दो बार दोनों टीमों ने ड्रॉ खेला है. ब्राजील की टीम जर्मनी, अर्जेंटीना, इटली और जितने भी फुटबॉल के दिग्गज हुए हैं. सबको मात दी है. लेकिन, इस स्कैंडिनैवियन देश के खिलाफ 5 बार के वर्ल्ड चैंपियन को क्या हो जाता है, वो समझ से परे है.
सबसे खास बात ये है कि इस बार नॉर्वे की टीम पहले की टीमों से कहीं ज़्यादा मजबूत है. ये नॉर्वे का गोल्डन जेनरेशन है, जिसका नेतृत्व मार्टिन ओडेगार्ड और अर्लिंग हालैंड कर रहे हैं. वहीं, ब्राजील की टीम भी कम नहीं है. लेकिन, वर्ल्ड कप में हमने पहले भी उलटफेर होते देखे हैं.
इतिहास में कब-कब भिड़ीं दोनों टीमें?ब्राजील और नॉर्वे की राइवलरी नई नहीं है. 1988 से ये राइवलरी चली आ रही है. पहली बार जब 1988 में दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं, तब ओस्लो में ये मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा था. इस मुकाबले में सेलेकाओ को रोमारियो ने बढ़त दिला दी थी. लेकिन, नॉर्वे के जान आगे फ्योर्तोफ्ट ने इक्वालाइजर मारकर मैच को ड्रॉ करा लिया था. 9 साल बाद दोनों टीमें एक बार फिर भिड़ीं. 1998 फीफा वर्ल्ड कप में.
ग्रुप स्टेज में हुई इस भिड़ंत में ब्राजील को नॉर्वे ने 2-1 हरा दिया था. हालांकि, इससे पहले ही ब्राजील क्वालिफाई कर चुकी थी. इस अहम मुकाबले में टीम के कई अहम खिलाड़ी नहीं खेले थे. रोनाल्डो भी इस अहम मैच में नहीं खेले थे. लेकिन, इसके बावजूद बेबेटो ने 78वें मिनट में ब्राजील को बढ़त दिला दी थी. नॉर्वे ने मैच में वापसी करते हुए 83वें मिनट में आए टोरे आंद्रे फ्लो के गोल से बराबरी और ज़ेटिल रेकडाल की 89वें मिनट में आई पेनल्टी पर गोल से राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली थी. ये वर्ल्ड कप में ब्राजील की सबसे चौंकाने वाली हारों में से एक है.
ये भी पढ़ें : 'वियाग्रा' लेकर उतरेगी इंग्लैंड की टीम? मेक्सिको के खिलाफ मैच के लिए चौंकाने वाली रणनीति!
एक साल पहले 1997 में भी नॉर्वे ने ब्राजील को 4-2 से हराया था. इस मुकाबले में पेटर रुडी ने नॉर्वे के लिए पहला गोल दागा था. वहीं, टोरे आंद्रे फ्लो ने दो गोल और एजिल ओस्टेनस्टैड ने एक गोल मारकर टीम को जीत दिलाई थी. इस मुकाबले में ब्राजील की तरफ से डेनिलसन और रोमारियो ने एक-एक गोल किए थे. दोनों टीम अंतिम बार 2006 में इंटरनेशनल फुटबॉल में आमने-सामने हुई थीं.
इस फ्रेंडली मुकाबले में भी नॉर्वे ने 1-1 से ड्रॉ हासिल कर लिया था. 16 अगस्त 2006 को खेले गए इस मैच में मोर्टन गैम्स्ट पेडरसन ने नॉर्वे को 51वें मिनट में बढ़त दिला दी थी. लेकिन, डेनियल कार्वाल्हो ने 62वें मिनट में इक्वालाइजर मारकर ब्राजील को हार से बचा लिया था.
यानी अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड देंखे तो -
1988 (इंटरनेशनल फ्रेंडली): नॉर्वे 1-1 ब्राजील
1997 (इंटरनेशनल फ्रेंडली): नॉर्वे 4-2 ब्राजील
1998 (FIFA वर्ल्ड कप): नॉर्वे 2-1 ब्राजील
2006 (इंटरनेशनल फ्रेंडली): नॉर्वे 1-1 ब्राजील
ओवरऑल रिकॉर्ड : कुल मैच खेले 4 | नॉर्वे जीता 2 | ड्रॉ 2 | ब्राजील जीता 0.
क्या अब इतिहास बदल पाएगा ब्राजील?पहले की नॉर्वेजियन टीम अनुशासित, फिजिकल और वेल ऑर्गेनाइज्ड थी. लेकिन, उनमें स्टार प्लेयर्स नहीं थे. इस बार इस टीम में इन सभी क्वालिटीज के अलावा स्टार पावर भी है. हालैंड की पहचान दुनियाभर के सबसे खतरनाक स्ट्राइकर्स में है. वहीं, मिडफील्ड में ओडेगार्ड दुनिया को बेस्ट प्लेयर्स में शुमार हैं. एंटोनियो नुसा और एलेक्जेंडर सोर्लोथ टीम के अटैक को और मजबूत करते हैं. ये कहना गलत नहीं होगा कि पिछले कुछ दशकों में ये नॉर्वे की सबसे मजबूत टीमों में से एक है.
इस वर्ल्ड कप में भी टीम का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है. वाइकिंग्स ने ग्रुप स्टेज में ईराक को 6-0, सेनेगल को 2-1 से हराया था. वहीं, फ्रांस के खिलाफ उन्हें 4-1 से हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद राउंड ऑफ 32 में उनका सामना आइवरी कोस्ट से हुआ था. इस मुकाबले को भी उन्होंने 2-1 से अपने नाम कर लिया था. इस अहम मुकाबले में हालैंड ने 86वें मिनट में गोलकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी थी.
वहीं, ब्राजील की बात करें, तो टीम इस सीजन में अब तक अजेय है. पहले मुकाबले में मोरक्को से 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद से टीम ने स्कॉटलैंड और हैती को 3-0 से हराया था. इस दौरान विनिसियस जूनियर और रायन ने खूब प्रभावित किया है. ऐसे में ये देखने लायक होगा कि अब नॉर्वे के खिलाफ जब 5 बार की ये चैंपियन टीम उतरती है तो इतिहास को बदलती है या नॉर्वे फिर इतिहास दोहरा देता है.
वीडियो: कौन हैं राउल हिमेनेज, जिनके हेडर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ मेक्सिको जीता?


















