The Lallantop

औरत के हुनर से खुद को सुंदर बनाना चाहता है चांद

एक कविता रोज़ में आज पढ़िए अनुज लुगुन की कविता औरत की प्रतीक्षा में चांद.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
 

उस रात आसमान को एकटक ताकते हुए वह ज़मीन पर अपने बच्चों और पति के साथ लेटी हुई थी उसने देखा आसमान स्थिर, शान्त और सूनेपन से भरा था तब वह कुछ सोचकर अपनी चूडियां, बालियां, बिन्दी और थोड़ा-सा काजल उसके बदन पर टांक आई और आसमान पहले से ज़्यादा सुंदर हो गया,

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रात के आधे पहर जंगल के बीच जब सब कुछ पसर गया था छोटी-छोटी पहाड़ियों की तलहटी में बसे इस गांव से होकर गुज़रती हवाओं को वह अपने बच्चों और पति के लिए तलाश रही थी उसी समय चांद उसके पास चुपके से आया और बोला-

सुनो ! हज़ार साल से ज़्यादा हो गए एक ही तरह से उठते-बैठते, चलते, खाते-पीते और बतियाते हुए तुम्हारा हुनर मुझे नए तरीके से सुंदर और जीवंत करेगा तुम मुझे तराश दो,

Advertisement

वह औरत अपने बच्चों और पति की ओर देख कर बोली- मैं कुछ देर पहले ही पति के साथ खेत में काम कर लौटी हूं और अभी-अभी अपने बच्चों और पति को सुलाई हूं सब सो रहे हैं अब मुझे घर की पहरेदारी करनी है इसलिए जब मैं खाली हो जाऊंगी तब तुम्हारा काम कर दूंगी अभी तुम जाओ और चांद चला गया उस औरत की प्रतीक्षा में,

चांद आज भी उस औरत की प्रतीक्षा में है.


एक कविता रोज़ में कल आपने पढ़ी कविता- रीवा

Advertisement
Advertisement