The Lallantop

न्यूज़ीलैंड-इंग्लैंड मैच में महेंद्र सिंह धोनी क्यों ट्रेंड करने लगे?

ये तो अलग ही माहौल था.

Advertisement
post-main-image
धोनी, मॉर्गन और डैरल मिशल. फोटो: AP/Twitter
ICC T20 विश्वकप 2021 का पहला सेमीफाइनल. न्यूज़ीलैंड vs इंग्लैंड. अबू धाबी के मैदान पर खेले गए इस मैच की शुरुआत से पहले क्रिकेट के कई जानकार इंग्लैंड का पलड़ा भारी बता रहे थे. लेकिन कीवी टीम यानि न्यूज़ीलैंड ने बता दिया कि आखिर क्यों वो टीम गुपचुप तरीके से अपना काम करके निकल जाने में माहिर है. शुरुआत में ही केन विलियमसन ने टॉस जीत लिया. इसके बाद उनके गेंदबाज़ों ने इंग्लैंड को 166 रनों पर रोक दिया. जीत के लिए 167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने पहले तीन ओवर में ही मार्टिन गप्टिल और केन विलियमसन के विकेट गंवा दिए. जिसके बाद डेवन कॉन्वे और डैरिल मिचेल ने न्यूज़ीलैंड की धीरे-धीरे मैच में वापसी कराई. कॉन्वे आउट हुए तो नीशम ने 17वें ओवर में 23 रन बटोरते हुए न्यूज़ीलैंड की जीत को आसान कर दिया. नीशम ने 11 गेंदों पर 27 रन बनाए. और फिर मिचेल ने 47 गेंदों पर 72 रन की पारी खेल बचा हुआ काम पूरा कर लिया. T20 विश्वकप के इस कमाल मैच के बाद ट्वविटर पर बहुत सारी बातें हुईं, आइये आपको बताते हैं कुछ चुनिंदा ट्वीट्स. #SuperOver न्यूज़ीलैंड और इंग्लैंड के बीच जैसे-जैसे मैच क़रीबी होता जा रहा था. कई लोगों ने सुपरओवर से जुड़े ट्वीट्स करने शुरू कर दिए. क्योंकि ICC टूर्नामेंट के फाइनल में जब ये दोनों टीमें आपस में भिड़ी थीं. तो मैच सुपरओवर तक गया था. इतना ही नहीं, जब न्यूज़ीलैंड जीत के क़रीब पहुंच गई तो कई लोगों ने कहा कि इस बार सुपर ओवर में बाउंड्री काउंट रूल हुआ तो न्यूज़ीलैंड ही जीतेगी. वहीं कई लोगों ने न्यूज़ीलैंड की जीत के बाद जिमी नीशम के बिल्कुल शांत स्वभाव रिएक्शन के भी मज़े लेते हुए सुपरओवर ट्वीट किए. लोगों ने कहा कि जिमी नीशम को सुपरओवर याद आ रहा है. #Revenge मैच के बाद ट्विटर पर Revenge शब्द भी बहुत वायरल हुआ. लोगों ने भर-भरकर रिवेंज से जुड़े ट्वीट्स किए. दरअसल ये रिवेंज 2019 विश्वकप फाइनल की उसी हार का बताया गया. जो न्यूज़ीलैंड ने विश्वकप फाइनल सुपरओवर में देखी थी. इसमें लोगों ने बाउंड्री पर बेयरस्टो के कैच वाले सिक्स की बराबरी 2019 फाइनल के बोल्ट वाले कैच वाले सिक्स से कर दी. यानि ये उसका बदला हो गया. #NewZealand न्यूज़ीलैंड-इंग्लैंड मैच में किवी जिस तरह से खेले और शानदार जीत दर्ज की. उसके बाद न्यूज़ीलैंड नाम ट्रेंड करना तो बनता ही था. किवी टीम से जुड़ा ट्रेंड न्यूज़ीलैंड वायरल हुआ. सचिन तेंडुलकर, इरफान पठान समेत कई क्रिकेट फैंस ने न्यूज़ीलैंड को फाइनल में पहुंचने के लिए बधाई दी. कई लोगों ने न्यूज़ीलैंड का ज़िक्र करते हुए ये भी लिखा कि अच्छे लोगों के साथ हर बार बुरा नहीं होता. #Morgan T20 वर्ल्डकप के पूरे कैम्पेन में बेहतरीन क्रिकेट खेल सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद इस तरह की हार के बाद इंग्लिश फै़न्स निराश हैं. सोशल मीडिया पर मॉर्गन भी ट्रेंड किए. कई लोगों ने मज़ाकिया अंदाज़ में मीम्स शेयर करते हुए लिखा कि विलियमसन ने मॉर्गन से कहा होगा, पिछली बार बोला था ना कि ज़्यादा चार लगाने वाला जीतेगा. #Dhoni ऊपर के जितने भी ट्रेंड्स दिखे. वो इंग्लैंड-न्यूज़ीलैंड मैच से जुड़े रहे. लेकिन एक ट्रेंड Dhoni भी वायरल हुआ. दरअसल धोनी के ट्रेंड करने के पीछे दो कारण रहे. पहला तो ये कि मैच के दौरान जब कीवी टीम जीत के करीब पहुंची तो अंग्रेज़ी कॉमेंटेटर ने कहा कि धोनी हमेशा कहते हैं कि आप गेम को जितना डीप ले जा सकते हैं उतना ले जाएं. इससे दबाव हमेशा गेंदबाज़ पर होगा. वहीं दूसरी तरफ Dhoni को लेकर इतने सारे ट्वीट्स को लेकर एक और कारण रहा. धोनी और रोहित समर्थकों के बीच की बहस. कई लोगों ने कहा कि धोनी, रोहित से कम से कम दो फॉर्मेट में बेहतर बल्लेबाज़ हैं. जबकि दूसरा पक्ष कई स्टैट्स के साथ ट्विटर पर कूद आया. जिसके बाद धोनी ट्विटर पर ट्रेंड कर गए. इस तरह से बीती रात ट्विटर पर इन सारे ट्रेंड्स पर लोगों ने जमकर अपने मनोभाव रखे.

Advertisement
Advertisement