कॉमनवेल्थ गेम्स में एक बार फिर पाकिस्तान शर्मसार हो गया. इसलिए नहीं क्योंकि उन्हें केवल एक ही मेडल मिला. बल्कि इसलिए क्योंकि उनका एक खिलाड़ी अपने होटल से ही भाग गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी बॉक्सर कुदरातुल्लाह ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स खत्म होने के बाद कथित तौर पर अपने होटल से भाग गए. लेकिन पाकिस्तान के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है.
CWG 2026 में हारा पाकिस्तानी बॉक्सर होटल से भाग गया
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. उन्हें केवल एक ही मेडल हासिल हुआ. वहीं टीम के एक खिलाड़ी ने अपनी हरकत से पाकिस्तान को और शर्मसार कर दिया.

पाकिस्तान ओलंपिक संघ के करीबी सूत्र ने बताया कि कुदरात को 60 किलोग्राम के वर्ग में हिस्सा लेना था. उन्हें पहले राउंड में जीत मिली. लेकिन राउंड ऑफ 16 का मैच वह हार गए. इस मैच के बाद ही वह होटल से गायब हो गए. रिपोर्ट्स में बताया गया है कि कुदरात का पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास ही है.
यह पहली बार नहीं है जब पीबीएफ गलत कारणों से सुर्खियों में आया हो. पहले भी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के दौरान मुक्केबाजों के विदेश से भागने की कई घटनायें सामने आई हैं.
इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के दौरान ऐसा ही कुछ हुआ था. पाकिस्तान के दो मुक्केबाज सुलेमान बलोच और नजीरूल्लाह खान बर्मिंघम में गायब हो गए थे. उनके पासपोर्ट टीम मैनेजर के ही पास थे. इसके अलावा ओलंपिक क्वालीफायर 2024 में एशियन गोल्ड मेडलिस्ट बॉक्सर जोहेब रशीद ने अपने रूममेट के पैसे और वैल्यूएबल सामान चुरा लिया था और गायब हो गया था.
पाकिस्तान को कॉमनवेल्थ गेम्स में एक ही मेडल मिला. और यह मेडल भी उन्हें बॉक्सिंग में ही मिला. महिला बॉक्सर फातिमा जेहरा ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. अब कुदरात की हरकत के बाद पाकिस्तान ओलंपिक एसोसिएशन पर सवाल उठने लगे हैं. खेल मंत्रालय उनसे और पाकिस्तान बॉक्सिंग फेडरेशन से एथलीट मैनेजमेंट को लेकर सवाल कर रहा है. वह निराश है कि सख्त प्रोटोकॉल के बावजूद ऐसा कैसे हो सकता है.
यह भी पढ़ें- लुसाने डायमंड लीग में उतरेंगे नीरज चोपड़ा, इन जैवलिन थ्रोअर्स से होगी टक्कर
पाकिस्तानी खेल मंत्रालय इसलिए भी निराश है कि जाहरा के अलावा कोई भी खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर सका. पाकिस्तान को सबसे ज्यादा उम्मीदें जैवलिन एथलीट अरशद नदीम से थी. ओलंपिक चैंपियन को गोल्ड का दावेदार माना जा रहा था. हालांकि अरशद का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. वह क्वालिफाइंग राउंड को पार करके फाइनल में पहुंचे. लेकिन फाइनल के टॉप 8 में भी जगह नहीं बना पाए थे.
अरशद इस इवेंट की सबसे बड़ी हेडलाइन रहे. ओलंपिक में 92.97 मीटर का थ्रो करने वाले अरशद कॉमनवेल्थ में 80 मीटर का मार्क भी पार नहीं कर सके. इसी इवेंट में भारत के नीरज चोपड़ा ने सिल्वर और यशवीर सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. वहीं गोल्ड श्रीलंका के रुमेश पथिरागे के नाम रहा.
वीडियो: WTC Final के लिए टीम इंडिया को हर हाल में श्रीलंका से जीतना होगा











