Salman Khan को Blackbuck Poaching Case में जेल जाना पड़ा था. वहां वो कई अन्य कैदियों के साथ एक ही टॉयलेट शेयर करते थे. ऐसे हालातों में इंसान जल्द-से-जल्द बाहर आना चाहेगा. मगर सलमान को जेल छोड़ने का मन नहीं था. उल्टा वो ये चाहते थे कि उन्हें चार-पांच दिन और रखा जाए. ऐसा क्यों था, इसकी वजह उन्होंने खुद बताई है.
जेल से निकलने को तैयार नहीं थे सलमान, बोले- "काश चार-पांच दिन और रुक जाता..."
सलमान बताते हैं कि उन्हें जेल में केवल दाल और पानी पर गुजारा करना पड़ता था.

पिछले दिनों सलमान 'द अलायन्स' शो पर गए थे. वहां उनके छोटे भाई सोहेल खान भी बतौर कंटेस्टेंट जुड़े हैं. बातचीत के दौरान दोनों एक-दूसरे की फिटनेस पर डिस्कस करने लगे. सोहेल ने कहा कि उन्होंने शो के दौरान 12 किलो वजन घटाया है. दूसरी तरफ़, सलमान ने बताया कि उन्होंने SVC63 के लिए 16 किलो वेट कम किया है. यही कारण है कि वो पिछले कुछ समय से काफी स्लिम-ट्रीम नज़र आ रहे हैं.
बात खुली तो सलमान ने अपने जेल वाले एक्सपीरियंस का ज़िक्र छेड़ दिया. उन्होंने बताया कि सुनवाई के वक्त उन्हें बार-बार कोर्ट जाना पड़ता था. वो इस बात से तंग आ चुके थे. उन्हें अंदाजा था कि उनका बेल रिजेक्ट कर दिया जाएगा. मगर जब उन्हें सच में जमानत मिली तो उन्हें बुरा लगने लगा. इसकी केवल एक वजह थी- फिटनेस. वो कहते हैं,
"जब मैं जेल से निकल रहा था, तो मुझे काफी बुरा लगने लगा. वहां मैं रोज़ वर्कआउट करता था. मैं केवल पानी और दाल पर गुज़ारा करता था. इसी वजह से मेरी बॉडी इतनी तगड़ी हो गई कि मैं सोचने लगा- 'काश चार-पांच दिन और रुकना पड़ता'. वहां एक शख्स ने मुझसे कहा भी कि भाई, मत जाओ. इस पर मैं हंस पड़ा और बोला, 'अरे, ऐसे कैसे नहीं जाऊं'?"
जेल के अंदर क्या माहौल था, इस पर बात करते हुए सलमान कहते हैं,
"सालों पहले जब मैं जेल गया था, तो हम सलाखों के पीछे रहते थे. वो जगह बहुत छोटी थी. एक ही टॉयलेट का इस्तेमाल 50 से 70 लोग करते थे. वो इंडियन स्टाइल कमोड था. कई बार उसके अंदर छिपकलियां भरी रहती थीं."
सलमान को 1998 के काला हिरण शिकार मामले में टोटल चार बार जेल जाना पड़ा है. 1998 में वो 3 दिन तक कस्टडी में रहे. 2006 में 6 दिन, 2007 में फिर 6 दिन और 2018 में 2 दिन जेल में रहने के बाद उन्हें अदालत से जमानत मिल गई. हालांकि जोधपुर हाई कोर्ट में ये मामला आज भी चल रहा है.
वीडियो: सलमान खान इसी साल शुरू करेंगे राज एंड डीके की सुपरहीरो फिल्म पर काम?











