IPL 2027 अभी दूर है. लेकिन टीमों में हलचल शुरू हो गई है. चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बड़ा ट्रेड किया है. कुल चार खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है. इंग्लैंड के धाकड़ ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टन अब पीली जर्सी पहनेंगे. उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स भी चेन्नई की टीम में आ गए हैं. दूसरी तरफ, खलील अहमद और नाथन एलिस ने चेन्नई का साथ छोड़ दिया है. ये दोनों अब सनराइजर्स हैदराबाद यानी SRH के लिए खेलते दिखेंगे.
धोनी की टीम में पहुंचे दो धाकड़ ऑलराउंडर्स! CSK-SRH के बीच 2-2 प्लेयर्स का ट्रेड
IPL 2027 Trades : ट्रांसफर डेडलाइन से पहले CSK और SRH के बीच 4 प्लेयर्स का ट्रेड हुआ. ऑलराउंडर Liam Livingstone और Jack Edwards अब CSK में शामिल हो गए हैं. वहीं, Khaleel Ahmed और Nathan Ellis अब ऑरेंज आर्मी में नजर आएंगे.

17 नवंबर ट्रांसफर की आखिरी तारीख है. इस डेडलाइन से पहले ही दोनों फ्रेंचाइजियों ने अपना गणित सेट कर लिया है. CSK ने अपने खेमे में दो ऑलराउंडर जोड़े हैं. वहीं, हैदराबाद ने अपनी तेज गेंदबाजी की धार को और मजबूत किया है. इस पूरे ट्रेड में सबसे बड़ा नाम लियाम लिविंगस्टन का है. लिविंगस्टन 6 करोड़ रुपये में CSK से जुड़े हैं.
दिलचस्प बात ये है कि SRH ने उन्हें पहले 13 करोड़ की मोटी रकम में खरीदा था. यानी इस नई डील में उनकी कीमत आधी से भी कम हो गई है. लिविंगस्टन अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग के लिए जाने जाते हैं. लंबे-लंबे छक्के मारते हैं. साथ ही, वह स्पिन बॉलिंग का भी बढ़िया विकल्प देते हैं. अपने T20 करियर में उन्होंने लेग-स्पिन और ऑफ-स्पिन, दोनों तरह से बल्लेबाजों को नचाया है.
लिविंगस्टन के आने से चेन्नई की बड़ी टेंशन दूर हुई है. उन्हें मिडिल ऑर्डर में एक तगड़ा पावर-हिटर मिल गया है. CSK को ऐसे ही किसी खिलाड़ी की तलाश थी. लिविंगस्टन को दुनिया भर की टी20 लीग्स खेलने का भारी अनुभव है. हालांकि, IPL में उनका बल्ला उस भौकाल के हिसाब से नहीं चला है, जैसी उनकी छवि है.
अब बात दूसरे ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स की. एडवर्ड्स 3 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर ही चेन्नई से जुड़े हैं. वह ऑस्ट्रेलिया के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं. SRH ने उन्हें उनके इंटरनेशनल डेब्यू से पहले ही साइन कर लिया था. लेकिन उन्हें अब तक IPL में डेब्यू का मौका नहीं मिला है. पैर में चोट लग गई थी. इसी वजह से वह पूरा 2026 सीजन बाहर ही बैठे रहे.
ये भी पढ़ें : अंशुल-गुरनूर ने किया इंप्रेस! ODI वर्ल्ड कप के लिए गंभीर को मिले दो दावेदार
SRH के लिए खलील अहमद का आना किसी घर वापसी जैसा है. बाएं हाथ के पेसर हैदराबाद के लिए नए नहीं हैं. खलील 2018 से 2021 के बीच हैदराबाद फ्रेंचाइजी का ही हिस्सा थे. इसके बाद वह चेन्नई चले गए थे. खलील के लिए IPL 2025 का सीजन कमाल का रहा था. उन्होंने CSK के लिए 14 मैच खेले और 15 विकेट चटकाए.
फिर आया 2026 का सीजन. इसमें वह सिर्फ पांच मैच ही खेल सके. दाहिने पैर की जांघ यानी क्वाड्रिसेप्स में चोट लग गई. उन्हें बीच टूर्नामेंट ही बाहर होना पड़ा. अब वह 4.8 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर वापस SRH में लौट आए हैं.
एलिस भी SRH में हुए शामिलहैदराबाद जाने वाले दूसरे खिलाड़ी नाथन एलिस हैं. ऑस्ट्रेलियन पेसर 2 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर ही टीम बदलेंगे. एलिस के आने से SRH को एक अनुभवी बॉलर मिल गया है. एलिस के पास बॉलिंग में गजब की वेरायटी है. आखिरी ओवर्स में वह अलग-अलग तरह की गेंदें फेंककर बैटर्स को फंसाने का हुनर रखते हैं. इससे हैदराबाद का पेस अटैक और भी खतरनाक हो जाएगा.
कुल मिलाकर इस ट्रेड से CSK की झोली में दो ऑलराउंडर आए हैं. SRH को दो स्पेशलिस्ट पेसर्स मिल गए हैं. IPL 2027 में अभी काफी वक्त बाकी है. दोनों टीमों के पास अपना स्क्वॉड दुरुस्त करने के और भी मौके आएंगे. लेकिन इस बड़ी डील ने नए सीजन का माहौल अभी से बना दिया है.
वीडियो: दलीप ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी का धमाका, अर्धशतक के साथ बनाए कई रिकॉर्ड












