Namit Malhotra की Ramayana एक विजुअल मास्टरपीस है. मेकर्स ने देश की सबसे चर्चित गाथा को कुछ इस तरह पेश किया कि आप काफी देर तक इसके बारे में सोचते रहते हैं. वैसे तो इस मूवी में ऐसी कई बातें हैं, जिन पर लंबी बातचीत हो सकती है. फिर भी हम आपके लिए 5 ऐसी वजह ढूंढ लाए हैं, जिनके लिए आपको ये मूवी जरूर देखनी चाहिए.
वो 5 सबसे बड़ी वजह जिनके लिए आपको 'रामायण' जरूर देखनी चाहिए
रावण-जटायु वाले एक्शन सीक्वेंस पर आने वाले समय में काफी बात की जाएगी.

# 1. रावण-जटायु युद्ध
कुछ महीने पहले यश ने सिनेमा कॉन में कहा था कि रावण-जटायु युद्ध 'रामायण' का सबसे जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस होगा. फिल्म देखने के बाद ये बात बिल्कुल सही नजर आती है. नितेश तिवारी ने इस सीन को इतने बड़े स्केल पर प्लान किया है कि आप अवाक रह जाते हैं. भारतीय सिनेमा में ऐसा बेहतरीन एक्शन और VFX शायद पहले कभी नहीं देखा गया है. जटायु का रावण पर भारी पड़ना, रावण का उनके पंख काटना, लड़ाई को जटायु के पॉइंट ऑफ व्यू से दिखाना- इस फिल्म का सबसे बड़ा हाइलाइट है. उसी सीन की कंटिनयूटी में भगवान राम और जटायु के बीच एक संवाद भी होता है, जो आपको इमोशनल कर देगा.
# 2. भगवान राम का वनवास
'रामायण' का सबसे भावुक पल बगैर किसी डाउट के भगवान राम का वनवास जाना है. नितेश तिवारी अपनी फिल्मों में इमोशनल सीन्स बड़ी खूबसूरती से लाते हैं और यहां भी वो ऐसा करने में सफ़ल रहे. राम, लक्ष्मण और सीता जब राजा दशरथ से विदा लेते हुए बाहर निकलते हैं तो हान्स ज़िमर का बैकग्राउंड स्कोर माहौल को गमगीन बना देता है. जाने से पहले राम कैकेयी से कहते हैं- "जब मैं 14 साल बाद वनवास से वापस आऊं तो पहला निवाला मुझे ही खिलाना." उस वक्त लारा दत्ता यानी कैकेयी के चेहरे पर गिल्ट नज़र आता है. मेकर्स ने अयोध्या की जनता के बीच जिस तरह उनके रथ वाले शॉट को प्लान किया, वो बेहतरीन है. वहां भगवान राम का आम लोगों से मिलना, दशरथ के गुजरने की भनक पर उनका पलटना- देखने लायक है.
# 3. रावण के किरदार में यश की एंट्री
मेकर्स ने 'रामायण' में रावण की बैकस्टोरी भी दिखाई है. कैसे वो कम उम्र में लंका से निकला और घोर तपस्या के बाद तीनों लोक पर राज़ करने लगा. इस दौरान उसका बेहद शक्तिशाली बनकर लंका आना, कुबेर की सेना के छक्के छुड़ा देना- काफी बेहतरीन ढंग से शूट किया गया है. उन सीन्स में यश स्क्रीन को पूरी तरह डॉमिनेट करते हैं. फिर जब वो अपना 'तीनों लोक पर एक ही राज होगा- रावण राज' वाला डायलॉग कहते हैं, तो आपको महसूस होता है कि रावण शायद कुछ ऐसा ही रहा होगा.
# 4. सीता-राम और लक्ष्मण बनाम 14 हजार राक्षस
लक्ष्मण ने शूर्पनखा की नाक काट दी है. बदला लेने के लिए उसके भाई खर और दूषण अपने 14 हजार राक्षसों की सेना के साथ उनसे लड़ने पहुंच जाते हैं. उस सीन में राम-लक्ष्मण के अलावा सीता भी हथियार उठाती हैं, जो शायद आपने पहले किसी 'रामायण' में नहीं देखा होगा. इस दौरान तीनों की भागा-दौड़ी, गिरना, थकना और घायल होना- काफी रियल लगता है. मगर सीन का पीक पॉइंट तब आता है जब एक पहाड़ के कोने में राक्षसों की सेना उन्हें चारों तरफ़ से घेर लेती है. फिर जो होता है, उसे देखने के लिए आपको सिनेमाघर जाना होगा.
# 5. टॉप क्लास VFX और प्रोडक्शन
‘रामायण’ को पहले दिन से इसके VFX पर टोका जा रहा था. अच्छी बात ये रही कि मेकर्स ने उन्हें काफी इम्प्रूव किया. VFX कलाकार एक-सीन पर कितनी मेहनत करते हैं, इसका सही अंदाज़ा फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के बाद ही पता चला. ऐरावत के चेहरे के रोएं, जटायु की आंखों की डिटेलिंग और हर पेड़ की छाल पर मेकर्स का बारीक काम साफ़ दिखता है. इस मामले में फिल्म ने कमाल कर दिया है. साथ ही इसका प्रोडक्शन वैल्यू भी अच्छा है. एक्टर्स के कपड़ों, गहनों, रथ और महल- वाकई अव्वल दर्जे के लगते हैं.
रही फिल्म की बात, तो 'रामायण' को नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया है. नमित मल्होत्रा इसके प्रोड्यूसर हैं. रणबीर के अलावा इसमें साई पल्लवी, रवि दुबे, अरुण गोविल, यश, विवेक ओबेरॉय और शोभना जैसे एक्टर्स ने काम किया है. मेकर्स ने ऑफ़िशियली अनाउंस कर दिया है कि इसका दूसरा पार्ट 2028 में रिलीज़ होगा.
वीडियो: रणबीर कपूर की रामायण के लिए PVR-Inox की स्क्रीन में क्या बदलाव हुआ?













