The Lallantop

कोई पटाखे फोड़ते वक्त जल जाए, तो तुरंत क्या करें और क्या बिलकुल न करें?

आज हम डॉक्टर से जानेंगे कि पटाखे से जलने पर तुरंत क्या करना चाहिए. जलने पर क्या नहीं लगाना चाहिए. अगर फफोले पड़ जाएं, तब क्या करें. और किस तरह की बर्न इंजरी में तुरंत अस्पताल जाना चाहिए.

Advertisement
post-main-image
पटाखों को हमेशा थोड़ी दूर से ही फोड़ना चाहिए (AI Image)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • दिवाली के दौरान पटाखे जलाने से होने वाली जलन की स्थिति में जलने वाली जगह को तुरंत कम से कम 20 मिनट तक ठंडे पानी से धोना पहला प्राथमिक उपाय है।
  • पटाखों से जलने के कारण अक्सर लापरवाही होती है और लोग जलने पर घरेलू नुस्खे जैसे घी, तेल या टूथपेस्ट लगाने की गलती करते हैं जो घाव की स्थिति बिगाड़ सकते हैं।
  • अगर जलने पर बड़े फफोले हो जाएं या शरीर के महत्वपूर्ण अंग जलें तो तुरंत अस्पताल जाना चाहिए और समय पर उपचार से संक्रमण का खतरा कम किया जा सकता है।

दिवाली और उसके आसपास पटाखों से लोगों के जलने की बहुत खबरें आती हैं. पटाखे जलाते वक्त थोड़ी-सी लापरवाही गंभीर चोट की वजह बन सकती है. ये आंखों की रोशनी छीन सकती है. शरीर के दूसरे अंगों को भी भयंकर नुकसान पहुंचा सकती है. इसलिए दिवाली पर पटाखे बहुत सावधानी से फोड़ने चाहिए. अगर फिर भी कोई हादसा हो जाए और कोई जल जाए, तो उस वक्त घबराने के बजाय ये पता होना ज़रूरी है कि सबसे पहले क्या करना है. तो चलिए फिर, आज हम डॉक्टर से जानेंगे कि पटाखे से जलने पर तुरंत क्या करना चाहिए. जलने पर क्या नहीं लगाना चाहिए. अगर फफोले पड़ जाएं, तब क्या करें. और किस तरह की बर्न इंजरी में तुरंत अस्पताल जाना चाहिए. 

Advertisement

पटाखों से जलने पर तुरंत क्या करें?

ये हमें बताया डॉक्टर स्मृति नाथानी ने. उनके मुताबिक सबसे पहला और ज़रूरी काम जली हुई जगह को ठंडा करना है. इसके लिए जली हुई जगह को नल से बहते सामान्य पानी के नीचे कम से कम 20 मिनट तक रखें. जली हुई जगह पर बर्फ लगाने की गलती न करें. इससे स्किन को और नुकसान पहुंच सकता है. अगर हाथ में अंगूठी, घड़ी या चूड़ियां पहनी हैं, तो उन्हें तुरंत उतार दें. जलने के बाद सूजन आ सकती है और ये चीज़ें परेशानी बढ़ा सकती हैं. अगर जली हुई जगह पर कोई कपड़ा चिपक गया है. तब उसे रगड़कर छुड़ाने की कोशिश न करें.

dr smriti nathani
डॉ. स्मृति नाथानी, कंसल्टेंट प्लास्टिक सर्जन, तमीरालाइफ

जलने पर क्या नहीं लगाना चाहिए?

अक्सर देखा जाता है कि जलने पर लोग घरेलू नुस्खे आज़माते हैं. जली हुई जगह पर घी, तेल, मक्खन, हल्दी या टूथपेस्ट लगा देते हैं. लेकिन इन चीज़ों से जलन ठीक नहीं होती. बल्कि इनसे घाव साफ़ करने और उसके इलाज में परेशानी हो सकती है. इसलिए जली हुई जगह पर इन चीज़ों को लगाने से बचें. 

Advertisement

जलने पर सबसे पहले जली हुई जगह को ठंडा करना ज़रूरी है. इसके बाद साफ़ कपड़े से उस जगह को हल्के हाथों से सुखाएं. फिर डॉक्टर की सलाह के मुताबिक सिल्वर नाइट्रेट ऑइंटमेंट लगा सकते हैं. इसके बाद घाव को साफ़ गॉज पट्टी से ढक सकते हैं.

ये भी पढ़ें: क्या आपका भी 'फेरिटिन फेस' है? आयरन की कमी से कनेक्शन जान लीजिए

जलने पर फफोले पड़ जाएं तो क्या करें?

कई लोग जलने पर पड़े फफोलों को फोड़ देते हैं या उनके ऊपर की स्किन निकाल देते हैं. उन्हें लगता है कि ऐसा करने से घाव जल्दी भर जाएगा. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए. फफोलों को फोड़ने या उनके ऊपर की स्किन हटाने से इंफेक्शन का ख़तरा बढ़ सकता है. अगर फफोले छोटे हैं, तो उन्हें वैसा ही रहने दें. रोज़ उनकी ड्रेसिंग और देखभाल करते रहें. अगर शरीर के बड़े हिस्से पर फफोले हैं या बड़े फफोले पड़ गए हैं. तब तुरंत डॉक्टर के पास जाएं और उन्हीं से इलाज कराएं.

Advertisement

ये भी पढ़ें: रोज आयोडीन वाला नमक खाते हैं, फिर भी शरीर में इसका लेवल कम क्यों है?

जलने पर कब अस्पताल जाना ज़रूरी है?

हर तरह की जलन मामूली नहीं होती. न ही हर मामले में घर पर दिया गया फर्स्ट ऐड काफी होता है. कुछ स्थितियों में मरीज़ को तुरंत अस्पताल ले जाना ज़रूरी होता है. छोटे बच्चों के जलने पर या किसी बड़े व्यक्ति का एक हथेली से बड़ा हिस्सा जलने पर तुरंत अस्पताल ले जाएं. चेहरे, हाथों या प्राइवेट पार्ट्स में जलने पर भी तुरंत अस्पताल जाना चाहिए. 

अगर पटाखे का कोई टुकड़ा शरीर में धंस गया है. आंखों और आंखों के आसपास चोट लगी है, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं. अगर किसी बंद कमरे में पटाखे या आग के धुएं के कारण जलने की घटना हुई है. जहां मरीज़ ने बहुत धुआं सांस के ज़रिए अंदर लिया है. अगर चेहरे या नाक के आसपास भी जलने के निशान हैं. तब फेफड़ों तक धुएं पहुंचने और सांस की नलियों को नुकसान होने का ख़तरा हो सकता है. ऐसे में मरीज़ को तुरंत अस्पताल लेकर जाएं. 

बुज़ुर्गों और डायबिटीज़ के मरीज़ों के जलने पर भी तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए. समय पर फर्स्ट ऐड और डॉक्टर से इलाज कराने पर इंफेक्शन का ख़तरा कम हो सकता है.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: शरीर में आयरन कम है, ये चेहरा कैसे बताता है?

Advertisement