भारतीय मेंस और विमेंस कंपाउंड तीरंदाजी टीमें एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच गईं. मेंस टीम में कुशल दलाल, साहिल जाधव और गणेश मणिरत्नम शामिल हैं. वहीं, विमेंस टीम में ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तानीपर्थी और प्रिथिका प्रदीप शामिल हैं. क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मेंस टीम ने भूटान को 235-232 से मात दी. विमेंस टीम ने कजाखस्तान को 233-230 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. दोनों टीमें अब 30 सितंबर को दक्षिण कोरिया के खिलाफ सेमीफाइनल में खेलेंगी.
Asian Games : कंपाउंड तीरंदाजी के सेमीफाइनल में पहुंची मेंस-विमेंस टीम, बैडमिंटन में दो पदक चूके
Asian Games 2026 : भारतीय कंपाउंड तीरंदाज एक बार फिर मेडल की दावेदारी मजबूत कर चुके हैं. पिछली बार गोल्ड मेडल जीतने वाले कंपाउंड तीरंदाज मेंस और विमेंस टीम के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं.

मेंस टीम ने इससे पहले, प्री-क्वार्टर फाइनल में यूएई को 235-215 से हराया था. वहीं, विमेंस टीम ने मंगोलिया को 238-223 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी. कंपाउंड तीरंदाजी में पिछली बार हांगझू एशियन गेम्स में भारत ने कंपाउंड तीरंदाजी में कुल 5 गोल्ड मेडल जीते थे. इस बार भी कंपाउंड तीरंदाजी में भारतीय दल को ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
ये भी पढ़ें : एशियन गेम्स में गोल्ड की हैट्रिक से चूके तजिंदरपाल, प्राची चौधरी को मिली बड़ी कामयाबी
वहीं, बैडमिंटन में भारत की विमेंस डबल्स और मिक्स्ड डबल्स टीम को क्वार्टर फाइनल में निराशा झेलनी पड़ी. विमेंस डबल्स में गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली की जोड़ी और मिक्स्ड डबल्स में तनीशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा.
गायत्री और त्रिशा को वर्ल्ड की नंबर तीन पियरली कूंग ली और थिनाह मुरलीधरन की मलेशियाई जोड़ी ने लगातार गेमों में हरा दिया. मलेशियाई जोड़ी ने ये मुकाबला 21-18, 21-9 से अपने नाम किया. वहीं, ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की मिक्स्ड डबल्स की जोड़ी को वर्ल्ड नंबर वन यान झे फेंग और डोंगपिंग हुआंग की चीनी जोड़ी ने 21-14, 18-21, 21-18 से हराया.
दोनों जोड़ी अगर सेमीफाइनल में पहुंचती तो ब्रॉन्ज मेडल पक्का हो जाता. लेकिन, दोनों ही टीम ये मौका गंवा गई. बैडमिंटन में अब भारत का दारोमदार डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु और उन्नति हुड्डा पर है. दोनों विमेंस सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी हैं.
वीडियो: मीराबाई चानू ने जीता पहला एशियन गेम्स मेडल, जीता सिल्वर









