The Lallantop

LSG ने ज्यादा मौके नहीं दिए, ये प्लेयर बंगाल लीग का सबसे महंगा खिलाड़ी बना

LSG ने इस प्लेयर को 2.4 करोड़ रुपये में खरीदा था. लेकिन टीम ने उन्हें सिर्फ 3 मैच ही खेलने दिए. 11 मैचों में से 8 में उन्हें बेंच पर बैठना पड़ा.

Advertisement
post-main-image
बंगाल प्रो T20 लीग के ऑक्शन में शाहबाज सबसे महंगे प्लेयर रहे. (फोटो- PTI)

ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG). IPL 2026 में LSG 11 मैचों में 8 मैच हारकर टूर्नामेंट से एलिमिनेट हो चुकी है. टीम के ऑलराउंडर शाहबाज अहमद को इस सीजन अंडरयूटिलाइज किया गया. उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले. इसके बावजूद वो बंगाल प्रो T20 लीग के ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

LSG ने शाहबाज को 2.4 करोड़ रुपये में खरीदा था. लेकिन टीम ने उन्हें सिर्फ 3 मैच ही खेलने दिए. 11 मैचों में से 8 में उन्हें बेंच पर बैठना पड़ा. इसके बावजूद उनकी परफॉर्मेंस ने सबको प्रभावित किया.

बंगाल प्रो T20 लीग के ये पहले ऑक्शन हैं. शाहबाज को श्राची रार्ह टाइगर्स ने राइट टू मैच (RTM) कार्ड इस्तेमाल करके 12.20 लाख रुपये में खरीद लिया. ये इस ऑक्शन की सबसे बड़ी बोली थी. 31 साल के इस बंगाल के खिलाड़ी ने दिखा दिया कि टैलेंट को दबाया नहीं जा सकता.

Advertisement
IPL 2026 में शाहबाज

IPL 2026 में LSG प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है. टीम मैनेजमेंट ने शाहबाज पर पूरा भरोसा नहीं जताया. कप्तान ऋषभ पंत और कोचिंग स्टाफ ने ज्यादातर मैचों में पेस अटैक या दूसरे खिलाड़ियों को मौका दिया. वनिंदू हसरंगा के इंजर्ड होने के बाद भी जॉर्ज लिंडे को खिलाया गया.

लेकिन जब शाहबाज को मौका मिला, तो उन्होंने कमाल कर दिखाया. उन्होंने सिर्फ दो बार बैटिंग की और 58 रन बनाए. स्ट्राइक रेट 141.46 का रहा. 10 मई को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ उन्होंने 25 गेंदों पर नाबाद 43 रन ठोके. इसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उनकी पारी की मदद से LSG ने 203/8 का स्कोर बनाया.

बॉलिंग में भी शाहबाज ने कमाल किया. CSK के खिलाफ 3 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए. उन्होंने उर्विल पटेल और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट किया. RCB के खिलाफ भी उन्होंने 2 विकेट चटकाए. रजत पाटीदार और टिम डेविड का विकेट लिया.

Advertisement
बंगाल लीग ऑक्शन

बंगाल प्रो T20 लीग के ऑक्शन में शाहबाज सबसे महंगे प्लेयर रहे. दूसरे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स के अभिषेक पोरेल रहे, जिन्हें लक्स श्याम कोलकाता टाइगर्स ने 10.40 लाख में खरीदा. मुकेश कुमार को 9.60 लाख में Sobisco Smashers Malda ने रिटेन किया. बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन भी 8 लाख में उसी टीम में गए.

ये ऑक्शन बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के लिए खास था, क्योंकि पहली बार खिलाड़ियों की नीलामी हुई. जून में लीग शुरू होने वाली है. शाहबाज जैसे खिलाड़ियों के लिए घरेलू लीग में बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिलना उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा.

शाहबाज अहमद बंगाल के डोमेस्टिक प्लेयर हैं. उन्होंने IPL में पहले RCB और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए भी खेला है. उनका ऑलराउंड खेल हमेशा टीमों के लिए उपयोगी रहा है. LSG में कम मौके मिलने के बावजूद उन्होंने साबित कर दिया कि वो तैयार हैं. अब बंगाल प्रो T20 लीग में शाहबाज अपनी टीम श्राची रार्ह टाइगर्स के लिए खेलेंगे. उम्मीद है कि घरेलू मैदान पर वो और भी धमाकेदार परफॉर्मेंस देंगे.

वीडियो: उर्विल पटेल ने आईपीएल में कौन सा रिकॉर्ड तोडा? LSG के खिलाफ खेली ऐतिहासिक पारी

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement