The Lallantop

भारत से मुआवजा मांग रहे हैं पाकिस्तानी क्रिकेट वाले

दोनों देशों में 6 सीरीज़ होनी थी

Advertisement
post-main-image
इतना क्रिकेट होता है कि याद ही नहीं आखिरी बार भारत-पाकिस्तान सीरीज़ कब हुई थी और विराट ने क्या किया था

बचपन के गली क्रिकेट के वो सीन याद होंगे जब आप अच्छी खासी बैटिंग करके कह देते थे - चलो भई अब कल खेलेंगे और आपका लंगोटिया मित्र कहता था या तो मेरी बैटिंग दो नहीं तो तुम्हारा बैट नहीं दूंगा. भारत-पाकिस्तान सीरीज़ रद्द होने से कुछ वैसा ही सीन बन गया है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड वाले भी कह रहे हैं या तो हमारे साथ खेलो नहीं तो पैसा दो. पूरा मामला ये है कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट सीरीज़ जब होती है तो मेज़बान क्रिकेट बोर्ड इतना मालामाल हो जाता है कि अगले 3-4 साल की व्यवस्था हो जाती है. इस सीरीज़ के टलने से भारतीय क्रिकेट बोर्ड, BCCI को कोई ख़ास मुश्किल नहीं होती. रणजी ट्रॉफी को छोड़कर BCCI के सारे प्रोडक्ट हिट हैं. लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, PCB की हालत खस्ता हो जाती है. PCB की कार्यकारी समिति के मुखिया नजम सेठी ने मांग की है कि या तो भारत हमारे साथ खेले नहीं तो मुआवज़ा दे. PCB ने इस मामले में ICC से भी शिकायत की है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

साल 2014 में भारत और पाकिस्तान के बीच 2015 से 2023 के दरमियां 6 द्विपक्षीय सीरीज़ खेलने पर सहमति बनी थी. लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव और पाकिस्तान की ओर से जंगबंदी के उल्लंघन के चलते क्रिकेट के रिश्ते धरे के धरे रह गए. मामला यहां तक चला गया है कि BCCI जैसी कारोबारी संस्था ने भी जनभावनाओं का आदर करते हुए ICC से भी कह दिया है कि वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे टूर्नामेंट्स में भारत-पाकिस्तान को एक ग्रुप में न रखा जाए.

नजम सेठी ने PCB की बैठक के बाद कहा, ‘हमने ICC और BCCI को साफ साफ कह दिया है कि या तो हमारे साथ खेले या फिर हमें जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई करे. हमने ICC से भी हर्जाने के लिए कहा है, BCCI के न खेलने के कारण PCB को आर्थिक नुकसान हुआ है’

Advertisement

सीरीज़ रद्द होने से कैसे होता है नुकसान :

भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाली 6 सीरीज़ में 3 BCCI करवाता और 3 PCB को करवानी थी. टीवी पर मैच दिखाने के अधिकार मेज़बानी करने वाला बोर्ड बेचता है. पाकिस्तानी बोर्ड की मेज़बानी में होने वाली इन 3 मलाईदार सीरीज़ों को देखकर टीवी चैनलों ने PCB से मैच दिखाने के अधिकार खरीदने के लिए खूब बोली लगाई. आखिर में प्रसारण अधिकार मिले टेन स्पोर्ट्स को. लेकिन PCB ये सीरीज़ करवाने में नाकाम रहा. तो प्रसारक भी अपना पैसा वापिस मांग रहा है. BCCI ने पिछले साल दिसंबर में पाकिस्तान से वनडे सीरीज़ के लिए इजाजत मांगी थी लेकिन सरकार ने तनातनी के चलते इजाजत नहीं दी. ये सीरीज श्रीलंका में होनी थी. भारत-पाकिस्तान सीरीज़ रद्द होने से ज़ी टीवी के टेन स्पोर्ट्स का हिसाब-किताब इतना गड़बड़ा गया कि ज़ी ने टेन स्पोर्ट्स सोनी टीवी को बेच दिया है.

najam sethi

नजम सेठी ने कुछ दिन पहले कहा था कि जब भी पाकिस्तान को भारत के साथ खेलने की उम्मीद जगती है कुछ न कुछ त्रासदीपूर्ण 'घट जाता है'. ICC से ये भी मांग की थी कि जब तक BCCI खेलने को राज़ी न हो पाकिस्तान के लिए कुछ विशेष व्यवस्था करे. भारत ने 2008 मुंबई हमलों के बाद से पाकिस्तान के साथ कोई टेस्ट सीरीज़ नहीं खेली है.

Advertisement

पाकिस्तान की टीम 2012-13 दिसंबर में 3 वनडे मैच खेलने भारत आई थी, उसके बाद से आपस में कोई खेल नहीं हुआ है. वह सीरीज़ एक तरह से विश्वास बहाली के लिए थी और चूंकि वह सीरीज़ BCCI ने करवाई थी तो उसके प्रसारण अधिकार भी BCCI ने बेचे थे. वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी, वर्ल्ड टी 20 और एशिया कप टी 20 में भारत-पाकिस्तान के मैच हुए हैं और अब जून में दोनों टीमें फिर चैंपियंस ट्रॉफी में खेलेंगी. ये ICC का इवेंट है तो उसके पैसे ICC को मिलेंगे.

वैसे इस मैच की टिकट बुक कराने की मत सोचिएगा, आते ही मामला ओवर सबस्क्राइब हो गया था.  पुरूष टीम से पहले भारत-पाकिस्तान की महिला टीम 25 नबंवर से थाईलैंड में शुरू हो रहे महिला एशिया कप में खेलेंगी और फिर हॉकी टीम भी जून में पाकिस्तान से खेलेगी. कुल मिलाकर हर साल 5-6 मौके आ ही जाते हैं जब दोनों देश अलग-अलग खेलों में आपस में खेलते हैं.

Advertisement