इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट में बैजबॉल युग का अंत हो गया. कप्तान बेन स्टोक्स की विदाई ने इसके संकेत दिए थे. अब ECB ने इसकी पुष्टि कर दी है. कोच ब्रेंडन मैकुलम को टेस्ट टीम की कोचिंग से हटा दिया गया है. वैसे ECB इसे कार्यकाल का अंत बता रहा है. लेकिन, खुद मैकुलम के पोस्ट ने ये बता दिया है कि बोर्ड ने उन्हें सैक कर दिया है.
बैजबॉल का द एंड! बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद टेस्ट से कोच ब्रेंडन मैकुलम की भी हुई छुट्टी
England Head Coach Brendon McCullum Sacked : न्यूजीलैंड के खिलाफ घर पर मिली हार के बाद ECB ने कोच Brendon McCullum को टेस्ट कोच के पद से हटा दिया है. अभी हाल ही में Ben Stokes ने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था. इसी के साथ इंग्लिश क्रिकेट में बैजबॉल युग का भी अंत हो गया.


ECB ने आधिकारिक बयान में कहा कि मैकुलम खुद पद छोड़ रहे हैं. लेकिन, न्यूज़ीलैंड के पूर्व कप्तान के बयानों से साफ पता लग रहा है कि उन्हें हटाया गया है. हालांकि, मैकुलम अभी भी इंग्लिश टीम की ODI और T20I टीमों के कोच बने रहेंगे.
मैकुलम का कार्यकाल 2022 में शुरू हुआ था. इंग्लिश टीम एक खराब दौर से गुजर रही थी. ऑस्ट्रेलिया में हुई एशेज सीरीज में टीम की भद्द पिट चुकी थी. 4 साल के लिए उनके साथ कॉन्ट्रैक्ट किया गया.
हालांकि, टीम की हालत का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि उससे पहले टीम पिछले 17 टेस्ट मुकाबलों में सिर्फ 1 मैच जीत सकी थी. लेकिन, मैकुलम और कप्तान बेन स्टोक्स की जोड़ी ने टीम को फिर से बिल्ड कर दिया. दोनों की जोड़ी ने बेहद आक्रामक क्रिकेट शैली के ज़रिए टीम की पहचान बदली. इस शैली को 'बैज़बॉल' के नाम से जाना गया.
मैकुलम ने क्या कहा?कोच मैकुलम अपने विदाई पोस्ट के दौरान काफी भावुक नज़र आए. उन्होंने कहा,
बेशक, टीम के साथ आगे न बढ़ पाने का मुझे दुख है. लेकिन, मैं ECB के इस फैसले का सम्मान करता हूं. अब मेरा पूरा ध्यान वाइट-बॉल टीमों पर है. मैं इंग्लैंड को आगे बढ़ाने में मदद करना चाहता हूं.
न्यूज़ीलैंड के पूर्व कप्तान ने पूरी यात्रा के दौरान टीम का समर्थन करने के लिए खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और फ़ैन्स का शुक्रिया अदा किया. मैकुलम ने आगे कहा,
मैं टेस्ट टीम के लिए सिर्फ़ सफलता की कामना करता हूं. उस ड्रेसिंग रूम में बहुत टैलेंट है. वे सभी बहुत खास खिलाड़ी हैं.
ये भी पढ़ें: नॉर्वे के साथ बेईमानी हुई? रेफरी पर भड़के अर्लिंग हालैंड के पिता
बैजबॉल युग का पतनमैकुलम का कार्यकाल शानदार ढंग से शुरू हुआ. उनकी कोचिंग में इंग्लैंड ने अपने शुरुआती 11 टेस्ट मैचों में से 10 जीते. इस दौरान इंग्लिश टीम ने न्यूज़ीलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज क्लीन स्वीप की. साथ ही ज़बरदस्त इरादे के साथ मुश्किल लक्ष्यों को हासिल किया. मैकुलम और स्टोक्स की जोड़ी ने इंग्लैंड के रेड-बॉल क्रिकेट की पूरी कहानी बदल दी. उन्होंने अपनी आक्रामक शैली से दुनिया भर के फ़ैन्स का दिल जीत लिया.
हालांकि, हाल के महीनों में उनकी कोचिंग कठघरे में ही रही है. इंग्लैंड को अपने पिछले 12 टेस्ट मैचों में 8 हार का सामना करना पड़ा. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सीरीज़ में हार और बड़े टूर्नामेंट्स में निराशाजनक प्रदर्शन ने 'बैज़बॉल' फ़िलॉसफ़ी के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्टोक्स के इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर होने के फ़ैसले के बाद मैकुलम का जाना भी उस जोड़ी के अंत का संकेत है, जिसने इंग्लैंड की टीम को फिर से खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई थी.
इंग्लैंड के लिए नई शुरुआतटेस्ट में मिली हार के बावजूद, इंग्लिश क्रिकेट में मैकुलम का कद अभी भी ऊंचा है. इस साल की शुरुआत में, उनकी वाइट-बॉल टीम ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में पहुंची थी. वहीं, हाल ही में भारत के ख़िलाफ़ शानदार सीरीज़ जीत के बाद ICC T20 रैंकिंग में टॉप पर भी पहुंच गई है.
इंग्लैंड मेन्स टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने मैकुलम के योगदान को बहुत कीमती बताया. उन्होंने ड्रेसिंग रूम की सोच बदलने और खिलाड़ियों की नई पीढ़ी को तैयार करने का श्रेय मैकुलम को दिया.
वहीं, ECB के चीफ़ एग्ज़ीक्यूटिव रिचर्ड गोल्ड ने भी टेस्ट टीम पर मैकुलम के असर की तारीफ़ की. स्टोक्स-मैकुलम युग के खत्म होने के बाद इंग्लैंड एक नए अध्याय की तैयारी कर रहा है. ECB ने नए टेस्ट हेड कोच की तलाश शुरू कर दी है.
वीडियो: एक युग का अंत, इंटरनेशनल क्रिकेट से बेन स्टोक्स ने लिया संन्यास








