The Lallantop

विराट का मज़ाक बनाने वाली बार्मी आर्मी को मिला कर्रा जवाब!

विराटियंस को तो मजा ही आ जाएगा.

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली का मज़ाक बना रही बार्मी आर्मी को भारत आर्मी ने दिया जवाब. (फोटो - एपी)
T20 वर्ल्ड कप 2021 में टीम इंडिया का सफ़र 7 नवंबर को खत्म हो गया था. टीम को पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ अपने शुरुआती दो मुकाबले गंवाना भारी पड़ा. इन मैचों के बाद अगर-मगर वाली स्थिति में भारत के सेमीफाइनल में प्रवेश करने के मौके तो बन रहे थे, लेकिन उसके लिए न्यूज़ीलैंड को अफ़ग़ानिस्तान से हारना पड़ता. और ये हो नहीं पाता. टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई. इंडिया के T20 वर्ल्ड कप से बाहर होते ही इंग्लैंड के ऑफिशल फ़ैन ग्रुप 'बार्मी आर्मी' ने ट्विटर पर भारतीय टीम के मज़े लेने की कोशिश की. बार्मी आर्मी ने भारतीय कप्तान विराट कोहली की फोटो लगाकर ट्वीट किया,
‘कोहली गए’
# करारा जवाब मिला! बार्मी आर्मी का यह ट्वीट इंडियन फ़ैन्स को बहुत बुरा लगा. लेकिन उस वक्त उनसे कुछ कहते नहीं बना. लोगों ने मौके का इंतजार किया. और मौका आया 10 नवंबर को. जब टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में न्यूज़ीलैंड ने इंग्लैंड को पांच विकेट से हरा दिया. और इस हार के तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट टीम के फ़ैन ग्रुप 'भारत आर्मी' ने विराट कोहली की फोटो लगाकर ट्वीट किया,
‘इंग्लैंड गई’
बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ हुए इस मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की थी. मोईन अली के 51 रन की बदौलत इंग्लैंड ने 20 ओवर में 166 रन बनाए थे. 167 का लक्ष्य लेकर उतरी न्यूज़ीलैंड ने शुरुआत में ही दो विकेट गंवा दिए थे. लेकिन उसके बावजूद टीम ने डैरिल मिचेल 72, डेवन कॉन्वे 46 और जिमी नीशम 27 की शानदार बल्लेबाजी की दम पर लक्ष्य को 19वें ओवर में ही हासिल कर लिया था. # वर्ल्ड कप का हाल? बताते चलें कि पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड के बाहर होने के बाद 11 नवंबर को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान भी T20 वर्ल्ड कप 2021 से बाहर हो गया है. पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया ने बेहद ही रोमांचक मुकाबले में हरा दिया. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई में खेला गया था. जिसमें ऑस्ट्रेलिया के कप्तान आरोन फिंच ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मोहम्मद रिज़वान के 67 और फख़र ज़मान के 55 रन की बदौलत बोर्ड पर 176 रन टांगे थे. जीत के लिए 177 का पीछा करते हुए डेविड वॉर्नर ने 49 रन की पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी. उनके जाने के बाद मॉर्कस स्टोइनिस 40 और मैथ्यू वेड ने 41 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच को फिनिश किया. T20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला 14 नवंबर को न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच दुबई में खेला जाएगा.

Advertisement
Advertisement