वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन भारतीय फैंस को बड़े हार्टब्रेक का सामना करना पड़ा. स्टार शटलर लक्ष्य सेन और उन्नति हुड्डा का सफर दूसरे ही राउंड में खत्म हो गया. वहीं दूसरी ओर पहले दिन बड़ा उलटफेर करने वाले आयुष शेट्टी और पीवी सिंधु का जीत का सिलसिला जारी रहा. साथ ही भारत की नंबर वन डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को वॉकओवर मिला.
World Championship: लक्ष्य सेन का सफर खत्म, पीवी सिंधु-आयुष शेट्टी बढ़े आगे
वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत के लिए तीसरा दिन मिला-जुला रहा. लक्ष्य सेन को हार मिली लेकिन पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी अपना-अपना मैच जीत गए.

पहले मैच में जीत के लिए संघर्ष करने वाले आयुष शेट्टी ने राउंड ऑफ 32 में आसान जीत हासिल की. उनका सामना श्रीलंका के डुमिंडू अबेविक्रमा से था. यह मैच आयुष ने केवल 26 मिनट में 21-8, 21-10 से आसानी से जीत लिया. वहीं सिंधु को भी सीधे गेम में जीत मिली. सिंधु ने कनाडा की मजबूत खिलाड़ी वैन यू झांग को 21-16, 21-17 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया.
भारत की ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी भी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है. इस भारतीय जोड़ी ने मकाऊ के लियोंग इओक चोंग और एनजी वेंग ची को 21-11, 21-11 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की मेंस डबल्स जोड़ी वॉकओवर मिलने के बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई. इस जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली थी. दूसरे दौर में उनका सामना स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डुन और एडम प्रिंगल से होना था. डुन ने इससे एक दिन पहले मिक्स्ड डबल्स का मैच खेला था और वहां चोटिल हो गए थे. इसलिए उन्होंने नाम वापस ले लिया.
लक्ष्य सेन को मिली हारहोम फेवरेट लक्ष्य सेन को अमेरिका के गैरेट टैन के हाथों दूसरे राउंड में हार मिली. वह 21-19, 19-21, 17-21 से हार गए और उलटफेर का शिकार होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए. लक्ष्य के पास टैन की तेज रफ्तार और अटैकिंग खेल का कोई जवाब नहीं था. अमेरिकी खिलाड़ी ने स्मैश का सही इस्तेमाल किया. उन्होंने लक्ष्य सेन के बैकहैंड वाले पिछले कोने को निशाना बनाया. उन्होंने जंप स्मैश और चकमा देने वाले शॉट्स से भी लक्ष्य को परेशान किया. लक्ष्य को टूर्नामेंट जीतने के बड़े दावेदारों में से एक माना जा रहा था.
यह भी पढ़ें- टीम इंडिया के नए मैच विनर बने मानव सुथार, एक ओवर में कैसे पलटी बाजी?
लक्ष्य सेन के अलावा वर्ल्ड चैंपियनशिप में डेब्यू कर रही 18 साल की उन्नति हुड्डा का भी सफर खत्म हो गया. महिला सिंगल्स के राउंड ऑफ 16 में उन्हें कनाडा की मिशेल ली के खिलाफ 21-11, 9-21, 21-23 से हार का सामना करना पड़ा. पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी को भी राउंड ऑफ 32 के एक अन्य मुकाबले में कोरिया की कांग मिन ह्युक और की डोंग जू की जोड़ी के खिलाफ 17-21, 14-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी.
वीडियो: 'नमक की जगह Surf', Bihar के स्कूल में Mid Day Meal खाने से बच्चे बीमार











