FIH विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया. 18 अगस्त को एम्सटलवीन के वागेनर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की. उन्होंने पूल-डी के साउथ अफ्रीकी टीम को 6-1 से रौंद दिया. मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरू में ही दबदबा बना लिया था. पहले 3 क्वार्टर पर टीम की ओर से 6 प्लेयर्स ने गोल दागे. अंतिम क्वार्टर में साउथ अफ्रीका ने 1 गोल दागा पर तब तक बहुत देरी हो चुकी थी. भारतीय टीम ने मैच एकतरफा अंदाज में जीत लिया.
भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास! वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका को तहस-नहस कर दिया
Women's Hockey World Cup 2026 : भारतीय महिला हॉकी टीम ने ग्रुप स्टेज के मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 6-1 से रौंद दिया. ये वर्ल्ड कप में भारतीय महिला हॉकी टीम की इतिहास की सबसे बड़ी जीत है. भारतीय टीम की ओर से 6 प्लेयर्स ने गोल दागे.

भारतीय महिला टीम ने पहले क्वार्टर में एक गोल किया. वहीं, दूसरे क्वार्टर में दो और तीसरे क्वार्टर में तीन गोल दागे. 3 क्वार्टर के बाद इंडियन टीम 6-0 की लीड ले चुकी थी. साउथ अफ्रीका ने काउंटर अटैक करने में काफी देरी कर दी. अंतिम क्वार्टर में उन्होंने एक गोल किया पर तब तक मैच उनके हाथ से निकल चुका था. ये वर्ल्ड कप इतिहास में इंडियन विमेंस टीम की सबसे बड़ी जीत है.
किस-किस ने दागा गोल?भारत ने मैच के 11वें मिनट में खाता खोल लिया. सुनीलिता टोप्पो ने फील्ड गोल करके इंडियन टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद इसे नवनीत कौर ने 17वें मिनट में दोगुना कर दिया. उनका ये गोल पेनल्टी कॉर्नर पर आया. दूसरे क्वार्टर में ही सुशीला चानू ने एक और गोल दाग दिया. 25वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को उन्होंने गोल में कन्वर्ट किया. दोनों क्वार्टर में मिली 3 गोल की लीड ने इंडियन टीम का कॉन्फिडेंस और बूस्ट कर दिया.
ये भी पढ़ें : रविंद्र जडेजा के 350वें विकेट पर भारी पड़ी एक नो बॉल, फैन्स भड़के
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीकी डिफेंस को तहस-नहस कर दिया. दीपिका सेहरावत ने सबसे पहले 38वें मिनट में गोल किया. इसके बाद 44वें मिनट में लालरेमसियामी और एक ही मिनट बाद साक्षी राणा ने गोल ठोककर इंडिया की लीड 6-0 कर दी. साउथ अफ्रीका की तरफ से एकमात्र गोल कायला डे वाल ने पेनल्टी कॉर्नर से दागा.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय टीम अब पूल के टॉप पर पहुंच गई है. भारतीय टीम ने चीन को पीछे छोड़ दिया. हालांकि, भारतीय टीम अभी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है. टीम को अगले मुकाबले में भी जीत दर्ज करनी होगी. वहीं, साउथ अफ्रीका के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही. टीम के खाते में अब तक कोई अंक नहीं है. साथ ही गोल अंतर भी -9 का हो गया है. कुल जमां बात ये है कि वह टूर्नामेंट में खिताब की दौड़ से बाहर हो गए हैं.
हालांकि, भारतीय टीम के लिए सबसे अहम मुकाबला 20 अगस्त को होगा. टीम को पहले राउंड के अपने आखिरी मैच में इंग्लैंड से भिड़ना है. दूसरे पूल राउंड में जगह बनाने के लिए कम से कम भारतीय टीम को ड्रॉ तो खेलना ही होगा. अगर भारतीय टीम ड्रॉ हासिल करने में सफल रहती है तो अगले राउंड में पहुंच जाएगी. साथ ही टीम को चीन के खिलाफ हासिल ड्रॉ से मिला एक अंक भी अगले राउंड में काउंट होगा.
वीडियो: Hockey World Cup में पाकिस्तान ने कैसे बेइज्जती करा ली?













