पाकिस्तानी कप्तान बाबर आज़म (Babar Azam) और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli). दोनों की गिनती दुनिया के बेहतरीन प्लेयर्स में होती है. बाबर बीते कई सालों से लगातार रन बना रहे हैं. और विराट तो ख़ैर… दुनिया जानती ही है. कुछ समय पहले तक विराट अपने स्टैंडर्ड के हिसाब से रन नहीं बना पा रहे थे.
बाबर ने बताया, विराट पर क्यों किया था वायरल ट्वीट!
विराट कोहली को सपोर्ट करना चाहिए.


और उस दौरान दुनिया भर के पूर्व और वर्तमान प्लेयर्स ने उनको सपोर्ट किया था. और उनके लिए ट्वीट किए थे. इसमें पाकिस्तानी कप्तान बाबर आज़म भी एक थे. बाबर ने विराट के लिए ट्वीट किया था,
‘ये भी गुज़र जाएगा. मजबूत बने रहिए.’
अब बाबर ने बताया है कि उन्होंने ऐसा क्यों लिखा था. ICC के डिजिटल इनसाइडर से बात करते हुए बाबर बोले कि एक स्पोर्ट्सपर्सन के तौर पर ये किसी के साथ भी हो सकता है. उन्होंने कहा,
‘उस समय मैंने सोचा कि शायद अगर मैं ट्वीट करता हूं तो ये उसकी मदद करते हुए उसको कॉन्फिडेंस देगा. देखो, एक प्लेयर के तौर पर, आप मुश्किल समय में हर स्पोर्ट्सपर्सन को बैक करते हो.’
इसके साथ बाबर ने बताया कि वो विराट कोहली को पॉजिटिव मैसेज भेजना चाहते थे. उन्होंने कहा,
‘मुश्किल परिस्थितियों में ही आप जानते हो कि आप किसके बारे में क्या सोचते हो. उस समय, मैंने सोचा कि मुझे ऐसा करना चाहिए और शायद इससे कुछ पॉजिटिव हो. कुछ ऐसा जो कि प्लस पॉइंट हो.’
बाबर आज़म के इस ट्वीट पर खूब सारे लोगों ने प्यार जताया था. और खुद विराट कोहली ने भी इस ट्वीट का जवाब दिया था. विराट ने लिखा था,
‘शुक्रिया. चमकते रहो और बढ़ते रहो. आपको शुभकामनाएं.’
बताते चलें, बाबर आज़म ने ये ट्वीट 15 जुलाई को किया था. और इस ट्वीट के कुछ ही समय बाद विराट का बल्ला फिर बोलने लगा. अगस्त-सितम्बर में हुए एशिया कप 2022 में विराट ने अपने T20I करियर का पहला शतक जड़ा था. अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ विराट ने 122 रन की नाबाद पारी खेली थी. इसके साथ विराट अब वनडे फॉर्मेट में भी लगातार रन बना रहे हैं.
लेकिन टेस्ट में उनकी फॉर्म पर अभी भी सवाल है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ के पहले मैच में विराट कुछ कमाल नहीं दिखा पाए. अब 17 फरवरी को होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में उनसे काफी उम्मीदें रहेंगी.
वीडियो: Ind vs Aus पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलियन टीम के सेलेक्शन में गड़बड़ ,इंडियन टीम को तोहफा!






















