ऑस्ट्रेलिया के चैंपियन बनते ही मिचेल स्टार्क की पत्नी की बात क्यों होने लगी?
ऑस्ट्रेलिया की जीत में भी विलियमसन के चर्चे हैं.
Advertisement

ऑस्ट्रेलियन टीम, मिशेल स्टार्क और केन विलियमसन. फोटो: AP/Twitter/Instagram
14 नवंबर 2021 को ICC को नया T20 वर्ल्ड चैम्पियन मिल गया है. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एक चैम्पियन टीम की तरह खेलते हुए न्यूज़ीलैंड को आठ विकेट से हराया और खिताब पर कब्ज़ा जमा लिया. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर कीवी टीम को पहले बैटिंग के लिए बुलाया. न्यूज़ीलैंड ने कप्तान केन विलियमसन की 177 के स्ट्राइक रेट वाली 85 रनों की पारी के साथ बोर्ड पर 172 रन लगा दिए. लेकिन ये लक्ष्य किसी भी पल ऑस्ट्रेलिया के लिए मुश्किल नहीं रहा. ऑस्ट्रेलिया की टीम आठ विकेट बाकी रहते 19वें ओवर में ही इस टार्गेट को चेज़ कर चैम्पियन बन गई. इस शानदार मैच के बाद वैसे तो ट्विटर पर बहुत कुछ ट्रेंड किया. लेकिन विश्वकप के इस मैच से जुड़ी पांच बातों पर कुछ ज्यादा ही चर्चा हुई. चलिए अब उन ट्रेंड्स के बारे में बात करते हैं जिन्होंने मैच के बाद ट्विटर पर रंग जमा दिया.
#KaneWilliamson
कीवी टीम हारी तो केन विलियमसन नाम का हैशटेग ट्विटर पर ट्रेंड करने लगा. भोली सी सूरत वाले #Williamson के नाम से ढेर सारे ट्वीट्स हुए. किसी ने केन विलियमसन की बैटिंग की तारीफ की. तो किसी ने हार के बाद उनकी स्माइल का ज़िक्र किया. केन विलियमसन की कप्तानी में न्यूज़ीलैंड की टीम लगातार तीसरे ICC फाइनल में पहुंची है. हालांकि वे इन तीन में से बल ICC टेस्ट चैम्पियनशिप ही जीत पाए हैं.
#Warner
ये वो नाम है, जिसे लेकर बज़ ऑस्ट्रेलिया-न्यूज़ीलैंड मैच से कम नहीं था. डेविड वॉर्नर, एक सुपरस्टार खिलाड़ी. वॉर्नर ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ 53 रनों की पारी खेली. साथ ही वो प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने. उनके इस बेमिसाल प्रदर्शन के बाद लोगों ने उन्हें ढेर सारी बधाइयां दीं. साथ ही साथ कई लोगों ने सनराइज़र्स हैदराबाद को भी ट्रोल करना शुरू कर दिया. लोगों ने पूछा कि क्या सही में डेविड वॉर्नर को टीम से बाहर किया जाना चाहिए था. दरअसल IPL 2021 के बीच हैदराबाद के खराब प्रदर्शन के बाद वॉर्नर से पहले कप्तानी ली गई और फिर उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया.
#Toss
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एक बार फिर से वो ही टीम जीती. जिसने मैच से पहले टॉस जीता. UAE और ओमान में खेले गए कई मुकाबलों में हमने देखा कि टॉस जीतने वाली टीम ने मैच भी अपने नाम किया. जैसे ही न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने टॉस जीता. लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि ऑस्ट्रेलिया इस मैच को जीतने जा रही है. आखिर में हुआ भी बिल्कुल वैसा ही.
#MitchellStarc
ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिशेल स्टार्क. ऑस्ट्रेलिया भले ही मुकाबला जीता. लेकिन ये दिन मिशेल स्टार्क का नहीं था. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ स्टार्क ने चार ओवर के स्पेल में 60 रन दिए. जो कि ऑस्ट्रेलियन बोलर्स में T20 क्रिकेट में सबसे खराब प्रदर्शनों में से एक है. स्टार्क के इस प्रदर्शन के बाद वो ट्विटर पर ट्रेंड कर गए. इसके अलावा एक और कारण की वजह से भी स्टार्क को लेकर ट्वीट किए गए. दरअसल लोगों ने स्टार्क की महिला क्रिकेटर पत्नी एलिसा हीली के साथ उन्हें जोड़ते हुए कहा कि ये कपल अब वर्ल्ड T20 चैम्पियन भी बन गया है.
#JustinLanger
इन सारे ट्रेंड्स के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच जस्टिन लैंगर भी ट्विटर पर ट्रेंड कर गए. जस्टिन लैंगर की कोचिंग में ऑस्ट्रेलिया की टीम ICC T20 चैम्पियन बनी है. लोगों ने जस्टिन लैंगर की जमकर तारीफ की. साथ ही उन्हें भी इस जीत का क्रेडिट भी दिया.
ऑस्ट्रेलियाई टीम जब T20 विश्वकप खेलने पहुंची थी. तो उनकी करंट फॉर्म को देखते हुए उन्हें वर्ल्डकप का दावेदार नहीं बताया जा रहा था. लेकिन जिस तरह से उन्होंने इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन करके खिताब जीता. अब हर तरफ ऑस्ट्रेलिया ही ऑस्ट्रेलिया हो रहा है.
Advertisement









