The Lallantop

पाकिस्तानी बॉलर के एक्शन पर मचा बवाल, ऑस्ट्रेलियन ऑलराउंडर ने सबके सामने उड़ाया मजाक!

ऑस्ट्रेलियन ऑलराउंडर Cameron Green ने पाकिस्तानी बॉलर Usman Tariq का सबके सामने उड़ाया मजाक. पाकिस्तानी बॉलर के एक्शन पर बवाल मच गया था.

Advertisement
post-main-image
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच दूसरे T20I मैच के दौरान मचा बवाल. (फोटो-AP)

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच लाहौर में T20I सीरीज चल रही है. 31 जनवरी को गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए दूसरे T20I मुकाबले में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 90 रनों से रौंद दिया. हालांकि, इस मुकाबले में पाकिस्तान के दबदबे से ज़्यादा पाकिस्तानी बॉलर को लेकर हुई कंट्रोवर्सी की चर्चा हो रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन (Cameron Green) ने पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक (Usman Tariq) के गेंदबाजी एक्शन पर सवाल उठा दिया था. आउट होने के बाद वो काफी नाराज नज़र आ रहे थे. इसके बाद उन्होंने सबके सामने उनका मज़ाक उड़ा दिया था.

क्या था पूरा विवाद?

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की पारी के दौरान 11वें ओवर में यह विवाद खड़ा हुआ. उस्मान तारिक ने रनअप के दौरान रुकते हुए लो-आर्म डिलीवरी फेंकी. इस पर कैमरन ग्रीन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में चूक गए. वो पॉइंट पर आसान कैच थमा बैठे. ग्रीन ऑस्ट्रेलिया की ओर से 20 गेंदों पर 35 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे, लेकिन तब तक टीम के पांच विकेट गिर चुके थे और रन चेज पूरी तरह बिखर चुका था.

Advertisement

आउट होने के बाद कैमरन ग्रीन काफी नाराज नज़र आए. पवेलियन लौटते वक्त उन्होंने बॉलर की ‘चकिंग’ एक्शन का इशारा किया. इसके बाद जब उन्होंने बाउंड्री लाइन पार की, तब भी उन्होंने ये इशारा दोहराया. उनकी नाराजगी का ये सीन कैमरे में कैद हो गया और तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा.

उस्मान तारिक ने मैच में बॉलिंग जारी रखी क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई टीम या मैदानी अंपायर्स ने उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई. उस्मान को टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तानी टीम में जगह मिली है. लेकिन उनके एक्शन को लेकर मचा हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है. पिछले साल पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के दौरान ही संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के चलते उनको रिपोर्ट किया गया था. 

ये भी पढ़ें : वित्त मंत्री ने 'खेलो इंडिया मिशन' शुरू करने का रखा प्रस्ताव, पता है किसे होगा बड़ा फायदा

Advertisement

मैच में क्या हुआ?

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और टी20 इंटरनेशनल में अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली. उन्होंने 40 गेंदों पर 76 रन ठोके. इसमें ताकत और टाइमिंग का बेहतरीन मिश्रण दिखा. उनका साथ उस्मान खान ने दिया, जिन्होंने 36 गेंदों में 53 रनों की तेज़तर्रार पारी खेली. इन दोनों की पारियों के दम पर पाकिस्तान ने 5 विकेट पर 198 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान का ये अब तक का सबसे बड़ा T20 स्कोर बन गया है.

पाकिस्तान के स्पिन बॉलर्स ने ऑस्ट्रेलियाई टेलेएंडर्स को सांस लेने का मौका तक नहीं दिया. अबरार अहमद ने 14 रन देकर तीन विकेट झटके. वहीं शादाब खान ने 26 रन देकर तीन विकेट और उस्मान तारिक ने 16 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए.

हैरानी की बात यह रही कि ऑस्ट्रेलिया के सभी 10 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने ही लिए. पूरी टीम 108 रन पर 15.4 ओवर में सिमट गई. पाकिस्तान की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I में सबसे बड़ी जीत रही. इससे पहले, 2018 में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 66 रनों से हराया था.

दोनों कप्तानों ने क्या कहा?

मैच के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने कहा,

यह एक परफेक्ट गेम था. बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में हमने शानदार प्रदर्शन किया. हम स्कोरलाइन को भूलकर उसी इंटेंसिटी के साथ खेलना चाहते हैं और यही एनर्जी वर्ल्ड कप तक ले जाना चाहते हैं.

वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने उनकी टीम को पूरी तरह आउटप्ले किया. हालांकि, आगा ने बातों-बातों में ही वर्ल्ड कप में भागीदारी को लेकर पुष्टि कर दी. इससे पहले, पीसीबी ने भी एक पोस्ट कर पुष्टि की थी. लेकिन, बाद में उन्होंने इसे डिलीट कर दोबारा पोस्ट किया. 

वीडियो: आकाश चोपड़ा ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को क्यों ट्रोल किया?

Advertisement