The Lallantop

वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान तगड़ा खेली, पर उसका सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया से पड़ गया

सबको चौंकाने वाली टीम के अंडर-19 टूर का दुखद अंत.

Advertisement
post-main-image
ऑस्ट्रेलिया पहुंचा अंडर 19 वर्ल्डकप के फाइनल में.
न्यूजीलैंड में चल रहा अंडर 19 वर्ल्डकप. 16 टीमों ने हिस्सा लिया. मगर एक टीम ने सबको चौंका दिया. वो टीम है अफगानिस्तान. सबसे ज्यादा चर्चा इस टीम की रहस्यमयी स्पिन को लेकर रही. जिसकी बदौलत ये टीम वर्ल्डकप के सेमीफाइनल में पहुंची. मेजबान न्यूजीलैंड को हराकर. ये एकदम 2003 के वर्ल्डकप जैसा था, जब केन्या की टीम ने सबको चौंकाते हुए सेमीफाइनल में एंट्री मारी थी. कुल मिलाकर अफगानिस्तान ने बढ़िया खेला. मगर सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के आगे उसका खेल काम नहीं आया. उसकी रहस्यमयी स्पिन भी फेल हो गई. माने ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल 6 विकेट से जीत लिया है. साथ ही अंडर 19 वर्ल्डकप के फाइनल का अपना टिकट पक्का कर लिया है.
अफगानिस्तान का सेमीफाइनल तक का सफर चौंकाने वाला रहा.
अफगानिस्तान का सेमीफाइनल तक का सफर चौंकाने वाला रहा.

मैच की बात करें तो अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया. ठीक क्वॉर्टर फाइनल मैच की तरह जिसमें उसने पहले खेलते हुए 309 रन बनाए थे. और फिर न्यूजीलैंड को 107 रनों पर समेट दिया था. मगर इस बार ये कार्ड नहीं चला. फेल हो गया. अफगानिस्तान पहले बैटिंग करते हुए महज 181 रन पर ऑलआउट हो गया. अफगानिस्तान के एकमात्र खिलाड़ी इकराम अली खान ने 80 रन बनाए. बाकी कोई खिलाड़ी 20 से ज्यादा रन नहीं बना सका. क्वॉर्टर फाइनल में चले उनको दोनों ओपनर रहमानुल्लाह और इब्राहिम सेमीफाइनल में कुछ नहीं कर पाए. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा 4 विकेट जोनाथन मेरलो ने लिए.
अफगानिस्तान का स्कोरकार्ड.
अफगानिस्तान का स्कोरकार्ड.

182 का टार्गेट था ऑस्ट्रेलिया के सामने. और चुनौती थी अफगानिस्तान के रहस्यमयी स्पिनर मुजीब जादरान. जिन्हें आईपीएल में भी खरीदार मिल गए हैं. मगर इस मैच में मुजीब कोई कमाल नहीं कर सके. महज एक विकेट लिया. ऑस्ट्रेलिया के ओपनर जैक एडवर्ड्स की 72 रन की पारी अफगानिस्तान पर सबसे ज्यादा भारी पड़ी. दूसरे ओपनर ब्रायंट का विकेट तो 26 रन के स्कोर पर ही गिर गया था. मगर इसके बाद दूसरा विकेट गिराने में अफगानिस्तान के पसीने छूट गए. 103 पर गिरा. हालांकि इसके बाद तीसरा विकेट 125 पर और चौथा विकेट 129 रन पर गिरने के बाद अफगानिस्तान को एक बार फिर उम्मीद दिखी. मगर टार्गेट इतना कम था कि ऐसा हो नहीं सका. और अफगानिस्तान का वर्ल्डकप का सफर खत्म हो गया. जैक एडवर्ड्स को उनकी बैटिंग के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया.
ऑस्ट्रेलिया का स्कोरकार्ड.
ऑस्ट्रेलिया का स्कोरकार्ड.

सो कुल मिलाकर ऑस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंच गया है. अब उसका सामना किससे होगा, ये 30 जनवरी को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के बाद तय होगा. जिसमें भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत होनी है. ऐसा पहली बार हो रहा है कि भारत और पाकिस्तान अंडर 19 वर्ल्डकप के सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं. इसलिए ये मैच तगड़ा होगा. और तगड़ा तो वैसे भी होगा. वजह आप जानते ही हैं.


ये भी पढ़ें-
IPL नीलामी : अंडर 19 वर्ल्डकप खेल रहा एक और लड़का बना करोड़पति

KKR को अपने लिए बोली लगाने से खुद गंभीर ने ही मना किया था!

IPL नीलामी में खरीदे गए प्लेयर्स का क्या कहना है

IPL नीलामी लाइव : कौन सा खिलाड़ी कितने में बिका?

अंडर 19 वर्ल्डकप में भारत और पाकिस्तान दोनों का रिकॉर्ड भयानक है

लल्लनटॉप वीडियो देखें-

Advertisement
Advertisement