बांग्लादेश 23 साल के बाद ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट दौरा कर रहा है. आधी से ज़्यादा टीम ने ऑस्ट्रेलियन धरती पर इससे पहले क्रिकेट भी नहीं खेला था. लेकिन, 16 अगस्त को जब बांग्लादेशी टीम डार्विन में उतरी तो इतिहास रचने से चंद ही कदम दूर थी. सामने वो टीम थी, जिसे 4 दिन पहले सब एकतरफा जीत का दावेदार मान रहे थे. माइटी ऑस्ट्रेलिया. लगातार दो बार की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनलिस्ट. इस बार भी WTC पॉइंट्स टेबल के टॉप पर विराजमान.
ग्रीन ने सेंचुरी से बचाई लाज, पर बांग्लादेश के हाथों ऑस्ट्रेलिया की हार तय!
Aus vs Ban Darwin Test : ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर Cameron Green की इनिंग्स ने ऑस्ट्रेलिया की पारी से हार टाल दी. लेकिन, कंगारुओं के लिए अब भी मुश्किलें कम नहीं हुई हैं. मैच अब भी बांग्लादेश की पकड़ में ही है.

हालांकि, जिस तरह का क्रिकेट बांग्लादेश ने पिछले 4 दिन में दिखाया. मेजबान ऑस्ट्रेलिया चारों खाने चित ही नज़र आई. पहले बांग्लादेश ने 198 के स्कोर पर समेटा. फिर 426 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. लगा कि दूसरी इनिंग्स में मेजबान टीम मुंहतोड़ जवाब देगी. लेकिन, अब तक कहानी बिल्कुल उलट ही नज़र आई है. बांग्लादेशी बॉलर्स ने कमाल करते हुए दूसरी इनिंग्स में भी कंगारुओं को 284 रन पर समेट दिया. बढ़त के नाम पर ऑस्ट्रेलिया के पास महज 56 रन हैं.
ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने दूसरी इनिंग्स में शानदार बैटिंग की. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया पर मंडरा रहा पारी से हार का खतरा टाल दिया. एक तरह से देखें तो टीम की लाज बचा ली. लेकिन, ऑस्ट्रेलिया की हार अब तय है. ग्रीन के विकेट के साथ ही ये तय हो गया था. ग्रीन ने दूसरी इनिंग्स में 104 रन बनाए. हसन महमूद ने उनकी गिल्लियां बिखेर दीं. इसके बाद लायन ने 15 रन जोड़े. लेकिन, कंगारुओं की बढ़त महज 56 रन की बन सकी.
ये भी पढ़ें : देवदत्त पडिक्कल ने गॉल में कैसे तोड़ा श्रीलंकाई स्पिन का मायाजाल?
हसन ने राणा की कमी महसूस नहीं होने दीबांग्लादेश अब एक ऐतिहासिक जीत से चंद कदम ही दूर है. ये जीत कई मायनों में बांग्लादेश क्रिकेट के लिए खास है. सबसे पहले तो यही कि अब तक क्रिकेट इतिहास में बांग्लादेशी टीम कभी ऑस्ट्रेलिया को उनके घर पर हराने में सफल नहीं रही है. दूसरी ये कि पेसर फ्रेंडली ट्रैक पर ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल तिकड़ी स्टार्क, कमिंस और हेजलवुड. बांग्लादेशी पेसर्स हसन महमूद और तस्कीन अहमद की जोड़ी के आगे बौनी नज़र आई.
बांग्लादेशी टीम अपने सबसे प्रमुख पेसर नाहिद राणा के बिना इस अहम मुकाबले में उतरी थी. नाहिद चोट के कारण सीरीज से बाहर हैं. ऐसे में यंग्सटर्स पर बहुत दबाव था. लेकिन, हसन महमूद ने जिस अंदाज में बॉलिंग की. कंगारू बैटर्स उनकी गेंद को खेल ही नहीं पा रहे थे. पहली इनिंग्स में पूरी टीम 198 रन पर सिमट गई. इस दौरान हसन ने 6 विकेट चटकाए. ये किसी भी बांग्लादेशी बॉलर का ऑस्ट्रेलियन धरती पर बेस्ट स्पैल है. हसन ने दूसरी इनिंग्स में भी 3 विकेट चटकाए.
वहीं, इसके बाद तंजीद की सेंचुरी ने आधे-अधूरे काम को पूरा कर दिया. दो जीवनदान को भुनाते हुए तंजीद ने अपने टेस्ट करियर की पहली सेंचुरी लगाई. ये किसी बांग्लादेशी बैटर का ऑस्ट्रेलिया में बेस्ट इंडिविजुअल स्कोर है. हालांकि, दूसरी इनिंग्स में वो खाता खोलने से पहले ही आउट हो गए.
वीडियो: WTC Final के लिए टीम इंडिया को हर हाल में श्रीलंका से जीतना होगा










