एशियन गेम्स में 28 सितंबर का दिन भी भारतीय एथलीट्स के नाम रहा. जैसे ही ईवनिंग सेशन शुरू हुआ, एक के बाद एक मेडल की लाइन लग गई. भारत ने लॉन्ग जंप, थ्रो इवेंट्स के साथ ट्रैक इवेंट्स में भी मेडल जीता.
Asian Games: टखना मुड़ने के बावजूद मुरली ने जीता सिल्वर, पारुल ने गंवाया गोल्ड
एथलीट्स ने 28 सितंबर को भारत के खाते में चार मेडल शामिल किए. इसमें दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. लॉन्ग जम्पर मुरली श्रीशंकर ने चोटिल होने के बावजूद सिल्वर मेडल जीता.

लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर नागोया में अपने सिल्वर मेडल का रंग बदलने उतरे थे. लेकिन चोट के कारण वह ऐसा नहीं कर सके. उन्होंने अपने दूसरे अटेंप्ट में प्रयास में 8.07 मीटर का जंप लगाया. उनका तीसरा अटेंप्ट फाउल रहा. इवेंट के दौरान काफी बारिश हो रही थी. ट्रैक पर भी काफी पानी था. श्रीशंकर को यही पानी भारी पड़ गया. चौथे अटेंप्ट में उनका टखना मुड़ गया. वह काफी दर्द में दिखे. मेडिकल ग्रुप ने उनका इलाज किया.
श्रीशंकर ठीक तरह चल भी नहीं पा रहे थे. इस वजह से वह बचे हुए दो अटेंप्ट नहीं ले सके. लेकिन 8.07 मीटर के जंप ने ही उन्हें सिल्वर मेडल दिला दिया. इवेंट का गोल्ड मेडल चीन के शी युहाओ के नाम रहा. उन्होंने 8.17 मीटर का जंप किया था. मुरली केवल 1 सेंटीमीटर के अंतर से गोल्ड मेडल से चूक गए.
गुलवीर सिंह ने अपने खाते में एक और मेडल जोड़ा. गुलवीर ने 1500 मीटर इवेंट में भी 3:36.72 सेकंड का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता. यह उनका इन गेम्स में दूसरा सिल्वर मेडल है. इससे पहले उन्होंने 10000 मीटर के इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीता था. 1500 मीटर के इवेंट का गोल्ड जापान के काजुतो ईजावा के नाम रहा. काजुतो ने तीन मिनट 36.35 सेकेंड का खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया. उनके हमवतन नागिया मोरी ने तीन मिनट 37.92 सेकंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. गुलवीर सिंह के अलावा भारत के यूनुस शाह ने भी इस इवेंट में हिस्सा लिया था. वो तीन मिनट 43.88 सेकंड के समय के साथ नौवें स्थान पर रहे.
यह भी पढ़ें- Asian Games: पीटी उषा का 42 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, विथ्या रामराज ने जीता ब्रॉन्ज
5000 मीटर दौड़ के फाइनल में पारुल ने 15:14.61 मिनट का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल जीता. पारुल का यह एशियन गेम्स में 5000 मीटर का लगातार दूसरा मेडल है. उन्होंने 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में इसी इवेंट में गोल्ड मेडल जीता था. पारुल का नागोया एशियाड में यह दूसरा मेडल है. इससे पहले 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं. उस इवेंट में 9:08.67 मिनट का समय निकालकर अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ चुकी हैं. अनुभवी ट्रैक एथलीट अविनाश साबले पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में अपना खिताब बरकरार रखने में नाकाम रहे. उन्होंने 8:21.67 सेकंड के सीजन बेस्ट प्रदर्शन के बावजूद पांचवां स्थान हासिल किया.
वीडियो: एशियन गेम्स के 7 वें दिन शूटिंग में भारत को एक और मेडल, एथलेटिक्स में पदकों की भरमार












