अगर कभी स्किन जल जाए, नाक से खून आने लगे या कहीं कट लग जाए. तो सबसे पहले आप क्या करते हैं? अक्सर वही करते हैं, जो सुना होता है. माने कट लगने पर हल्दी लगाने लगते हैं. स्किन जलने पर टूथपेस्ट और नाक से खून आने पर तुरंत सिर पीछे कर लेते हैं.
जले पर टूथपेस्ट और कटे पर हल्दी लगाना सही है? डॉक्टर ने सच बताया
डॉक्टर से जानेंगे कि क्या स्किन जलने पर टूथपेस्ट लगाना चाहिए. क्या नाक से खून आने पर सिर पीछे करना ठीक रहता है. कट लगने पर हल्दी लगाना काम का है या नहीं. अगर कोई व्यक्ति चोक हो रहा हो, तो उसकी पीठ ज़ोर-से थपथपानी चाहिए या नहीं.

लेकिन हर बार सुना-सुनाया तरीका सही हो, ऐसा ज़रूरी नहीं है. तो आज फर्स्ट ऐड से जुड़ी कुछ सुनी-सुनाई बातों का सच पता करेंगे. डॉक्टर से जानेंगे कि क्या स्किन जलने पर टूथपेस्ट लगाना चाहिए. क्या नाक से खून आने पर सिर पीछे करना ठीक रहता है. कट लगने पर हल्दी लगाना काम का है या नहीं. अगर कोई व्यक्ति चोक हो रहा हो, तो उसकी पीठ ज़ोर-से थपथपानी चाहिए या नहीं.
स्किन जल जाए तो टूथपेस्ट लगाना फ़ायदेमंद?
हमें बताया डॉक्टर मिशा बंसल गर्ग ने.

किचन में काम करते हुए कभी स्किन जल जाए या उस पर गर्म तेल गिर जाए. तब ऐसे में कई लोग तुरंत जली हुई जगह पर टूथपेस्ट लगा लेते हैं. लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए. जली हुई जगह पर टूथपेस्ट या बर्फ नहीं लगानी चाहिए. इससे जली हुई स्किन को और नुकसान हो सकता है और छाले पड़ सकते हैं. इसलिए बेहतर यही है कि जली हुई जगह को 5 से 10 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें. इससे जली हुई जगह को ठंडा करने में मदद मिलेगी. इसके बाद ज़रूरत के हिसाब से डॉक्टर को दिखाएं.
ये भी पढ़ें: गर्दन की नस चढ़े तो एक्सरसाइज नहीं ये काम करें
नाक से खून आने पर सिर पीछे करना चाहिए?
अगर कभी नाक से खून आने लगे, तो अपना सिर पीछे नहीं करना चाहिए. इससे खून सांस की नली में जा सकता है. जिससे बाद में निमोनिया या कार्डियक अरेस्ट भी हो सकता है. इसलिए एक आइस पैक अपने सिर पर लगाएं. फिर एक रुमाल से 5 मिनट के लिए नाक को दबाकर रखें. अपना सिर भी आगे की ओर करें. इससे नाक से खून आना बंद हो जाएगा.
कट लगने पर हल्दी लगाना काम का है या नहीं?
कई बार किचन में काम करते हुए हाथ पर कट लग जाता है. ऐसे में कुछ लोग कट वाली जगह पर नेल पॉलिश या हल्दी लगा लेते हैं. लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए. हमें नहीं पता कि ये मसाले मिलावटी हैं या कितने तीखे हैं. इनसे घाव में जलन या एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है. इसलिए बेहतर रहेगा कि कट वाली जगह पर साफ कपड़ा रखकर दबाव बनाएं. खून रुकने के बाद डॉक्टर से पूछकर कोई क्रीम लगा सकते हैं.
ये भी पढ़ें: ये 6 टिप्स मान लीं तो कभी पेशाब का इंफेक्शन नहीं होगा
चोकिंग में व्यक्ति की पीठ ज़ोर-ज़ोर से थपथपानी चाहिए?
कई बार गले में खाना फंस जाता है और चोकिंग हो सकती है. अगर व्यक्ति ज़ोर से खांस पा रहा है, तो उसे खांसने के लिए कहें. खांसने से कई बार फंसी हुई चीज़ बाहर निकल जाती है. लेकिन अगर ऐसा नहीं है तो हेमलिक मैन्युवर दे सकते हैं. इसमें पीछे से पेट के ऊपरी हिस्से पर अंदर और ऊपर की तरफ़ ज़ोर दिया जाता है. इसके बाद ज़रूरत पड़ने पर 5 बार पीठ पर थपकी दें और फिर 5 बार पेट पर ज़ोर दें. इससे कई बार चीज़ें बाहर आ जाती हैं. ये उन लोगों में न करें, जो खांस सकते हैं या सांस ले रहे हैं. उनमें पीठ पर 5 बार तेज़ और मजबूत तरीके से थपथपाने पर चीज़ बाहर आ जाएगी.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)
वीडियो: सेहत: फेफड़ों को डिटॉक्स कैसे करें?













