जापान के आइची नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत को एक और मेडल मिल गया है. महिलाओं की 200 मीटर रेस में भारतीय एथलीट हरिता भद्रा ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है. उन्होंने यह रेस 23.20 सेकेंड में पूरी की और जापान की एथलीट अबिगेइरुफुका इडो को सिर्फ 0.01 के अंतर से पीछे छोड़ दिया. इसके अलावा, 27 सितंबर को भारत ने बॉक्सिंग में भी 3 मेडल पक्के किए हैं. बॉक्सर अकंश पंघाल, परवीन हुड्डा और नरेंद्र बेरवाल अपनी-अपनी कैटेगरी के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं.
0.01 सेकेंड से चूका जापान, 200 मीटर रेस में मेडल जीत गईं भारत की हरिता भद्रा
Asian Games 2026 में भारत की स्प्रिंटर Harita Bhadra ने भारत को एक और मेडल दिलाया है. इसके अलावा बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाजों ने तीन पदक पक्के कर लिए.

महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाली हरिता ने 200 मीटर रेस में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी. उनसे सिल्वर मेडल की उम्मीद की जा रही थी लेकिन वह चीन की एथलीट युजी चेन से आगे नहीं निकल पाईं. युजी चेन ने 22.93 सेकेंड में रेस पूरी कर सिल्वर मेडल पर कब्जा कर लिया. हरिता इवेंट में तीसरे नंबर पर रहीं.
महिलाओं की 200 मीटर रेस का गोल्ड मेडल सिंगापुर की शांति परेरा ने जीता. उन्होंने 22.78 सेकेंड का समय निकालकर रेस पूरी की. महिलाओं की इस 200 मीटर रेस के फाइनल में भारत की एक और महिला एथलीट उन्नाथी आयप्पा ने भी पार्टिसिपेट किया लेकिन 23.48 सेकेंड में रेस पूरी कर वह छठे नंबर पर रहीं.
एशियन गेम्स के 9वें दिन भारत के महिला और पुरुष बॉक्सर्स ने भी कमाल दिखाया. उन्होंने बॉक्सिंग में 3 मेडल पक्के किए. बॉक्सर अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेक्रूज सलीमोव को 5-0 हराकर सेमीफाइनल में एंट्री की. बॉक्सिंग में सेमीफाइनल में पहुंचने पर कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का हो जाता है.
इसके बाद भारत की महिला बॉक्सर परवीन हुड्डा ने महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश किया. उन्होंने क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान की वर्ल्ड चैंपियनशिप्स की सिल्वर मेडलिस्ट नवबखोर खामिदोवा को हराया. परवीन ने उज्बेकिस्तान की बॉक्सर से यह मुकाबला 5-0 से जीता.
ये भी पढ़ें: Asian Games: स्क्वॉश में अनाहत-अभय ने जीते सिल्वर, डायरेक्ट ओलंपिक क्वालिफिकेशन से चूके
इन दोनों बॉक्सर के अलावा, भारत के एक और बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल भी सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं. उन्होंने प्लस 90 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के बॉक्सर अदथापोंग सेंगतेप को पहले ही राउंड में हरा दिया. नरेंद्र ने पहले राउंड में सेंगतेप पर पंच की बारिश कर दी. उनके जोरदार पंच सेंगतेप झेल नहीं पाए. वह पहले ही राउंड में तीन बार जमीन पर गिरे. इसके बाद उनकी चुनौती खत्म हो गई.
वीडियो: रोशिबिना देवी ने वुशु में जीता सिल्वर, एशियन गेम्स में लगाई मेडल की हैट्रिक









