भारतीय महिला टीम अगले हफ्ते एशिया कप 2026 में हिस्सा लेगी. भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में जीत की बड़ी दावेदार है. लेकिन क्या इस बार टूर्नामेंट जीतने पर भारत को ट्रॉफी मिलेगी? पिछले साल भारत ने एशिया कप जीता था, हालांकि भारत को अब तक वह ट्रॉफी नहीं मिली है. ऐसा इसलिए क्योंकि भारत ने एशिया क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. मोहसिन अब भी एसीसी के अध्यक्ष हैं, ऐसे में एक बार फिर पिछले एशिया कप का मुद्दा उठ गया है.
महिला एशिया कप में मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेगा भारत? क्या है BCCI का प्लान?
पिछले साल पहलगाम हमला और फिर ऑपरेशन सिंदूर के कारण एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच टेंशन नजर आई थी. भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था और न ही जीत के बाद मोहसिन नकवी से ट्रॉफी रिसीव की थी.

पिछले साल पहलगाम हमले और फिर ऑपरेशन सिंदूर के कारण भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था. बोर्ड ने नकवी के भारत विरोधी बयानों का हवाला देते हुए उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. नकवी भी ट्रॉफी लेकर चले गए, जो अभी तक विजेता टीम को नहीं सौंपी गई है.
क्या है BCCI का प्लान?अब बात करते हैं महिला एशिया कप की. यह टूर्नामेंट 28 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा. यहां भी भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है. लीग राउंड में उनका मुकाबला पांच सितंबर को होना है. लेकिन इसके बाद दोनों का सामना फाइनल में ही हो सकता है.
अगर हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम महिला एशिया कप जीत जाती है तो क्या होगा? क्या टीम नकवी से ट्रॉफी लेगी? अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान अगर नकवी मंच पर मौजूद होते हैं तो फिर आगे क्या होगा? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में BCCI का रुख अभी साफ नहीं है. बोर्ड ने यह तो साफ कर दिया है कि भारत किसी भी तरह की औपचारिक बातचीत नहीं करेगा. लेकिन ट्रॉफी लेगा या नहीं, यह तय नहीं है. इसका फैसला टूर्नामेंट के दौरान ही किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- गेंद हवा में घूमी और खेल खत्म! मानव सुथार ने दिखाई 'क्लासिकल' स्पिन की झलक
भारत के पास क्या हैं विकल्प?रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले साल की तरह विवाद न हो, इसके लिए बोर्ड कुछ विकल्प तलाश रहा है. उनका कहना है कि नकवी खुद ट्रॉफी न दें. एशियाई क्रिकेट काउंसिल का कोई अन्य अधिकारी यह ट्रॉफी दे. ऐसे में दोनों ही देश पिछले साल जैसी स्थिति से बच सकते हैं.
आपको बता दें कि पुरुष एशिया कप की ट्रॉफी फिलहाल दुबई में एसीसी हेडक्वार्टर में रखी हुई है. नकवी यह मांग कर रहे हैं कि भारत को अगर वह ट्रॉफी चाहिए तो उन्हें वहीं आकर ट्रॉफी ले जानी होगी. इस मामले को लेकर BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ICC की बैठक के दौरान नकवी से मुलाकात की थी. दोनों के बीच चीजें तो सामान्य हुईं, लेकिन ट्रॉफी का मुद्दा नहीं सुलझ पाया था.
वीडियो: WTC Final के लिए टीम इंडिया को हर हाल में श्रीलंका से जीतना होगा












