उत्तर प्रदेश के झांसी में शादी के कुछ महीने बाद ही एक महिला की मौत हो गई. मामला चर्चा में आया एक सीसीटीवी फुटेज की वजह से. मृतक महिला अपने पति के साथ होटल में गई थी. वहां वो अचानक गिरी और उसकी मौत हो गई. मृतक के परिवार ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि दामाद ने पहले भी किसी और लड़की से शादी की थी. घटना वाले दिन वही उनकी बेटी को अपने साथ ले गया था. मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
पत्नी को मायके से होटल ले गया पति, रूम के बाहर अचानक गिरी, फिर कभी नहीं उठी
Jhansi woman enters hotel room collapses dies: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक नवविवाहिता महिला की होटल में अचानक गिरने के बाद मौत हो गई. पुलिस मामले में पति से पूछताछ कर रही है.

मृतक की पहचान 28 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है. वह झांसी के नैनागढ़ की रहने वाली थीं. 29 जून, 2026 को उनकी शादी विदिशा के रहने वाले निलेश से हुई थी. निलेश की उम्र 33 वर्ष है. वो MP ग्रामीण बैंक में सोसाइटी मैनेजर के पद पर तैनात हैं.
CCTV फुटेज में रिकॉर्ड घटनाइंडिया टुडे से जुड़े प्रमोद कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, निलेश और मुस्कान ‘ऋषभ’ नाम के होटल में रुके थे. 25 अक्टूबर को चेकआउट से पहले मुस्कान अचानक पीछे की तरफ गिर गईं. उन्हें अस्तपाल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें देखा जा सकता है कि निलेश, मुस्कान और एक स्टाफ मेंबर होटल की गैलरी से कमरे की ओर जाते हैं. पति और स्टाफ कमरे के अंदर चले जाते हैं. मुस्कान गेट के दरवाजे के पास कुछ सेकेंड खड़ी होती हैं. फिर खड़े-खड़े ही पीछे की तरफ गिर जाती हैं. कुछ सेकेंड बाद पति निलेश पत्नी को उठाते हैं और अंदर ले जाते हैं.
बेटी की मौत के बाद पीड़ित पिता रामजी लाल ने दामाद पर 'हत्या' का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि निलेश उनकी बेटी को परेशान करता था.
रामजी लाल ने कहा कि 28 तारीख को उनकी बेटी का JE का पेपर था. इसलिए उसे मायके लाए थे. लेकिन निलेश अचानक आकर उसे ले गया. उन्होंने कहा,
"लड़का 23 तारीख की रात को आया था. बेटी को झूठ बोलकर अपने साथ ले गया. कहा कि अपनी मौसी के घर गणेश बिहार जा रहा है. आज हमारे पास फोन आया कि आप रुद्र होटल आ जाइए. रुद्र होटल झांसी में नहीं है. जब पता किया तो वह ऋषभ होटल निकला. हमें पता लगा कि मौसी के ना लेकर वो उसे होटल में ले गया."
ये भी पढ़ें: अनंत सिंह का परिवार रडार पर? पत्नी से सरकार ने मंत्री पद छीना, बंगला भी खाली करना होगा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई

मुस्कान के पिता ने कहा कि सवाल करने पर निलेश इधर-उधर ‘भागता’ रहा. फिर वे लोग अस्पताल गए, जहां बेटी का शव था. रामजी लाल ने आरोप लगाते हुए कहा,
"दामाद ने मुंह पकड़कर दीवार में मार दिया. क्योंकि उसके सिर में चोट लगा है. मुस्कान ने बताया था कि उसकी (दामाद) शादी पहले भी हो चुकी थी. दूसरी पत्नी इंदौर में रहती थी. अक्सर उसके चक्कर में परेशान करता था. कहता था कि 'वो अच्छी है, तुम नहीं."
पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस के माध्यम से सीपरी बाजार थाना पुलिस को महिला की जानकारी मिली थी. पति ने पूछताछ में बताया कि चेकआउट के दौरान पत्नी अचानक गिर गई. उसे होटल स्टाफ की मदद से ऑटो करके अस्पताल लाया गया था.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान CCTV कैमरा में दिखा कि वह कमरे में गई और गिर गई. पिता की तरफ से जो आरोप लगाए गए हैं, उनकी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो जानकारी सामने आएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. पति से पूछताछ चल रही है. अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई.
वीडियो: मणिपुर में फिर बढ़ा तनाव, मैतेई की हत्या के विरोध में 48 घंटे का बंद










