The Lallantop

'...मुझसे राय मांगने मत आइएगा' - अकरम ने अर्शदीप से ऐसा क्यों कहा?

अर्शदीप T20 वर्ल्ड कप की टीम में हैं.

Advertisement
post-main-image
वसीम अकरम और अर्शदीप सिंह (फाइल)

इंडिया के युवा पेसर अर्शदीप सिंह. IPL 2022 में शानदार प्रदर्शन करने के बाद से अर्शदीप इंडियन टीम का हिस्सा हैं. टीम में आने के बाद से ही अर्शदीप ने डेथ ओवर्स में शानदार बॉलिंग की है. एशिया कप के दौरान अर्शदीप की मुलाकात उनके आइडल वसीम अकरम से हुई. इस मुलाकात के बारे में अर्शदीप के बचपन के कोच जसवंत राय ने बताया कि अकरम ने अर्शदीप से क्या कहा था. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जसवंत ने बताया कि वसीम अकरम ने अर्शदीप से कहा था कि अगर वो खुद को परफेक्ट समझते हैं, तो उनके पास सलाह के लिए ना आएं. राय ने कहा कि मुलाकात से पहले ही अकरम की इस बात के बारे में अर्शदीप बहुत देर तक सोचते रहे. हालांकि बाद में अर्शदीप और अकरम के बीच काफी लंबी बातचीत हुई.

जसवंत ने एक यूट्यूब चैनल पर कहा -

Advertisement

‘अर्शदीप ने मुझे बताया कि उनकी मुलाकात वसीम भाई से हुई. वसीम ने उनसे कहा, सरदार जी, आप अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं. आप अच्छे बॉलर हैं. अगर आप सोचते हैं कि आप परफेक्ट हैं, तो मेरे पास राय मांगने मत आइएगा. लेकिन अगर आपको मेरा सुझाव चाहिए हो या मुझसे कुछ सीखना चाहते हो, तो बिल्कुल आना.’

जसवंत ने आगे कहा -

‘अर्शदीप रात तक अकरम की इस बात के बारे में सोचते रहे. उन्हें लगा कि अगर वो अकरम से मिलने नहीं जाते हैं, तो अकरम बुरा मान जाएंगे और सोचेंगे कि सरदार जी को सब पता है. इसलिए अगले ही दिन उन्होंने अकरम से मुलाकात की और बात की.’

Advertisement

एशिया कप के दौरान अकरम लगातार अर्शदीप की तारीफ़ करते नज़र आए थे. एशिया कप के इंडिया-पाक मैच में अर्शदीप से एक कैच मिस हुआ था. जिसके बाद उन्होंने आखिरी ओवर में शानदार बॉलिंग की और इंडिया को मैच जिताने के करीब ले आए थे. कैच ड्रॉप पर अर्शदीप को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया. इसपर वसीम ने कहा था -

‘अर्शदीप के पास टैलेंट है. जिस तरह से उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ़ आखिरी ओवर में बॉलिंग की, वो शानदार थी. उन्होंने एक कैच ड्रॉप किया. नॉकआउट मैच में हम सब प्रेशर में कैच ड्रॉप करते हैं. इससे दुनिया खत्म नहीं हो जाती. सोशल मीडिया पर जो भी चल रहा है, मैंने वो देखा है. मुझे अर्शदीप के लिए दुख हुआ. हमें उनको सपोर्ट करना चाहिए. मेरे हिसाब से वो इंडियन क्रिकेट का भविष्य हैं.’

इंडिया ऑस्ट्रेलिया की सीरीज़ में अर्शदीप खेलते नजर आ सकते हैं. टीम में जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल की वापसी हुई, तो ये देखना दिलचस्प होगा कि अर्शदीप को प्लेइंग XI में जगह मिलती है या नहीं. 

अर्शदीप सिंह पर पाकिस्तान का ये कमेंट सुनना चाहिए

Advertisement