Prabhas की Adipurush को भले हर डिपार्टमेंट में लताड़ा गया हो. मगर उसके गानों को जनता से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. दूसरी तरफ़, Ranbir Kapoor की Ramayana को लगभग हर मामले में अच्छा फीडबैक मिल रहा है. केवल इसके गानों को छोड़कर. इस बात पर Manoj Muntashir ने 'रामायण' के मेकर्स और Kumar Vishwas पर तंज कस दिया. उनके मुताबिक, 'आदिपुरुष' के डायलॉग्स जरूर खराब थे. मगर इसके गानों में उन्होंने नर्सरी राइम्स और कव्वाली नहीं लिखी.
"मैंने कव्वालियां नहीं लिखीं..." - 'रामायण' के गानों पर मनोज मुंतशिर ने कुमार विश्वास का मजाक उड़ा दिया
मनोज मुंतशिर ने कहा कि काश 'रामायण' के गानों में उनका 'आदिपुरुष' वाला कारनामा दोहराया जाता.

हाल ही में 'रामायण' का 'मंगल रंग' गाना रिलीज़ किया गया था. उसे सुन लोगों ने एआर रहमान पर आरोप लगाया कि उन्होंने 'रॉकस्टार' के 'कुन फाय कुन' कव्वाली की नकल उतारी है. उसके आगे-पीछे आए गानों को भी कुछ ऐसा ही रिस्पॉन्स मिला. ऐसे में एक न्यूज चैनल ने पूरे मसले को एड्रेस करते हुए कहा कि लोग 'रामायण' में कव्वाली का इस्तेमाल किए जाने पर नाराज़ हैं. इस कारण अयोध्या के साधु-संत फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग कर रहे. लेकिन 'रामायण' की आलोचना करते-करते चैनल वालों ने ये कह दिया कि ‘रामायण’ में मनोज मुंतशिर वाला कारनामा दोहराया जा रहा है.
मनोज, जिन्होंने 'आदिपुरुष' के डायलॉग्स के अलावा उसके गाने भी लिखे हैं, इतना पढ़ते ही फूट पड़े. उस चैनल के पोस्ट को रीशेयर करते हुए वो लिखते हैं,
"मनोज मुंतशिर वाला कारनामा? बड़ी जाहिलों जैसी बात की है देश के स्वघोषित सर्वश्रेष्ठ न्यूज़ चैनल ने. मेरे भाई, काश रामायण के गीतों में मेरा वाला कारनामा दोहराया जाता. आदिपुरुष बहुत ख़राब फ़िल्म थी. संवाद और भी ख़राब थे. लेकिन गीत तो देश का बच्चा-बच्चा गाता है. कभी जाइए श्री अयोध्या पुरी. गली-गली में आदिपुरुष के ही गीत बज रहे होते हैं."
बातों-बातों में मनोज ने 'रामायण' के लिरिक्स राइटर कुमार विश्वास को भी आड़े हाथ ले लिया. वो लिखते हैं,
"जो ग़लती मुझसे हुई, मैंने उसके लिए अनगिनत बार रामभक्तों से क्षमा मांगी और क्षमा मिली भी. लेकिन गीतों को चैलेंज मत करिए. उनमें श्रद्धा, समर्पण और कवित्त की कोई कमी नहीं थी. न मैंने राम के लिए नर्सरी राइम्स लिखीं, न कव्वालियां. आगे लोग समझदार हैं. जानते हैं कि कौन कितने पानी में है. जय श्री राम."

वैसे, इंटरनेट पर पिछले कुछ दिनों से लोग मनोज मुंतशिर का एक पैटर्न नोटिस कर रहे हैं. जब-जब 'रामायण' वाले अपनी फिल्म का गाना रिलीज़ करते हैं, उसके कुछ देर बाद मनोज भी सोशल मीडिया पर 'आदिपुरुष' के गीत शेयर कर देते हैं. इस कारण इंटरनेट पर दोनों फिल्मों के गानों में एक अनकहा कॉम्पटीशन शुरू हो गया है. बाकी जहां तक मनोज वाले कमेंट की बात है, खबर लिखे जाने तक उस पर कुमार विश्वास या 'रामायण' से जुड़े किसी अन्य शख्स ने कोई कमेंट नहीं किया.
वीडियो: 'रामायण' ने बॉक्स ऑफिस पर शुरू किया खेल! रणबीर कपूर की फिल्म ने तोड़ा रिकॉर्ड













