एमएस धोनी (MS Dhoni) की टीम चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीन मैच जीतकर आ रही थी. टेबल में सबसे ऊपर थी. 27 अप्रैल को CSK का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से हुआ. RR ने पहले बैटिंग की और बोर्ड पर 202 रन टांग दिए. चेज़ करने उतरी CSK के लिए डेवन कॉन्वे और रुतुराज गायकवाड ओपन करने उतरे. कॉन्वे अब तक लगातार चार पचासे जड़ चुके थे. पर राजस्थान के लिए बॉलिंग की शुरुआत की एक ऐसे पेसर ने, जिसे ऑक्शन में खरीदा तक नहीं गया था.
वो 5 प्लेयर्स जिन्हें सब भूल गए थे, अब IPL में धमाल मचा रहे हैं!
एक ने 30 महीने बाद IPL में वापसी की है. मेगा ऑक्शन में बिके तक नहीं थे.
.webp?width=360)

नाम है संदीप शर्मा. शर्मा ने अपनी टीम को कमाल की शुरुआत दिलाई. मैच के बाद धोनी ने भी कहा कि पावरप्ले में कमजोर शुरुआत की वजह से ही उनकी टीम मैच हार गई. संदीप के अलावा और भी कई ऐसे प्लेयर हैं, जिनका करियर लगभग खत्म माना जा रहा था. लोग नाम भूल चुके थे. लेकिन इस सीज़न वो प्लेयर्स अपनी टीम के लिए कमाल कर रहे हैं. कौन हैं वो पांच प्लेयर्स? उनके बारे में आपको बताते हैं.
संदीप शर्मा
संदीप से ही शुरू करते हैं. अपनी बेहतरीन स्विंग बॉलिंग के लिए जाने-जाने वाले बोलर को इस सीज़न कोई खरीदार नहीं मिला था. हालांकि प्रसिद्ध कृष्णा के चोटिल होने के बाद उन्हें राजस्थान ने अपनी टीम में शामिल किया. राजस्थान रॉयल्स ने न केवल टीम में लिया, बल्कि प्लेइंग इलेवन में भी मौका दिया. और संदीप ने चेन्नई के खिलाफ शानदार बॉलिंग कर अपनी टीम को जीत दिला दी. संदीप ने अब तक 110 IPL मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम कुल 121 विकेट हैं.
मोहित शर्मा
34 साल के पेसर मोहित शर्मा को पंजाब के खिलाफ गुजरात टाइटन्स ने यश दयाल की जगह मौका दिया गया. और मोहित ने टीम मैनेजमेंट के फैसले को बिल्कुल सही साबित किया. उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. उन्हें इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. IPL 2014 के पर्पल कैप होल्डर मोहित ने IPL में अब तक 90 मुकाबले खेले हैं. जिसमें उनके नाम 26.02 की औसत से 98 विकेट दर्ज हैं. 30 महीने IPL से दूर रहने वाले मोहित पिछले साल गुजरात के लिए नेट्स बोलर बने थे. वहीं IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में गुजरात ने उन्हें बेस प्राइस पर साइन किया था. मोहित ने इस सीज़न चार मैच खेल 6.15 की औसत से छह विकेट निकाले हैं.
इशांत शर्मा
टीम इंडिया के पेसर इशांत शर्मा ने आखिरी बार 2021 में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेला था. IPL 2022 में भी इशांत को मौका नहीं मिला. 2023 मिनी ऑक्शन में दिल्ली ने उन्हें बैकअप के दौर पर खरीदा. दिल्ली ने उन्हें मौका दिया, और इशांत ने अपने अनुभव का सबूत दिया. इशांत ने अब तक IPL 2023 में सिर्फ दो मैच ही खेले हैं, और तीन विकेट निकाले हैं. इस दौरान इशांत का औसत 12.33 और उनकी इकनॉमी 5.29 की रही है. इशांत ने एक बार फिर अपनी क्वालिटी का सबूत दिया है. अपनी पूर्व टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ इशांत ने शानदार बॉलिंग की थी.
अमित मिश्रा
इस लिस्ट में अगला नाम है IPL के लेजेंडरी लेग स्पिनर अमित मिश्रा का. 40 साल के अमित इस सीज़न लखनऊ सुपरजाएंट्स की टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने इस सीज़न सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में शानदार बॉलिंग की. मिश्रा ने इस मैच में 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट लिए. वहीं उन्होंने मैच के दौरान एक बेहतरीन कैच भी लपका. IPL 2022 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में मिश्रा अनसोल्ड रहे थे. वहीं IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में लखनऊ सुपरजाएंट्स ने उन्हें उनके बेस प्राइस यानी 50 लाख रुपए में खरीदा. अमित मिश्रा के IPL करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 159 मैच में अब तक कुल 170 विकेट हासिल किए हैं.
अजिंक्य रहाणे
लिस्ट में आखिरी नाम है भरोसेमंद प्लेयर अंजिक्य रहाणे का. चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने वाले रहाणे ने अपने पहले और टीम के तीसरे मुकाबले में मुंबई के खिलाफ महज 18 गेंद पर अर्धशतक जमाया था. जो कि उस दौरान इस सीजन में बनाया गया सबसे तेज अर्धशतक था. रहाणे इस सीज़न अलग ही लय में नज़र आए हैं. 190 की स्ट्राइक रेट, 44 की औसत से 224 रन बनाने वाले रहाणे ने फै़न्स को खूब एंटरटेन किया है. उनकी बैटिंग और फॉर्म को देखते हुए रहाणे को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के लिए टेस्ट टीम में जगह दी गई है. लोग उनका IPL करियर खत्म मानकर चल रहे थे, मगर फिर चेन्नई ने उनको खरीदा. खेलने का मौका दिया. और उसके बाद क्या हुआ, वो आपके सामने है.
वीडियो: रोहित शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स को हराने के बाद युवा प्लेयर्स का दिल खुश कर दिया!





















