उत्तराखंड में चार धाम की यात्रा शुरू हो चुकी है. हर रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम के दर्शन करने पहुंच रहे हैं (Yamunotri Dham Viral News). इस बीच यात्रा से जुड़े फोटो- वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हैं. ये यमुनोत्री धाम के हैं. इनमें पहाड़ी के रास्ते खचाखच भीड़ से भरे हुए दिख रहे हैं. इस बीच उत्तरकाशी पुलिस ने लोगों से अपनी यात्रा स्थगित करने की अपील कर दी है. साफ कह दिया है कि अब यात्रा करने में जोखिम है.
यमुनोत्री में जोखिम, आप अभी... 'खतरनाक' वीडियो आने के बाद श्रद्धालुओं के लिए पुलिस का मैसेज
सोशल मीडिया पर Yamunotri Dham (यमुनोत्री धाम) के कुछ Video Viral हैं. खतरनाक पहाड़ के टूटे-फूटे रास्ते पर भारी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं.

12 मई को उत्तरकाशी पुलिस ने ट्विटर पर अपने एक पोस्ट में लिखा,
जरूरी सूचना! आज श्री यमुनोत्री धाम पर क्षमता के हिसाब से पर्याप्त श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं. अब और ज्यादा श्रद्धालुओं को भेजना जोखिम भरा है. जो भी श्रद्धालु आज यमुनोत्री यात्रा पर आ रहे हैं उनसे विनम्र अपील है कि अपनी यात्रा स्थगित कर दें.
सोशल मीडिया पर यमुनोत्री धाम के कुछ वीडियो भी वायरल हैं. इनमें खतरनाक पहाड़ के रास्ते पर भारी संख्या में श्रद्धालु दिख रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं.
मामले पर उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने आजतक को बताया कि वायरल वीडियो 10 मई का है. ये जानकी चट्टी और यमुनोत्री धाम के बीच पैदल मार्ग का है. उन्होंने बताया कि भीड़ 200 मीटर के दायरे में एक क्षेत्र तक ही सीमित थी. सफाई दी कि यमुनोत्री धाम की ओर जाने वाले भक्तों की एक बड़ी संख्या और भारी बारिश की स्थिति के चलते ऐसे हालात पैदा हुए.
चारों धाम खुलने के साथ ही मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया था. उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा में मौसम विभाग ने हल्की और मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई. यमुनोत्री-गंगोत्री उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित है. 13 मई को लगभग पूरे जिले में बारिश होने की संभावना जताई गई है. कहा जा रहा है कि 12 से 13 मई के बीच हवा की तीव्रता बढ़कर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा पहुंच जाएगी.
ये भी पढ़ें- बद्रीनाथ धाम के कपाट खोलने के लिए किसकी कुंडली देखी जाती है?
वहीं, केदारनाथ धाम उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, रुद्रप्रयाग में आज यानी 12 मई से 13 मई तक कहीं-कहीं बिजली चमकने और ओले गिरने की संभावना जताई गई है. उधर, बद्रीनाथ धाम जो उत्तराखंड के चमोली जिले में है. यहां भी 14 मई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
वीडियो: ये 'चार धाम प्रोजेक्ट' क्या है, जिसे हिमालय के लिए खतरनाक बताया जा रहा है












