खराब खाने को लेकर वीडियो पोस्ट करने वाले बीएसएफ जवान की पत्नी ने उन अफसरों से सवाल किया है, जिन्होंने जवान को शराबी, दिमागी तौर पर बीमार और अनुशासनहीन बताया.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने जवान तेज बहादुर यादव की पत्नी शर्मिला यादव से बातचीत की. शर्मिला यादव ने कहा, 'अगर मेरे पति दिमागी तौर पर बीमार और अनुशासनहीन हैं तो बीएसएफ ने संवेदनशील इलाकों में देश की रक्षा करने के लिए उन्हें बंदूक क्यों दी. मेरे पति की परेशानी यह है कि अपनी सर्विस की ड्यूटी के दौरान वह अन्याय बर्दाश्त नहीं कर सकते.'फोन पर हरियाणा के रेवाड़ी से बातचीत में शर्मिला ने कहा कि बीएसएफ में आने से पहले उनके पति को ट्रेनिंग पूरी करने के बाद गोल्ड मेडल मिला था. उन्होंने दावा किया कि तेज बहादुर के 20 साल के करियर में उन्हें 14 अवॉर्ड बीएसएफ ने दिए हैं. शर्मिला ने कहा, 'पहले सच बोलने के कारण बीएसएफ ने उनके पति को सजा दी थी. बीएसएफ एक अनुशासित बल है और इनमें छोटी सी गलती भी माफ नहीं की जाती. अगर उनके पति का इतना ही खराब रिकॉर्ड था तो उन्हें बॉर्डर पर क्यों रखा गया.'
होम मिनिस्ट्री ने जवान के इल्ज़ाम के बाद जांच के ऑर्डर दिए हैं, लेकिन बीएसएफ महानिदेशक डी के उपाध्याय ने कहा था, 'जवान ने पहले भी कई बार अनुशासनहीनता दिखाई है और इसके लिए उसने कोर्ट मार्शल का सामना भी किया है.'
बीएसएफ जवान ने खराब क्वालिटी वाले खाने और बीएसएफ में करप्शन की शिकायत करते हुए वीडियो अपलोड किए थे. एक वीडियो को अब तक कुल 90 लाख लोग देख चुके हैं और करीब 4.4 लाख लोग शेयर कर चुके हैं.
शर्मिला 17 साल के बेटे रोहित के साथ रहती हैं. शर्मिला का कहना है कहा कि उनके पति बीएसएफ में 5 साल और सर्विस करना चाहते हैं, लेकिन अफसरों ने उन्हें 31 जनवरी को सर्विस के 20 साल पूरा होने के बाद वॉलंटरी रिटायरमेंट लेने के लिए मजबूर किया. उनकी वीआरएस एप्लीकेशन को अप्रूव भी कर दिया गया है. शर्मिला ने बताया, 'मेरे पति ने इससे पहले भी खराब क्वॉलिटी के खाने के बारे में बताया था, लेकिन मैं उस वक्त हैरान रह गई जब उन्होंने वीडियो पोस्ट कर दिए, मैंने उनसे कहा था कि वह ऐसा करने पर मुश्किल में पड़ सकते हैं.'

तेज बहादुर बीवी शर्मिला और बेटे रोहित के साथ.
पांच भाइयों में तेज यादव सबसे छोटे हैं. उनका एक और भाई बीएसएफ जवान है, जबकि अन्य भाई गुजरात पुलिस में हैं. शर्मिला एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करती हैं और बेटे रोहित ने 12वीं का एग्जाम दिया है. और इंजिनियरिंग एग्जाम्स की तैयारी कर रहा है.
शर्मिला ने बताया कि कई लोगों ने वीडियो और फेसबुक अकाउंट की सत्यता पर सवाल उठाए, लेकिन मुझे अपने पति के अकाउंट का पासवर्ड पता है. इसके बाद मैंने लॉग इन किया और देखा कि पोस्ट फर्जी नहीं हैं.











