The Lallantop

जमीन पर ऐसी आफत देख आसमान में मंडराते रहे अखिलेश-माया

ऐसी मुसीबत से शायद ही किसी नेता का पाला पड़ा होगा.

Advertisement
post-main-image
सांड़ को भगाते समय सफाईकर्मी और एक पुलिस का जवान घायल हो गया.
कन्नौज में 25 अप्रैल को अखिलेश यादव और मायावती की रैली थी. लेकिन रैली से पहले ही अफरातफरी मच गई. रैली स्थल पर एक सांड घुस आया. उसने जमकर उत्पात मचाया. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे. पुलिस के जवानों को सांड़ हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. सांड़ ने एक सफाईकर्मी और पुलिसवाले को घायल कर दिया. इस बीच, अखिलेश और मायावती को लेकर पहुंचे हेलिकॉप्टर काफी देर तक हवा में ही मंडराते रहे. आखिर में अखिलेश यादव ने यूपी के डीजीपी को फोन करके मदद मांगी. कन्नौज से अखिलेश की पत्नी डिंपल चुनाव लड़ रही हैं. घटना के बाद समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया- अखिलेश ने कहा- 'कुछ देर पहले रैली स्थल पर सांड़ घुस आया था. मौके पर अफरातफरी मच गई. मैंने डीजीपी साहब को फोन किया. कहा कि हमारी रैली को कोई खराब करने आया है. लेकिन वह नहीं समझ पाए. फिर मैंने बताया कि सभा में सांड़ घुस आया है'. बाद में, अखिलेश यादव ने एक ट्वीट किया, 21 महीनों में हमने एक्सप्रेसवे बनाया था, लेकिन पिछले 2 सालों में जनता 5 करोड़ आवारा पशुओं से परेशान हो गई है. अगर सरकार राजनीतिक कार्यक्रमों में सांड़ को घुसने से नहीं रोक पा रही है, तो गरीब किसानों का क्या हाल हो रहा होगा यह बस वही जानते होंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली में हेलीपैड पर सांडट घुस गया था. यूपी में आवारा जानवरों की वजह से लोग परेशान हैं. यूपी के कई जिलों में किसानों की सबसे बड़ी समस्या आवारा जानवर हैं. ये फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. योगी आदित्यनाथ ने गौशाला बनवाने का आदेश दिया, बजट भी पास हुआ है. लेकिन आवारा पशुओं की समस्या अभी हल नहीं हुई है. लोगों का कहना है कि जानवरों की वजह से फसलें बर्बाद हो रही हैं. हादसे भी हो रहे हैं. अचानक सड़क पर आ जाने की वजह से  वाहन चालकों को दिक्कत होती है. आवारा जानवरों की वजह से हुए हादसों में कई लोगों की जानें जा चुकी हैं.
Video: 'गंगा की सफाई और मोदी की विदेश यात्रा से ज्यादा जरूरी गाय के लिए पेंशन की व्यवस्था करना है'

Advertisement
Advertisement