शादी के दिन सुंदर दिखने का एक अलग प्रेशर होता है. लड़कियां/लड़के महीनों पहले पार्लर जाना शुरू कर देते हैं. इसी प्रेशर में हैदराबाद के रहने वाले लक्ष्मी नारायण विंजाम भी शादी के पहले एक डेंटल क्लीनिक गए. 'स्माइल डिज़ाइनिंग' सर्जरी करवाने के लिए (Smile Designing Surgery). लेकिन बीच सर्जरी में ही वो बेहोश हो गए. और बाद में उनकी मौत हो गई. मृतक के परिवार ने क्लीनिक के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाई है.
शादी से पहले चेहरे की स्माइल बढ़ाने के लिए सर्जरी करवाई, मौत हो गई
मृतक लक्ष्मी नारायण की एक हफ़्ते पहले सगाई हुई थी और अगले महीने उनकी शादी होनी थी. इसलिए वो Smile Designing Surgery करवाना चाहते थे.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़, लक्ष्मी नारायण की एक हफ़्ते पहले सगाई हुई थी और अगले महीने उनकी शादी होनी थी. 16 फरवरी को लक्ष्मी नारायण हैदराबाद के जुबली हिल्स में FMS इंटरनेशनल डेंटल क्लीनिक गए थे. नारायण के पिता रामुलु विंजाम ने क्लीनिक पर आरोप लगाया है कि क्लीनिक ने उन्हें एनेस्थीसिया का ओवरडोज़ दिया, जिसके कारण लक्ष्मी नारायण की मौत हो गई. रामुलु विंजाम ने बताया,
“मेरे बेटे ने परिवार को सर्जरी के बारे में नहीं बताया था. बीच सर्जरी में मेरा बेटा बेहोश हो गया तो क्लीनिक ने मेरे पास फ़ोन किया. और वहां आने को कहा. हम क्लीनिक गए और उसे वहां से पास के अस्पताल ले गए. जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. मेरे बेटे को कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं थी. उसकी मौत के लिए डॉक्टर ज़िम्मेदार हैं.”
ये भी पढ़ें: आंख की सर्जरी करवा रही 84 साल की महिला को डॉक्टर ने मारे मुक्के, अब देख नहीं पातीं
NDTV से बात करते हुए जुबली हिल्स थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर वेंकटेश्वर रेड्डी ने बताया कि 16 फरवरी को दोपहर करीब 2.30 बजे लक्ष्मी नारायण क्लीनिक गए थे. उन्होंने कहा,
“शाम करीब 4.30 बजे, उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया. सर्जरी का प्रोसेस लगभग 2 घंटे चला. शाम करीब 7 बजे क्लीनिक वालों ने उनके पिता को फ़ोन कर बुलाया.”
स्टेशन हाउस ऑफिसर ने आगे कहा कि उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. क्लीनिक के ख़िलाफ़ IPC की धारा 304-A (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने क्लीनिक से सीसीटीवी सबूत इकट्ठा किए और मामले की आगे की जांच जारी है.
स्माइल डिज़ाइनिंग सर्जरी क्या है?यह एक डेंटल प्रोसीज़र है. इसमें आपकी नेचुरल स्माइल के साथ छेड़छाड़ की जाती है ताकि वो और ‘खूबसूरत’ लगे. इस कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट में दांतों की सफ़ाई भी की जाती है.
वीडियो: सेहत: कैसे की जाती है रोबोटिक सर्जरी जिसमें रोबोट्स करते हैं ऑपरेशन












