The Lallantop

विराट चाचू की सेल्फी देखी तो ये खयाल आया

कोहली भी धोनी की बेटी के लिए चॉकलेट ले जाते होंगे, या दाढ़ी गड़ाकर दिल्ली दिखाते होंगे?

Advertisement
post-main-image
Source- Instagram
विराट कोहली ने एक फोटो डाली है, धोनी की बेटी जीवा के साथ. एक बात दिमाग में आई. जैसे हम लोगों के अंकल होते थे, राजू अंकल, श्याम अंकल. पापा के साथ काम करते थे. जिनको परदे के पीछे से नमस्ते करके हम लोग अंदर भाग जाते थे. फिर वो बुलाकर चॉकलेट देते थे. वो जो हमारी यादों का हिस्सा होते हैं. पोएम ऐसे सुनते थे जैसे पहली बार सुन रहे हों, वैसे ही धोनी की बेटी के लिए विराट भी होंगे न.
इंस्टाग्राम पर फोटो डाली है विराट ने. जीवा उनका फोन लेकर किसी से बात कर रही हैं. विराट और कोहली की टकराहट जैसी बातें तो आती रहती हैं, लेकिन सोचिए इस सबके पीछे ऐसा भी तो होता होगा कि गोदी लेने से पहले विराट साक्षी से पूछ रहे हों भाभी इसने डायपर पहने हैं, सूसू तो नहीं करेगी. या दाढ़ी गड़ाते हों. दाढ़ी गड़ाकर दिल्ली दिखाते हों.
जीवा विराट को क्या बुलाती होगी? ये भी होता होगा कि किसी क्रिकेटर की गोदी में जाते ही बच्ची रोने लग जाए और सब उस पर हंसें कि ये तो बच्चे भी नहीं संभाल पाता. यही फोटो देखिए विराट ने अपना फोन जीवा को दे रखा है, फिर शायद धोनी का फोन लिया हो. उससे दो-चार फोटो ली हों, ये पसंद आई. कहा होगा भाई ब्लूटूथ से भेज दे. व्हाट्सएप से पिक्सल टूटने लगते हैं. फिर बैठकर फोटो पर फ़िल्टर लगाया होगा. फिर इंस्टाग्राम पर चढ़ा दी. अच्छा लगता है न, मैदान पर इतना अग्रेसिव खेलने वाला जब एक बच्चे के साथ क्यूट सी फोटो डाले, लगता है, दुनिया में कितना कुछ अच्छा-अच्छा बचा है.  बात कुछ नहीं , विराट चाचू की फोटो देखकर खयाल आया. मैदान के बाहर इनके भी रिश्ते तो वैसे ही होते होंगे जैसे साथ-साथ काम करने वालों के होते हैं. उनकी जिंदगी में भी तो 'धोनी-विराट के बीच कड़वाहट' वाली हेडलाइन के अलावा बहुत कुछ होता है.

Advertisement
Advertisement