The Lallantop

'तुम्हारा ख्याल रखूंगी' सुना, सब बेचकर 2000 किमी दूर मिलने चला गया, पता चला महिला नहीं AI था

जब मार्टिंस 11 अक्टूबर को बेलो होरिज़ोंटे पहुंचे, तो उन्हें अपनी गर्लफ्रेंड कहीं नहीं मिली. मार्टिंस ने टीवी मिरांटे को बताया- ‘मैं वहां एक रेडियो स्टेशन गया, जहां उन्होंने मुझसे कहा कि ये सब फर्जी खबर है, उस नाम की कोई महिला मौजूद ही नहीं है.’

Advertisement
post-main-image
अकेला रह रहा शख्स AI के चक्कर में पड़ा. (सांकेतिक तस्वीर/Courtesy: Unsplash.com)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • ब्राजील के मारान्याओ राज्य के मिस्त्री एदिमार मार्टिंस ने इंटरनेट पर बनी एक AI बॉट से मित्रता के बाद अपना सारा सामान बेचकर 2,000 किलोमीटर दूर शादी करने गए लेकिन महिला असली नहीं निकली।
  • मार्टिंस की यह घटना उस अकेलेपन के कारण हुई जिससे विश्व स्तर पर लगभग 16% लोग प्रभावित हैं, जो सामाजिक जुड़ाव की कमी और भावनात्मक सहयोग न मिल पाने का परिणाम है।
  • मार्टिंस को स्थानीय प्रशासन ने सहायता प्रदान कर उनके घर लौटने में मदद की और वह भविष्य में असली इंसान से मिलने और परिवार स्थापित करने की योजना बना रहे हैं।

World Health Organization के मुताबिक दुनियाभर में लगभग 16% लोग अकेलेपन का सामना कर रहे हैं. यही अकेलापन किसी शख्स को इस कदर घेर ले कि वो अपनी पूरी ज़िंदगी की कमाई बेचकर 2,000 किलोमीटर दूर एक ऐसी औरत से मिलने निकल पड़े जिसका असल दुनिया में कोई वजूद ही नहीं था, तो उस पर क्या बीती होगी?

Advertisement

ब्राजील की घटना है. New York Post की रिपोर्ट के मुताबिक, मारान्याओ राज्य में एदिमार मार्टिंस नाम के शख्स पेशे से मिस्त्री हैं. उम्र- 49 साल. इंटरनेट पर एक महिला से उनकी दोस्ती होती है. नाम- जेसिका ओलिविएरा. धीरे-धीरे वो उसे पसंद करने लगे. उन्होंने फाइनली डिसाइड किया कि अब सबकुछ छोड़कर जेसिका से शादी करेंगे. उन्होंने अपना सारा सामान बेच कर पैसे जुटाए. और 9 अक्टूबर को 2,000 किलोमीटर दूर बेलो होरिज़ोंटे शादी करने पहुंच गए.

लेकिन जब मार्टिंस 11 अक्टूबर को बेलो होरिज़ोंटे पहुंचे, तो उन्हें अपनी गर्लफ्रेंड कहीं नहीं मिली. मार्टिंस ने टीवी मिरांटे को बताया- ‘मैं वहां एक रेडियो स्टेशन गया, जहां उन्होंने मुझसे कहा कि ये सब फर्जी खबर है, उस नाम की कोई महिला मौजूद ही नहीं है.’

Advertisement

असल में वो जिस प्रोफाइल से बात कर रहे थे वो AI बॉट था. कोई असली औरत नहीं, बल्कि AI से बनी एक फेक प्रोफाइल.

‘प्यार’ में गच्चा खाए मार्टिंस के सारे पैसे खत्म हो गए. वो बेलो होरिज़ोंटे के सिटी हॉल माने नगर निगम पहुंचे. यहां उन्होंने एक सोशल वर्कर को बताया कि वो अकेलेपन से तंग आ चुके थे और सच्चे प्यार की तलाश में इतनी दूर आए थे. इसके बाद प्रशासन ने उन्हें घर वापस लौटने में मदद की. मार्टिंस ने टीवी मिरांटे को बताया, ‘बहुत से लोग रिश्ते की तलाश में होते हैं, इसलिए मैं भी यहां आ गया था. मुझे कभी भी शक नहीं हुआ कि किसी फेक प्रोफाइल से बात कर रहा हूं.’

उन्होंने ये भी बताया कि साल 2020 में इस अकाउंट पर उनकी नज़र पड़ी थी. New York Post की रिपोर्ट के मुताबिक टिकटॉक पर @JessicaFazendeira नाम का अकाउंट है. 3 लाख फॉलोअर्स हैं. यहां एक वीडियो पोस्ट किया गया था जिसे अब हटा दिया गया है. इसमें एक महिला ये कहते नज़र आ रही थी कि वो एक ऐसे शख्स की तलाश में है जो उसके फार्महाउस पर आकर रहे. बदले में सारा खर्च वो खुद उठाएगी. महिला ने कहा था, ‘मैं सच में तुम्हारा ख्याल रखना चाहती हूं. चाहती हूं कि तुम मेरे फार्म पर आओ और जिंदगी में कभी काम न करो.’

Advertisement

इस अकाउंट को चलाने वाले शख्स ने बताया कि वीडियो में दिख रही महिला AI है. पीड़ित ने दावा किया कि उसने मार्टिंस से कभी कोई सीधी बात नहीं की.

वीडियो में दिख रहे AI बॉट से जब इस बारे में पूछा गया तो उसने कहा- ‘मैं साफ कर देना चाहती हूं कि मैं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी हूं. मैंने इस प्रोफाइल से कभी किसी से बात नहीं की. इसका मकसद सिर्फ फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाना था.’

इस धोखे से टूटे हुए मार्टिंस फिलहाल अपने एक रिश्तेदार के पास रह रहे हैं. हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी है. कहते हैं बेलो होरिज़ोंटे दोबारा जाएंगे ताकि किसी असली इंसान से मिलकर घर बसा सकें. मार्टिंस का कहना है, ‘वो मुझे नहीं मिली तो क्या हुआ. मैं किसी और को ढूंढ लूंगा. उसी शहर में ढूंढूंगा जहां मैं गया था.’

Greek Philosopher Aristotle कह गए हैं-

‘Man is a social animal. He who lives without society is either a beast or a god.’

माने आदमी स्वभाव से अकेले रहने के लिए नहीं बना है. उसे जीवन जीने के लिए समाज की जरूरत होती है. और अगर कोई समाज से पूरी तरह अलग-थलग रह रहा है तो या वो जानवर है या भगवान.

वीडियो: भारतीय रेलवे ने एआई और प्लान बी की मदद से 255 हाथियों की जान कैसे बचाई?

Advertisement