बेंगलुरु के ACP बी रामचंद्र का वीडियो वायरल है. वजह सही समय पर दिखाई गई उनकी तेजी और इंसानियत है. दरअसल हुआ यूं कि ट्रैफिक ड्यूटी में लगे ACP के सामने एक बस ड्राइवर की तबियत खराब हो गई तो वो खुद बस चलाने लगे. यही नहीं ड्राइवर को हॉस्पिटल भी पहुंचाया.
बीच रास्ते बस ड्राइवर बेहोश, पुलिस अफसर ने बस चला किया ये काम, वीडियो वायरल!
पुलिस अधिकारी को बस चलाता देख लोग बोले-ऐसे लोग प्रतिष्ठा बचा रहे!


दरअसल, 17 और 18 जुलाई को बेंगलुरु में 26 विपक्षी दलों की महाबैठक हो रही थी. इसके कारण शहर में सड़कों पर VVIP मूवमेंट था. प्रशासन ने सड़क पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) बी रामचंद्र को ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर स्पेशल ड्यूटी पर लगा रखा था. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक 17 जुलाई की सुबह ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर एक सरकारी BMTC (राज्य ट्रांसपोर्ट) बस के ड्राइवर की तबीयत अचानक से ख़राब हो गई. ड्राइवर को बीच रास्ते मिर्गी के दौरे पड़ने लगे. जिसकी वजह से वो बेहोश हो गए. ACP ने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए पहले तो बस को चलाकर साइड किया. फिर ड्राइवर को कमांड हॉस्पिटल लेकर गए. उसके बाद उनको एम्बुलेंस से बॉरिंग हॉस्पिटल ट्रांसफर किया गया.
इसी घटना का वीडियो बनाकर शुभ लक्ष्मी नाम की यूजर ने सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. वीडियो में ACP को बस चलाते देखा जा सकता है. वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया,
लोगों का ख्याल और उनके प्रति सहानुभूति दिखाने के लिए आपका धन्यवाद. #LifeSaverCop
लोगों के प्रति सहानुभूति रखना, अपने कर्तव्यों को पूरा करना और लोगों का आदर करना ही बेंगलुरु पुलिस का उद्देश्य है. #NammaBengaluruPolice
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत करते हुए ACP ने कहा,
"हमने तुरंत ड्राइवर को एक एम्बुलेंस में बॉरिंग हॉस्पिटल में ट्रांसफर कर दिया था. और बस से ट्रैफिक की प्रॉब्लम हो रही थी. इसलिए मैंने बस को BMTC बस शेल्टर में पार्क किया. और पार्क करने से पहले मैंने बस को एक किलोमीटर से भी ज़्यादा दूर तक चलाया."
ACP के वीडियो की सोशल मीडिया पर लोग खूब तारीफ कर रहे हैं. जैसे गणेश नाम के एक यूजर ने लिखा,
“मल्टी स्किल यानि एक से ज़्यादा काम आना हमेशा मदद करता है.”
इजाज़ शरीफ नाम के यूजर ने लिखा,
“ऐसे ही कुछ पुलिसकर्मी पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा बचा रहे हैं.”
दूसरी तरफ कुछ लोगों ने इस काम की तारीफ तो कि लेकिन ACP के ड्राइविंग लाइसेंस पर सवाल भी उठाए. किच्चा अरमान नाम के यूजर ने लिखा,
“सर इंसानियत के नाम इस काम की दाद. लेकिन कानून के मुताबिक क्या उनके पास लाइसेंस है?”
आपको ACP का काम कैसा लगा हमे कॉमेंट बॉक्स में बताइए.
वीडियो: सोशल लिस्ट: दिल्ली की वायरल कैब में इतनी मुफ्त सुविधाएं कि गिनते-गिनते थक जाएंगे











